ePaper

Ranchi News : मंगल मुंडा की हालत की निगरानी के लिए टीम गठित

Updated at : 29 Nov 2024 12:39 AM (IST)
विज्ञापन
Ranchi News : मंगल मुंडा की हालत की निगरानी के लिए टीम गठित

वेंटिलेटर के पोजिशन में बदलाव करने और दवाओं को रोककर उनकी स्थिति का आकलन करने का निर्देश

विज्ञापन

रांची. रिम्स के क्रिटिकल केयर आइसीयू में भर्ती मंगल मुंडा की हालत की मॉनीटरिंग के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की गयी है. टीम में न्यूरो सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ आनंद कुमार, क्रिटिकल केयर के विभागाध्यक्ष डॉ प्रदीप भट्टाचार्या और उपाधीक्षक सह सर्जन डाॅ अजय कुमार शामिल हैं. वहीं, रिम्स निदेशक सह न्यूरो सर्जन डॉ राजकुमार ने गुरुवार को आइसीयू में भर्ती मंगल मुंडा की जांच की. इलाज कर रहे डॉक्टरों को आवश्यक निर्देश दिया. उन्होंने डॉक्टरों को वेंटिलेटर के पोजिशन में बदलाव करने और दवाओं को रोककर उनकी स्थिति का आकलन करने का निर्देश दिया. इसके अलावा शरीर का पारामीटर स्थिर होने पर सिटी स्कैन कराने को कहा. फिलहाल मंगल मुंडा का बीपी अनियंत्रित है, इसलिए सिटी स्कैन नहीं हो पा रहा है.

26 नवंबर को बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा को दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद रिम्स के न्यूरो सर्जरी विभाग में भर्ती किया गया था. बुधवार की शाम मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने रिम्स जाकर मंगल मुंडा का हाल लिया था व डॉक्टरों को आवश्यक निर्देश दिया था. इधर, रिम्स प्रबंधन को पीएमओ और स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगल मुंडा की स्थिति पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया है.

मीरा मुंडा पहुंची रिम्स, मंगल मुंडा का हाल लिया

पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अर्जुन मुंडा का पत्नी मीरा मुंडा गुरुवार को रिम्स पहुंचीं. इलाज कर रहे डॉक्टरों से मंगल मुंडा के स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली. इसके बाद मंगल मुंडा के परिजनों से भी मिलीं.

भाजपा विधायकों ने मंगल मुंडा के स्वास्थ्य की ली जानकारी

रांची. भाजपा विधायक सीपी सिंह व नवीन जायसवाल गुरुवार को रिम्स पहुंच कर भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा के स्वास्थ्य की जानकारी ली. डॉक्टरों ने बताया कि अभी मंगल मुंडा को स्टेबल करने का प्रयास किया जा रहा है. पिछले दिनों मंगल मुंडा दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गये थे. नेताद्वय ने उनके जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना की. कहा कि उनकी बेहतरी के लिए भाजपा हर संभव प्रयास जारी रखेगी. पार्टी के दोनों नेताओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी मंगल मुंडा के स्वास्थ्य एवं इलाज की जानकारी ली.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola