धनबाद भू-धंसान पर भाजपा का हमला, प्रतुल बोले- अवैध खनन से गयी तीन ग्रामीणों की जान
धनबाद में भू-धंसान से हुई मौतों पर भाजपा ने हेमंत सरकार को घेरा। इसे राज्य पोषित अवैध खनन का परिणाम बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
रांची. प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने धनबाद में भू-धंसान के दौरान तीन ग्रामीणों की मौत को लेकर हेमंत सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने घटना को केवल हादसा मानने के बजाय इसे राज्य पोषित अवैध खनन का परिणाम बताया. उन्होंने कहा कि पिछले सात वर्षों में अवैध खनन के दौरान चाल धंसने से कई दर्जन लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन सरकार और प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं.
एक साल पहले भी हुई थी सात कर्मियों की मौत
प्रतुल शाहदेव ने कहा कि इसी स्थान पर सितंबर 2025 में सर्विस वैन पलटने से सात कर्मियों की मौत हुई थी. उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बावजूद बंद प्रोजेक्ट में दोबारा अवैध खनन शुरू हो गया, जिसके कारण अब तीन और लोगों की जान चली गयी.
एमएमडीआर एक्ट को लेकर भी सरकार पर आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन सरकार एमएमडीआर एक्ट का विरोध इसलिए कर रही है, क्योंकि इसमें अवैध खनन के खिलाफ कड़े प्रावधान हैं. उन्होंने कहा कि सरकार अवैध खनन में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई नहीं कर रही है और कोल इंडिया की अनुषंगी इकाइयों से अधिक अवैध खनन का खेल चल रहा है.
भाजपा ने घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने और अवैध खनन में शामिल लोगों के साथ उनके कथित राजनीतिक संरक्षकों पर कार्रवाई की मांग की है. प्रतुल शाहदेव ने चेतावनी दी कि अवैध खनन पर रोक नहीं लगी, तो भाजपा आंदोलन करेगी.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए