स्कूल में प्रधानाचार्य मिले अनुपस्थित, वेतन रोकने का निर्देश

Updated:
विज्ञापन
स्कूल में प्रधानाचार्य मिले अनुपस्थित, वेतन रोकने का निर्देश

डीसी का बोरियो प्रखंड क्षेत्र में सघन निरीक्षण, एसटी आवासीय विद्यालय में की जांच

विज्ञापन

बोरियो/ साहिबगंज

डीसी दीपक कुमार दुबे ने शनिवार को बोरियो प्रखंड अंतर्गत विभिन्न संस्थानों का सघन निरीक्षण किया. उन्होंने राजकीय अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय से शुरुआत की और विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन की गुणवत्ता तथा विद्यालय की सुविधाओं का जायजा लिया. बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और विषयों की समझ की जानकारी प्राप्त की. निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने उनका वेतन स्थगित करने और स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति पंजी, रोस्टर और अभिलेखों की जांच की. मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया तथा पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की, जहां दो चापाकल और एक बोरिंग खराब पाए गए. इसके बाद उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांझी का निरीक्षण किया. चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, दवाइयों और टीकों की उपलब्धता की स्थिति का जायजा लिया. प्रसव कक्ष, वार्डों और पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण कर सुधारात्मक कदम उठाने पर बल दिया. एएनएम ने सोलर पैनल लाइट खराब होने और पेवर ब्लॉक की आवश्यकता की जानकारी दी, जिस पर डीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.

योजनाओं की समीक्षा और सख्त निर्देश

डीसी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोरियो का भी निरीक्षण किया. आकस्मिक कक्ष, प्रयोगशाला, नेत्र जांच कक्ष, टीकाकरण कक्ष और एक्स-रे कक्ष का अवलोकन किया. उन्होंने विशेष रूप से एंटी-रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता और स्वच्छता व्यवस्था पर ध्यान केंद्रित किया. इसके बाद बोरियो प्रखंड सभागार में विभिन्न योजनाओं की और भूमि अधियाचन कार्यों की समीक्षा की. डीसी ने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करने और पारदर्शिता के साथ योजनाओं को लागू करने का निर्देश दिया. आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने पर बल दिया. बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत सचिव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

विज्ञापन
Abdhesh Singh

लेखक के बारे में

By Abdhesh Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola