JPSC Student Protest: छात्रों के आंदोलन पर बोले राधाकृष्ण किशोर, सरकार पर रखें भरोसा

Updated:
विज्ञापन

झारखंंड के संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर. फोटो: प्रभात खबर

झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े विवादों को लेकर छात्रों का आंदोलन जारी है. इस बीच, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा है कि राज्य सरकार छात्रों की भावनाओं के साथ खड़ी है और दोषियों पर कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने छात्रों से सरकार पर भरोसा रखने की अपील की है.

विज्ञापन


रांची से नवीन शर्मा की रिपोर्ट

JPSC Student Protest: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े विवादों को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है. आंदोलन के 12वें दिन संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने प्रभात खबर डिजिटल से बातचीत में कहा कि राज्य सरकार छात्रों की भावनाओं और संवेदनाओं के साथ खड़ी है. उन्होंने छात्रों से सरकार पर भरोसा रखने की अपील करते हुए कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी समझती है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है. उन्होंने विश्वास दिलाया कि जांच का सार्थक परिणाम सामने आएगा और छात्रों के हितों की रक्षा की जाएगी.

सरकार छात्रों के साथ, कार्रवाई हमारी जिम्मेदारी

राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि झारखंड में सरकार की जिम्मेदारी है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए और दोषियों पर कार्रवाई करे. उन्होंने कहा कि दिल्ली के आंदोलन और झारखंड की स्थिति में अंतर है. दिल्ली में कांग्रेस विपक्ष में थी, इसलिए वहां छात्रों के समर्थन में खड़ी हुई. लेकिन झारखंड में कांग्रेस सरकार का हिस्सा है, इसलिए यहां केवल समर्थन देना नहीं, बल्कि कार्रवाई करना सरकार की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा, "यहां जो कुछ भी हो रहा है, उसकी जिम्मेदारी हमारी है. सरकार छात्रों की संवेदनाओं और भावनाओं के साथ है. छात्र सरकार पर भरोसा रखें. उन्हें न्याय मिलेगा."


जयराम महतो के प्रस्ताव पर सीधी टिप्पणी से बचते रहे

सर्वदलीय बैठक में जयराम महतो की ओर से संसदीय कार्य मंत्री के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल को छात्रों से मिलने भेजने का प्रस्ताव रखा गया था. इस सवाल पर राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि यह जयराम महतो का प्रस्ताव था. अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को लेना है. उन्होंने कहा कि वह इस विषय पर मुख्यमंत्री की ओर से कोई टिप्पणी नहीं कर सकते. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि मुख्यमंत्री को लगता है कि प्रतिनिधिमंडल भेजने से आंदोलन का समाधान निकल सकता है, तो वह उचित निर्णय लेंगे.

सीआईडी जांच जारी, कई स्तरों पर हो रही कार्रवाई

वित्त मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले ही पूरे मामले की जांच सीआईडी को सौंप चुके हैं. जांच एजेंसियां लगातार काम कर रही हैं और कई स्तरों पर कार्रवाई भी की जा रही है. उन्होंने छात्रों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ा समय दें, "दूध का दूध और पानी का पानी" सबके सामने आ जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार केवल जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी कदम उठा रही है.

कांग्रेस भी समाधान चाहती है

राधाकृष्ण किशोर ने बताया कि कांग्रेस इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के. राजू ने चार दिन पहले ही पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर छात्रों के हितों की रक्षा के लिए जिम्मेदारियां तय की थीं. इसी के तहत कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल भी आंदोलनरत छात्रों से मिलने पहुंचा था. उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य मुख्यमंत्री से बातचीत कर ऐसा समाधान निकालना है, जिससे छात्रों के भविष्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े.

प्रतिनिधिमंडल से ज्यादा जरूरी समाधान

छात्रों से मिलने के लिए सरकारी प्रतिनिधिमंडल भेजने के सवाल पर राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि उनकी नजर में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा प्रतिनिधिमंडल नहीं, बल्कि छात्रों की समस्याओं का समाधान है. उन्होंने कहा कि यदि गड़बड़ियां हुई हैं तो उन्हें दूर करना और छात्रों को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है. उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) जैसे संस्थानों में भविष्य में ऐसे सक्षम और निष्पक्ष अधिकारियों की नियुक्ति होनी चाहिए, ताकि इस तरह की शिकायतें दोबारा सामने न आएं.

गड़बड़ियां हुई हैं, तभी जांच और गिरफ्तारियां हो रही हैं

जब उनसे पूछा गया कि क्या सरकार मानती है कि परीक्षाओं में गड़बड़ियां हुई हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि इसमें अलग से मानने या न मानने का सवाल ही नहीं है. उन्होंने कहा कि जांच चल रही है, गिरफ्तारियां हो रही हैं और कार्रवाई आगे बढ़ रही है. यह अपने आप में स्पष्ट संकेत है कि पूरे मामले की गंभीरता को सरकार ने स्वीकार किया है और उसी आधार पर कार्रवाई भी जारी है.

इसे भी पढ़ें: JPSC Student Protest: सीएम हाउस से छात्रों को आया संदेश, पांच लोगों के प्रतिनिधि से बात करेगी सरकार

'छात्र हमारे अपने हैं, न्याय जरूर मिलेगा'

बातचीत के अंत में राधाकृष्ण किशोर ने छात्रों से आंदोलन को शांतिपूर्ण बनाए रखने की अपील की. उन्होंने कहा कि छात्र राज्य के बेटे और भाई समान हैं तथा सरकार उनके भविष्य को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है. उन्होंने दोहराया कि सरकार किसी भी निर्दोष छात्र के साथ अन्याय नहीं होने देगी. उन्होंने विश्वास जताया कि चल रही जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी होगी और उसके आधार पर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी, जबकि छात्रों को न्याय दिलाने के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाएगी.

इसे भी पढ़ें: JPSC Student Protest: छात्रों के आंदोलन पर जयराम महतो का ऐलान, बोले- जरूरत पड़ी तो खुद अनशन पर बैठूंगा


विज्ञापन
कुमार विश्वत सेन

लेखक के बारे में

By कुमार विश्वत सेन

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola