झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा की बैठक में उठीं 8 मांगें, अक्टूबर में होगी राज्यस्तरीय संगोष्ठी
झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा में शामिल विभिन्न संगठनों के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी.
रांची में झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा की बैठक में शिक्षकों की लंबित समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर चर्चा हुई. अक्टूबर में राज्यस्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा.
JSJTF Meeting: झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा स्थित भारतीय मजदूर संघ कार्यालय में झारखंड प्रदेश संयुक्त शिक्षक मोर्चा (JSJTF) की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश संयोजक मंगलेश्वर उरांव की अध्यक्षता में आयोजित हुई. बैठक में राज्य की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. साथ ही कई महत्वपूर्ण मांगों को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाने का निर्णय लिया गया. बैठक में यह भी तय हुआ कि शिक्षा और शिक्षक हित के मुद्दों को लेकर अक्टूबर महीने में रांची में राज्यस्तरीय शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी.
कई शिक्षक संगठनों के प्रतिनिधि हुए शामिल
बैठक में JSJTF से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया. इनमें राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, झारखंड राज्य उर्दू शिक्षक संघ, झारखंड प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ, झारखंड स्टेट प्राइमरी टीचर्स एसोसिएशन तथा राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ (+2 संवर्ग) के प्रतिनिधि शामिल रहे. सभी संगठनों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और शिक्षकों के अधिकारों की रक्षा के लिए साझा रणनीति पर चर्चा की.
विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग
बैठक में सबसे प्रमुख मुद्दा विद्यालयों में शिक्षकों की कमी का रहा. मोर्चा ने मांग की कि सभी स्कूलों में विषयवार पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की जाए. एकल शिक्षक वाले विद्यालयों में तत्काल अतिरिक्त शिक्षक उपलब्ध कराए जाएं ताकि पढ़ाई बाधित न हो. आवश्यकता के अनुसार घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति करने पर भी जोर दिया गया, जिससे विद्यार्थियों की नियमित पढ़ाई प्रभावित न हो.
गैर-शैक्षणिक कार्यों से मिले शिक्षकों को राहत
शिक्षक मोर्चा ने कहा कि शिक्षकों का मुख्य कार्य पढ़ाना है, इसलिए उन्हें गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त किया जाना चाहिए. बैठक में MACP का लाभ देने, छठे वेतन आयोग के अनुरूप उत्क्रमित वेतनमान लागू करने तथा वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए विशेष टीईटी परीक्षा आयोजित करने की मांग भी उठाई गई.
विकास मद और कुकिंग कॉस्ट बढ़ाने पर जोर
मोर्चा ने विद्यालय विकास मद और कुकिंग कॉस्ट की लंबित राशि जल्द जारी करने की मांग की. साथ ही कहा कि वर्तमान बाजार मूल्य को देखते हुए कुकिंग कॉस्ट में वृद्धि की जानी चाहिए, ताकि विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था प्रभावित न हो. बैठक में वित्तीय और सामाजिक अंकेक्षण के नाम पर शिक्षकों के कथित आर्थिक भयादोहन पर रोक लगाने की भी मांग की गई. प्रतिनिधियों ने कहा कि पारदर्शिता आवश्यक है, लेकिन शिक्षकों को अनावश्यक दबाव और परेशानियों से बचाया जाना चाहिए.
शिक्षा विभाग में मंत्री नियुक्त करने की मांग
बैठक में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग में लंबे समय से रिक्त मंत्री पद का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया. मोर्चा ने सरकार से मांग की कि विभाग में जल्द योग्य मंत्री की नियुक्ति की जाए, ताकि शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय समय पर लिए जा सकें और लंबित मामलों का समाधान हो सके.
दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू को दी श्रद्धांजलि
बैठक के दौरान दिवंगत उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया. उपस्थित सभी सदस्यों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया.
इसे भी पढ़ें: तीज और गणेश चतुर्थी के दिन मेदिनीनगर के आसमान में दिखा अद्भुत नजारा, देखने के लिए उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
अक्टूबर में होगी राज्यस्तरीय शिक्षक संगोष्ठी
बैठक के अंत में निर्णय लिया गया कि शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों के हित से जुड़े मुद्दों को व्यापक स्तर पर उठाने के लिए अक्टूबर महीने में रांची में राज्यस्तरीय शिक्षक संगोष्ठी आयोजित की जाएगी. इसमें पूरे राज्य से शिक्षक प्रतिनिधि शामिल होंगे और भविष्य की रणनीति तय की जाएगी. बैठक में प्रदेश संयोजक विजय बहादुर सिंह, अमीन अहमद, मंगलेश्वर उरांव, डॉ. सुधांशु कुमार सिंह, प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार दास, मुमताज अहमद, अंजय अग्रवाल, संजय कुमार राय, रामकुमार साहू, जीवन नाथ तिवारी, सुभाष कुमार, लक्ष्मी नारायण तिवारी, राम कुमार झा, धर्मदेव प्रसाद, गणेश चंद्र शुक्ला, पंकज कुमार और राकेश कुमार श्रीवास्तव सहित रामगढ़, गुमला, लोहरदगा और रांची के शिक्षक प्रतिनिधि मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: JFTA के मंच पर गूंजा 'भ्रष्टाचार का अचार', पूर्व छात्र आयुष्मान ने छात्रों संग बांटा सफलता का सफर
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए