पटना में दिखेगा साहिबगंज के एथलीटों का दम, 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स के लिए खिलाड़ी रवाना
पटना के लिए रवाना हुए एथलीट.| Prabhat Khabar Network
37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए साहिबगंज के छह एथलीट पटना रवाना हुए. जिले के कुल 11 खिलाड़ियों का झारखंड टीम में चयन हुआ है.
संवाददाता, साहिबगंज: 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए साहिबगंज जिले के एथलीट सोमवार सुबह पटना के लिए रवाना हुए. प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 24 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है.
सिदो-कान्हू स्टेडियम में खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, साहिबगंज के प्रशिक्षु एमानुएल किस्कू, परमा हांसदा, चंदन रजवार, विशाल कुमार और पृथ्वी मंडल पटना के लिए रवाना हुए. वहीं डे-बोर्डिंग बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, सकरीगली के प्रशिक्षु आकाश मंडल भी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हुए.
जिले के 11 खिलाड़ियों का झारखंड टीम में चयन
जानकारी के अनुसार साहिबगंज जिले के कुल 11 प्रतिभागियों का चयन झारखंड टीम के लिए किया गया है. अन्य चयनित एथलीट अपनी-अपनी स्पर्धा की तिथि के अनुसार पटना के लिए रवाना होंगे.
खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल प्रेमियों में उत्साह है. प्रतियोगिता में एथलीटों को विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा.
पूर्वी क्षेत्र के 14 राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा
37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में देश के पूर्वी और पूर्वोत्तर क्षेत्र के विभिन्न राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं.
प्रतियोगिता में झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश तथा अंडमान-निकोबार की टीमें हिस्सा ले रही हैं.
खिलाड़ियों को दी गयी शुभकामनाएं
पटना रवाना होने वाले सभी खिलाड़ियों को जिले के अधिकारियों, खेल संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दीं.
खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने वालों में उपायुक्त दीपक कुमार दुबे, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव, सचिव माधव चंद्र घोष, कल्याण श्रीवास्तव, ओम तत्सत, कोच योगेश यादव, अशोक साहनी और निमाई चौधरी समेत जिले के खेल प्रेमी शामिल रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए