रविवार से शुरू होगा मलमास, 15 जून तक नहीं होंगे मांगलिक कार्य
Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 16 May 2026 6:28 PM
प्रतीकात्मक तस्वीर
Ranchi News: 17 मई 2026 से पुरुषोत्तम मास यानी मलमास शुरू हो रहा है. 15 जून तक विवाह, गृह प्रवेश समेत सभी मांगलिक कार्य बंद रहेंगे. इस दौरान गंगा दशहरा, पुरुषोत्तम एकादशी, सोमवती अमावस्या और कई महत्वपूर्ण धार्मिक व्रत-त्योहार मनाए जाएंगे. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
रांची से राजकुमार लाल की रिपोर्ट
Ranchi News: सनातन धर्म में विशेष महत्व रखने वाला पुरुषोत्तम मास यानी मलमास 17 मई 2026 दिन रविवार से शुरू हो रहा है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मलमास के दौरान विवाह, गृह प्रवेश, मुंडन और अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं. यह विशेष मास 15 जून तक रहेगा और 16 जून से फिर से शुभ कार्यों की शुरुआत हो सकेगी.
अधिक ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष रहेगा पूरे 15 दिनों का
इस बार अधिक ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष में किसी भी तिथि का क्षय नहीं हो रहा है. इस कारण यह पक्ष पूरे 15 दिनों का रहेगा. 18 मई 2026 को चंद्र दर्शन होगा. इसी दिन से दशमी तिथि तक काशी के दशाश्वमेध तीर्थ में विशेष स्नान की परंपरा शुरू होगी. 20 मई 2026 को गणेश चतुर्थी व्रत रखा जाएगा. वहीं 26 मई 2026 को हस्त नक्षत्र में गंगा दशहरा मनाया जाएगा. इस दिन गंगा स्नान और दान का विशेष महत्व माना गया है. खास बात यह है कि इस वर्ष गंगा दशहरा दो बार मनाया जाएगा, क्योंकि यह अधिक मास में भी पड़ रहा है.
पुरुषोत्तम एकादशी और प्रदोष व्रत का महत्व
27 मई को पुरुषोत्तम एकादशी व्रत रखा जाएगा. इसके अगले दिन 28 मई को एकादशी व्रत का पारण और प्रदोष व्रत किया जाएगा. 30 मई को व्रत पूर्णिमा और 31 मई को स्नान-दान की पूर्णिमा मनाई जाएगी. 31 मई को दोपहर 1:02 बजे तक पूर्णिमा तिथि रहेगी, जिसके बाद प्रतिपदा तिथि शुरू हो जाएगी. धार्मिक दृष्टि से पूर्णिमा और स्नान-दान का इस दिन विशेष महत्व माना गया है.
1 जून से शुरू होगा कृष्ण पक्ष
अधिक ज्येष्ठ मास का कृष्ण पक्ष 1 जून से शुरू होकर 15 जून तक चलेगा. 1 जून को दोपहर 3:03 बजे तक प्रतिपदा तिथि रहेगी. यह पक्ष भी पूरे 15 दिनों का होगा. 4 जून को संकष्टी गणेश चतुर्थी व्रत रखा जाएगा. 11 जून को पुरुषोत्तम एकादशी व्रत होगा. इसके बाद 12 जून को प्रदोष व्रत और 13 जून को मासिक शिवरात्रि व्रत मनाया जाएगा.
सोमवती अमावस्या का विशेष महत्व
14 जून को श्रद्धा की अमावस्या होगी, जबकि 15 जून को स्नान-दान की सोमवती अमावस्या मनाई जाएगी. ज्योतिषाचार्यों के अनुसार 15 जून को सुबह 8:45 बजे तक अमावस्या तिथि रहेगी. उदयकाल में अमावस्या तिथि मिलने के कारण इस दिन स्नान और दान का विशेष पुण्य फल प्राप्त होगा. इसी दिन पुरुषोत्तम मास का समापन भी हो जाएगा. इसके बाद विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें: चांडिल के सिंहभूम कॉलेज से होम साइंस और सोशियोलॉजी विभाग बंद, छात्रों ने सौंपा ज्ञापन
16 जून से शुरू होगा शुद्ध ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष
16 जून से शुद्ध ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष प्रारंभ होगा. इस पक्ष में द्वितीया तिथि का क्षय होने के कारण यह पक्ष 14 दिनों का रहेगा. इसका समापन 29 जून को होगा. 29 जून को स्नान-दान और व्रत पूर्णिमा के साथ दक्षिण भारतीय महिलाओं द्वारा वट सावित्री व्रत की पूजा भी की जाएगी. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन विवाहित महिलाएं पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं.
इसे भी पढ़ें: रामगढ़ के नए एसपी से मिले चैंबर के पदाधिकारी, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर हुई बात
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










