रांची में युवक की पिटाई कर रहे थे बदमाश, मदद की गुहार सुनकर भी नहीं रुकी कोतवाली पुलिस

Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 05 Jun 2026 9:11 PM

विज्ञापन

पीसीआर वैन में बैठे पुलिसकर्मी से मदद की गुहार लगाता बदमाशों से घिरा युवक. फोटो: प्रभात खबर

Ranchi News: रांची के अपर बाजार में बदमाशों ने एक युवक की हथियार के बल पर पिटाई कर दी. पीड़ित ने गुजर रही पीसीआर वैन से मदद मांगी, लेकिन पुलिस नहीं रुकी. घटना का वीडियो वायरल है. प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद आरोपी फरार हैं और कार्रवाई की मांग तेज हो गई है. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करने वाला एक मामला सामने आया है. अपर बाजार स्थित बालाजी बुटिक के पास कुछ बदमाशों ने एक युवक को हथियार के बल पर रोककर उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. हैरानी की बात यह रही कि घटना के दौरान कोतवाली थाना की पीसीआर वैन मौके के पास से गुजर रही थी, लेकिन पीड़ित की गुहार सुनने के बावजूद पुलिसकर्मी नहीं रुके और आगे बढ़ गए. यह घटना 28 मई 2026 की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है.

पुलिस को देखकर जगी उम्मीद, लेकिन मिली निराशा

किशोरगंज निवासी पीड़ित युवक महेश कुमार (35) ने बताया कि जब बदमाश उनकी पिटाई कर रहे थे, उसी दौरान कोतवाली थाना की पीसीआर वैन वहां से गुजर रही थी. पुलिस वाहन को देखकर उन्हें उम्मीद जगी कि अब उनकी जान बच जाएगी और पुलिस बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई करेगी. उन्होंने पीसीआर वैन में मौजूद पुलिसकर्मियों से मदद की गुहार लगाई, लेकिन उनकी आवाज अनसुनी कर दी गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस वाहन बिना रुके वहां से आगे निकल गया. इसके बाद बदमाशों का मनोबल और बढ़ गया तथा वे लगातार महेश कुमार के साथ मारपीट करते रहे. घटना के दौरान आसपास से कई लोग भी गुजरते रहे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप करने की कोशिश नहीं की.

वायरल हुआ घटना का वीडियो

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल फुटेज में कुछ लोग एक युवक को घेरकर मारते हुए दिखाई दे रहे हैं. वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की भूमिका को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस समय पर हस्तक्षेप करती तो घटना को रोका जा सकता था. वायरल वीडियो ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि जब पुलिस की मौजूदगी के बावजूद पीड़ित को सहायता नहीं मिली, तो आम नागरिक सुरक्षा के लिए किस पर भरोसा करें.

कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी

घटना के बाद महेश कुमार ने कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दर्ज शिकायत के अनुसार 28 मई की रात सत्येंद्र सिंह, रोहित सिंह, विशाल घोष, मोटी और ऋषभ सिंह ने हथियार के बल पर उन्हें रोका और जमकर मारपीट की. आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़ित ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने न केवल शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया बल्कि उन्हें लगातार डराने और धमकाने का भी प्रयास किया. प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.

पहले भी हो चुकी है मारपीट और छिनतई

महेश कुमार ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया है कि यह पहली बार नहीं है जब इन लोगों ने उनके साथ मारपीट की हो. उन्होंने बताया कि 8 मई 2026 को भी इन्हीं आरोपियों ने किशोरगंज इलाके में उनके साथ मारपीट की थी और उनकी चेन छीन ली थी. उस मामले में सुखदेवनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. हालांकि, पीड़ित का आरोप है कि उस मामले में भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की. कार्रवाई नहीं होने के कारण आरोपियों का मनोबल बढ़ गया और उन्होंने दोबारा इस घटना को अंजाम दिया.

कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित परिवार में नाराजगी

घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित और उनके परिवार में नाराजगी है. शुक्रवार को महेश कुमार और उनके परिजन रांची के सिटी एसपी से मिले और पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. सिटी एसपी ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर बताए जा रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: कोर्ट मैरिज के बाद जेल के शिव मंदिर में शादी कर रहे थे दूल्हा-दुल्हन, जेलर ने रुकवाई रस्म

पुलिस की भूमिका पर उठ रहे सवाल

इस पूरे घटनाक्रम ने पुलिस की संवेदनशीलता और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिस समय पीड़ित मदद के लिए पुकार रहा था, उसी समय पुलिस वाहन का वहां से गुजरना और फिर भी सहायता नहीं करना चर्चा का विषय बना हुआ है. अब लोगों की नजर पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी है. यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला और अधिक तूल पकड़ सकता है.

इसे भी पढ़ें: गुमला में भारतमाला परियोजना का विरोध तेज, 10 किमी पैदल चलकर थाना पहुंचे टाना भगत

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola