गंगा के बढ़ते जलस्तर से गदाई दियारा में बाढ़, राहत लेकर पहुंचा प्रशासन

Updated:
विज्ञापन

बाढ़ राहत कैंप में पहुंचे एसडीओ | Prabhat Khabar Network

गंगा के बढ़ते जलस्तर ने गदाई दियारा पंचायत में बाढ़ की स्थिति पैदा कर दी है, जिससे स्थानीय निवासियों की परेशानियां बढ़ गई हैं. अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने प्रभावित इलाकों का दौरा कर चूड़ा, गुड़, बिस्किट और पशुओं के लिए चारा वितरित किया.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, राजमहल. गंगा के बढ़ते जलस्तर से राजमहल प्रखंड की गदाई दियारा पंचायत में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है. जलस्तर बढ़ने के साथ पंचायत के प्रभावित परिवारों की परेशानी बढ़ गई है. वहीं, बाढ़ के कारण पशुपालकों के सामने पशुओं के लिए चारे का संकट भी गहराने लगा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

सोमवार को राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने गदाई दियारा पंचायत के प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर बाढ़ के कारण उत्पन्न समस्याओं की जानकारी ली.

प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण

दौरे के दौरान एसडीओ ने प्रभावित परिवारों के बीच चूड़ा, गुड़, बिस्किट और पेयजल समेत आवश्यक राहत सामग्री का वितरण किया. इसके साथ ही पशुपालकों के बीच पशुओं के लिए चारा भी उपलब्ध कराया गया.

ग्रामीणों ने एसडीओ को बाढ़ के कारण आवागमन, पेयजल और पशुओं के चारे समेत अन्य समस्याओं से अवगत कराया. उन्होंने प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की.

अधिकारियों को लगातार निगरानी का निर्देश

एसडीओ सदानंद महतो ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. लोगों की जरूरत के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध करायी जाएगी. साथ ही पशुधन के लिए चारे की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

जलस्तर पर प्रशासन की नजर

एसडीओ ने कहा कि गंगा के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. प्रभावित क्षेत्रों में किसी तरह की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों की सुरक्षा और उन्हें जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर सभी आवश्यक कदम उठाये जा रहे हैं.

मौके पर मुखिया प्रतिनिधि संजय कुमार मंडल, राजस्व उपनिरीक्षक सेट माल्टो, अंचल अमीन अजय कुमार महतो, सुदाम मंडल, चंदन कुमार महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola