रांची स्टेशन पर बनेगा 50 फीट ऊंचा पंडाल, वामन अवतार और बलि की कथा होगी खास
रांची रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा समिति इस साल असुर राज बलि और वामन अवतार के प्रसंग पर आधारित भव्य पंडाल बना रही है। जानें इसकी खासियत और आकर्षण।
रांची. रांची रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा समिति की ओर से इस वर्ष असुरराज महाबली बलि और वामन अवतार के प्रसंग पर आधारित पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है. पंडाल में दिखाया जायेगा कि महाराज बलि ने तीन पग जमीन देने का अपना वादा निभाया था. इसके फलस्वरूप उन्हें भगवान का आशीर्वाद मिला कि वर्ष में एक दिन उनकी याद में ओणम का त्योहार मनाया जायेगा.
पंडाल में 20 फीट ऊंची वामन अवतार की प्रतिमा बनायी जा रही है. इसे इस तरह तैयार किया जा रहा है कि देखने पर भगवान को महाराजा बलि के सिर पर पैर रखते हुए दिखाया जायेगा. बलि की प्रतिमा आठ फीट ऊंची होगी.
पंडाल में बनेगा 10 फीट ऊंचा पाताल लोक
पंडाल के अंदर 10 फीट ऊंचे पाताल लोक का निर्माण किया जायेगा. इसे कुएं के आकार में तैयार किया जा रहा है. भक्तों के वहां से गुजरने पर ऐसा दृश्य दिखेगा, मानो भगवान का पैर पाताल लोक में जा रहा हो. इसे शीशे के माध्यम से प्रदर्शित किया जायेगा.
पंडाल के चारों ओर ओणम से संबंधित लोहे से बनी चार नावें लगायी जायेंगी. प्रत्येक नाव के ऊपर 10-10 प्रतिमाएं रहेंगी, जिनमें ओणम पर्व मनाते हुए लोगों को दिखाया जायेगा.
छतरी के आकार का होगा मुख्य प्रवेश द्वार
पंडाल का मुख्य प्रवेश द्वार वामन अवतार की छतरी के आकार का होगा. 50 फीट ऊंचे पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की जायेगी. पंडाल के बाहरी हिस्से में भगवान विष्णु के 10 अवतारों को लोहे की आकृतियों के माध्यम से प्रदर्शित किया जायेगा.
पंडाल के अंदर 20 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा आकर्षण का केंद्र होगी. प्रतिमा को केरल की तर्ज पर सजाया जायेगा. वहीं, पंडाल के अंदरूनी हिस्से को पद्मनाभस्वामी मंदिर की तर्ज पर सजाने की तैयारी है.
10 फीट ऊंचा हाथी भी होगा आकर्षण
पंडाल में 10 फीट ऊंचे हाथी की आकृति भी आकर्षण का केंद्र होगी. समिति के अध्यक्ष मुनचुन राय ने बताया कि पंडाल निर्माण में करीब 50 लाख रुपये खर्च होंगे. उन्होंने बताया कि यहां वर्ष 1947 से दुर्गा पूजा का आयोजन होता आ रहा है. पंडाल 21 अक्तूबर तक श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा. 22 अक्तूबर को प्रतिमा का विसर्जन किया जायेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए