दो लाख के लिए कलियुगी बेटे ने बाप को कुदाल से हमलाकर मार डाला, हो गया गिरफ्तार

Updated at : 08 Apr 2026 8:58 PM (IST)
विज्ञापन
Ranchi News

रांची में दिल दहला देने वाली घटना.

Ranchi News: रांची में दो लाख रुपये के विवाद में बेटे ने कुदाल से हमला कर अपने पिता की हत्या कर दी. एयरपोर्ट थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

रांची से अमन तिवारी की रिपोर्ट

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने मामूली पैसों के विवाद में अपने ही पिता की निर्मम हत्या कर दी. एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के हराटांड़ निवासी गोविंद साहू की हत्या उनके पुत्र कमल साहू ने कुदाल से हमला कर दी. इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है.

पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी कमल साहू को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. जांच के दौरान हत्या में प्रयुक्त कुदाल भी घर से बरामद कर ली गई है. मामले को लेकर मृतक के दूसरे पुत्र विमल साहू ने अपने भाई के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है.

रात दो बजे शुरू हुआ विवाद

विमल साहू के अनुसार, घटना सात अप्रैल की देर रात करीब दो बजे की है. अचानक घर में हल्ला-गुल्ला सुनकर वह जागे. बाहर निकलने पर देखा कि उनकी मां चिल्ला रही थीं और पिता के कमरे का सामान बाहर फेंका हुआ था. इस दौरान उन्होंने देखा कि उनका छोटा भाई कमल साहू कमरे का दरवाजा बंद कर अपने पिता के साथ मारपीट कर रहा था. जब विमल ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें भी कुदाल लेकर मारने के लिए दौड़ा लिया, जिससे वह डरकर पीछे हट गए.

दरवाजा खुलने पर सामने आया खौफनाक मंजर

इसके बाद विमल साहू ने अपने बड़े भाई तुलसी साहू को सूचना दी. दोनों भाइयों ने मिलकर दोबारा दरवाजा खोलने का प्रयास किया. जब दरवाजा खुला, तो अंदर का दृश्य बेहद भयावह था. कमल साहू के हाथ में कुदाल थी और गोविंद साहू अचेत अवस्था में दरवाजे के पास गिरे हुए थे. उनके सिर पर गहरे जख्म के निशान थे, जिससे साफ था कि उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया है.

अस्पताल ले जाने पर हुई मौत की पुष्टि

घटना के बाद परिजनों ने किसी तरह आरोपी को काबू में किया और घायल गोविंद साहू को इलाज के लिए पहले नारायणी अस्पताल ले जाया गया. वहां भर्ती नहीं लेने पर उन्हें गुरूनानक अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस खबर से पूरे परिवार में मातम छा गया.

दो लाख रुपये बना हत्या की वजह

पुलिस जांच और परिजनों के बयान के अनुसार, इस हत्या के पीछे पैसों का विवाद मुख्य कारण है. बताया गया कि कुछ दिन पहले मृतक की बेटी सुनीता देवी ने अपने पिता को दो लाख रुपये सुरक्षित रखने के लिए दिए थे. इसी रकम को पाने के लिए कमल साहू अपने माता-पिता से लगातार विवाद कर रहा था. अंततः इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और बेटे ने अपने ही पिता की जान ले ली.

इसे भी पढ़ें: दक्षिण अफ्रीका में नौकरी दिलाने के नाम पर 9.50 लाख की ठगी, थाने में केस दर्ज

समाज के लिए चेतावनी बनी घटना

यह घटना न सिर्फ एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि समाज के लिए भी एक चेतावनी है कि किस तरह मामूली आर्थिक विवाद रिश्तों को खत्म कर सकते हैं. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दुख का माहौल है.

इसे भी पढ़ें: लापता पुष्पा के मामले में जिला परिषद उपाध्यक्ष आईं आगे, बोकारो पुलिस पर पीड़ित परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola