100 का लक्ष्य,सिर्फ 4 मजदूरों को काम! रोजगार योजनाओं में लापरवाही पर 7 को नोटिस

Updated:
विज्ञापन

तालझारी प्रखंड मुख्यालय | Prabhat Khabar Network

विकास योजनाओं में भारी लापरवाही! 100 मजदूरों के लक्ष्य पर केवल 4 को काम. बीडीओ ने 7 रोजगार सेवकों से 24 घंटे में मांगा जवाब.

विज्ञापन

तालझारी . प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में विकास और रोजगार योजनाओं के क्रियान्वयन में लगातार बरती जा रही लापरवाही को लेकर प्रखंड प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है . योजनाओं की समीक्षा बैठक और विभागीय निर्देशों की अनदेखी के आरोप में प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सात रोजगार सेवकों (GRS) को कारण बताओ नोटिस जारी किया है . सभी से 24 घंटे के भीतर बिंदुवार स्पष्टीकरण मांगा गया है . निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित रोजगार सेवकों के विरुद्ध उच्चाधिकारियों से दंडात्मक और अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी .

आपके शहर में

विज्ञापन

100 मजदूरों को प्रतिदिन रोजगार देने का लक्ष्य

बीडीओ की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक शुक्रवार को विभागीय स्तर पर और साप्ताहिक रूप से उप विकास आयुक्त, साहिबगंज द्वारा योजनाओं के विभिन्न इंडिकेटर्स की समीक्षा की जा रही है . प्रखंड स्तर से बार-बार निर्देश और चेतावनी दिए जाने के बावजूद संबंधित पंचायतों में योजनाओं की प्रगति अत्यंत खेदजनक और निराशाजनक पायी गयी .

प्रति पंचायत प्रतिदिन न्यूनतम 100 मजदूरों को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित है . इसके बावजूद कई पंचायतों में महज 4 से 27 मजदूरों को ही काम दिया गया . जुलाई माह में मानव दिवस सृजन की स्थिति भी कई पंचायतों में बेहद खराब रही और उपलब्धि 7 से 15 प्रतिशत तक ही सिमट गयी .

ई-केवाईसी और जियो टैगिंग में भी लापरवाही

शत-प्रतिशत ई-केवाईसी कराने के निर्देश के बावजूद दर्जनों सक्रिय श्रमिकों का सत्यापन अब तक लंबित है . वहीं, पूर्ण योजनाओं की शत-प्रतिशत आफ्टर जियो टैगिंग के लक्ष्य में भी भारी लापरवाही सामने आयी है . इन कमियों को लेकर प्रशासन ने संबंधित रोजगार सेवकों से जवाब तलब किया है .

इन सात रोजगार सेवकों को जारी हुआ नोटिस

मेरी टुडू, बाकुडी पंचायत . 100 के लक्ष्य के विरुद्ध मात्र 23 मजदूर कार्यरत पाये गये . जुलाई माह में मानव दिवस सृजन लक्ष्य का केवल 15.5 प्रतिशत यानी 108 मानव दिवस रहा . 55 श्रमिकों का ई-केवाईसी और 33 योजनाओं की जियो टैगिंग लंबित है .

मनोज कुमार दुबे, बड़ी भगियामारी पंचायत . दैनिक लक्ष्य के विरुद्ध केवल चार मजदूरों को काम दिया गया . मानव दिवस सृजन में महज सात प्रतिशत यानी 48 मानव दिवस की प्रगति रही . 49 ई-केवाईसी और 10 जियो टैगिंग लंबित पायी गयी .

अरुण कुमार उपाध्याय, भतभंगा संथाली पंचायत . मात्र 15 मजदूरों का इंगेजमेंट किया गया . 2745 के लक्ष्य के विरुद्ध सिर्फ 249 मानव दिवस यानी नौ प्रतिशत सृजन हुआ . 63 ई-केवाईसी और 21 जियो टैगिंग लंबित है .

रेणुकला, वृंदावन पंचायत . दैनिक लेबर इंगेजमेंट महज 24 रहा . 78 श्रमिकों का ई-केवाईसी और 55 योजनाओं की आफ्टर जियो टैगिंग लंबित पायी गयी .

रेणुका कुमारी रजक, कल्याणी पंचायत . मात्र 15 मजदूरों को काम मिला . मानव दिवस सृजन की उपलब्धि केवल 25.5 प्रतिशत रही . 36 ई-केवाईसी और 72 जियो टैगिंग लंबित है .

सबीना प्रवीन, मोतीझरना पंचायत . लक्ष्य के विरुद्ध केवल 27 मजदूरों का नियोजन किया गया . मानव दिवस सृजन 11.6 प्रतिशत रहा . 78 ई-केवाईसी और 57 जियो टैगिंग का कार्य लंबित पाया गया .

पंकज मोहन, सालगाछी संथाली पंचायत . मात्र 16 मजदूरों को काम दिया गया . मानव दिवस सृजन उपलब्धि केवल 24 प्रतिशत रही और 67 योजनाओं की जियो टैगिंग लंबित पायी गयी .

24 घंटे में साक्ष्य के साथ जवाब देने का निर्देश

सीओ सह बीडीओ राम सुमन प्रसाद ने कहा कि ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने और विभागीय प्राथमिकताओं को पूरा करने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी . सभी संबंधित कर्मियों को 24 घंटे के अंदर साक्ष्यों के साथ जवाब देने का निर्देश दिया गया है . निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जायेगी .


विज्ञापन
सुनील ठाकुर

लेखक के बारे में

By सुनील ठाकुर

साहिबगंज : सुनील ठाकुर वर्ष 1999 से प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने एक वर्ष तक इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए भी कार्य किया है. शिक्षा, अपराध और संताल परगना में पहाडिया जनजाति जैसे विषयों पर उनकी विशेष पकड़ रही है तथा इन मुद्दों पर लगातार रिपोर्टिंग करते रहे हैं. कला, संस्कृति एवं साहित्य में उनकी गहरी रुचि है. वर्ष 2006 से साहिबगंज में जिला संवाददाता व ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola