RU में फिर बदला Rural Development कोर्स का ठिकाना, अब Anthropology विभाग में 2 सितंबर से शुरू होगी पढ़ाई

Updated:
विज्ञापन

रांची विश्वविद्यालय

रांची विश्वविद्यालय ने रूरल डेवलपमेंट कोर्स के संचालन स्थल में बदलाव किया है. अब कक्षाएं पीजी मानवशास्त्र विभाग में 2 सितंबर से शुरू होंगी। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें.

विज्ञापन

रांची: रांची विश्वविद्यालय में रूरल डेवलपमेंट (आरडी) कोर्स के संचालन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक बार फिर अपना निर्णय बदल दिया है. अब इस कोर्स की कक्षाएं पीजी मानवशास्त्र विभाग के दो कक्षा रूम में संचालित होंगी. इससे पहले आइएमएस और फिर पीजी समाजशास्त्र विभाग में कक्षाएं चलाने का निर्णय लिया गया था. लगातार बदलाव के कारण कोर्स में नामांकन लेने वाले विद्यार्थी अब तक कक्षाएं शुरू होने का इंतजार कर रहे थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

विश्वविद्यालय प्रशासन के ताजा आदेश के अनुसार दो सितंबर से आरडी कोर्स की नियमित कक्षाएं शुरू कर दी जायेंगी. कोर्स में इस सत्र में 16 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया है. कक्षाएं शुरू नहीं होने के कारण विद्यार्थियों के साथ-साथ कोर्स से जुड़े फेकल्टी और कर्मचारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.

समाजशास्त्र के अध्यक्ष ही रहेंगे कोर्स निदेशक

आरडी कोर्स का संचालन भले ही पीजी मानवशास्त्र विभाग में होगा, लेकिन कोर्स के निदेशक पीजी समाजशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ विनोद नारायण ही रहेंगे. वहीं डॉ दीपाली डुंगडुंग को कोर्स को-ऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी दी गयी है.

पीजी समाजशास्त्र विभाग में कमरों की कमी को देखते हुए कुलपति प्रो सरोज शर्मा ने आरडी कोर्स की कक्षाएं पीजी मानवशास्त्र विभाग में संचालित करने का निर्देश दिया है. इसके बाद विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर वोकेशनल स्टडीज (सीवीएस) की प्रभारी निदेशक डॉ स्मृति सिंह ने कक्षा संचालन से संबंधित पत्र जारी कर दिया.

यह भी पढ़ें: Swine Flu Alert: रांची में एक दिन में 3 नये केस, दो मासूम वेंटिलेटर पर; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

विद्यार्थियों और फेकल्टी की शिकायत के बाद हुई पहल

आरडी कोर्स की कक्षाएं शुरू नहीं होने को लेकर वोकेशनल कोर्स से जुड़े शिक्षक, आरडी कोर्स के फेकल्टी और कर्मचारी कुलपति से मिले थे. उन्होंने कुलपति को बताया कि विद्यार्थियों का नामांकन पूरा हो चुका है, लेकिन अब तक नियमित कक्षाएं शुरू नहीं हो पायी हैं.

मामले की जानकारी मिलने के बाद कुलपति ने पीजी समाजशास्त्र विभाग के अध्यक्ष डॉ विनोद नारायण और सीवीएस की प्रभारी निदेशक डॉ स्मृति सिंह को तत्काल कक्षाएं शुरू कराने का निर्देश दिया. इसके बाद कक्षा संचालन के लिए पीजी मानवशास्त्र विभाग का चयन किया गया.

कुलपति से मिलने वालों में डॉ अटल पांडेय, अवधेश ठाकुर, शिरीन गुल, रामपुकार और अभिषेक बनर्जी समेत अन्य शामिल थे.

पहले मानवशास्त्र विभाग में ही चल रहा था कोर्स

आरडी कोर्स के संचालन को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन का निर्णय इससे पहले भी बदला जा चुका है. खास बात यह है कि कोर्स की शुरुआत में कक्षाएं पीजी मानवशास्त्र विभाग में ही संचालित होती थीं. बाद में इसे आइएमएस और फिर पीजी समाजशास्त्र विभाग में संचालित करने की योजना बनी.

अब एक बार फिर विश्वविद्यालय प्रशासन ने कक्षा संचालन के लिए पीजी मानवशास्त्र विभाग को चुना है. दो सितंबर से कक्षाएं शुरू होने के बाद विद्यार्थियों की पढ़ाई नियमित रूप से संचालित होने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: चेंबर चुनाव में पहली बार 86 प्रत्याशी मैदान में, दो नामांकन रद्द; 3 सितंबर को फाइनल सूची

16 विद्यार्थियों ने लिया है नामांकन

रूरल डेवलपमेंट कोर्स में इस सत्र में कुल 16 विद्यार्थियों ने नामांकन लिया है. नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कक्षाएं शुरू नहीं होने से विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई थी. अब विश्वविद्यालय प्रशासन के नये आदेश के बाद विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है.

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि विभाग में उपलब्ध संसाधनों और कक्षा-कक्ष की स्थिति को देखते हुए फिलहाल पीजी मानवशास्त्र विभाग में आरडी कोर्स की कक्षाएं संचालित की जायेंगी. कोर्स के निदेशक और को-ऑर्डिनेटर पूर्ववत अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे.

यह भी पढ़ें: मुरी में उफनाई स्वर्णरेखा नदी, 4.35 मीटर बढ़ा जलस्तर; डेंजर लेवल से अभी नीचे

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola