Jharkhand Breaking News LIVE: धनबाद में व्यवसायी शिवकुमार यादव से दो लाख की छिनतई, जांच में जुटी पुलिस
Jharkhand Breaking News: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
धनबाद में व्यवसायी शिवकुमार यादव से दो लाख की छिनतई, जांच में जुटी पुलिस
धनबाद: बाजार समिति बरवाड़ा के व्यवसायी शिवकुमार यादव से जोड़ा फाटक रोड में 2 लाख की छिनतई की गयी है. मामले की छानबीन के लिए बैंक मोड़ एवं धनसर थाना की पुलिस दलबल के साथ पहुंचकर छानबीन में जुटी है. मौके पर बाजार समिति चेंबर के पदाधिकारीगण पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
झारखंड चेंबर की रेलवे उपसमिति ने ट्रेनों में सफाई व्यवस्था पर जताया असंतोष
रांची: झारखंड चेंबर की रेलवे उपसमिति की बैठक चेंबर भवन में हुई. इसमें सदस्यों ने रांची रेलमंडल में परिचालित ट्रेनों में साफ-सफाई की व्यवस्था पर नाराजगी जताई. चेंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि रांची-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में कोच व शौचालय की सफाई व्यवस्था व यात्रियों को गंदे बेडरोल मिलने की शिकायतें नियमित रूप से हमारे संज्ञान में आ रही है. ट्रेन में सफर करनेवाले यात्रियों के द्वारा सोशल मीडिया पर इसकी शिकायतें भी की जाती हैं, लेकिन चिंतनीय है कि इस दिशा में रांची रेल प्रशासन द्वारा अब तक कोई गंभीर कार्रवाई नहीं की गई है. रेल प्रशासन को इसकी समीक्षा करनी चाहिए.
रांची से 18 यात्रियों का जत्था पाकिस्तान रवाना, 25 दिसंबर को लौटेगा भारत
रांची: समाज सेवी अमित सिंह चंदेल ने शॉल एवं धर्म ध्वज देकर जत्थे को रवाना किया. नि:शुल्क चिकित्सा उपकरण बैंक कैलाश की करुणा रांची के संस्थापक कैलाशी अरविन्द सिंह कौशल के नेतृत्व में 18 यात्रियों का जत्था पाकिस्तान रवाना हुआ. पूरे भारत वर्ष से 66 दर्शनार्थी को वीजा मिला है. इसमें रांची से 18 दर्शनार्थी हैं. जत्था अमृतसर होते हुए 19 दिसंबर को अटारी वॉडर से पाकिस्तान जाएगा. जत्था चकवाल स्थित अमरकुण्ड में स्नान एवं कटासराज जी के अभिषेक, रामचन्द्र के सुपुत्र महाराज लव की समाधि, राधा कृष्ण मंदिर दर्शन कर 25 दिसंबर को भारत वापसी करेगा. जत्थे का नेतृत्व करनेवाले कैलाशी अरविन्द सिंह कौशल के साथ ईंदू सिंह, राजेश कुमार, पूजा देवी, परशुराम सिंह, अशोक कुमार सिंह, पिंकी सिंह, शिव पूजन महतो, पुजा कुमारी, राजेन्द्र झा, सिता देवी, संजय कुमार शाहा, लक्ष्मी शाहा, जयश्री कुमारी, पुष्पलता कुमारी, शीला देवी, धर्मेन्द्र पाठक, संतोष गुप्ता सहित 18 शिव भक्त शामिल हैं.
गिरिडीह में सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत, मौके पर पहुंची पुलिस
गिरिडीह, मृणाल कुमार: साबुन लदी पिकअप वैन खजूर के पेड़ से टकरा गयी. इससे तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. ये घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कसियोडीह-कुरुमडीहा के समीप की है. घटनास्थल पर पुलिस पहुंच गयी है. शव को गाड़ी से निकालने का प्रयास किया जा रहा है.
वाराणसी में नीतीश कुमार की जनसभा की अनुमति नहीं देना राजनीति से प्रेरित-सागर कुमार
रांची: जदयू के प्रदेश प्रवक्ता सागर कुमार ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की वाराणसी में होने वाली विशाल जनसभा के लिए अनुमति नहीं देना राजनीति से प्रेरित है. जगतपुर इंटर कॉलेज प्रबंधन पर नीतीश कुमार की सभा के लिए अनुमति नहीं देने का दबाव बनाया गया. इसके साथ ही बुलडोजर का भी भय दिखाया गया. वाराणसी की जनता नीतीश कुमार को सुनना चाहती है. सभा निरस्त होने से सरकार के प्रति उनमें आक्रोश है. सभा को लेकर स्थानीय लोग और पार्टी के नेता व कार्यकर्ता उत्साहित थे. उन्होंने कहा कि योगी सरकार का नकारात्मक रवैया स्वस्थ लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है.
रांची के अनगड़ा में फर्नीचर दुकान से 16 लाख रुपए की चोरी
अनगड़ा(रांची), जीतेंद्र: गोंदलीपोखर चौक के समीप स्थित शंकर महतो की फर्नीचर दुकान से बीती रात 16 लाख रुपये नकद की चोरी कर ली गयी. चोर शुक्रवार की रात दुकान के पीछे की खिड़की तोड़कर दुकान में घुसे और 16 लाख रुपए चुरा लिया. संचालक शंकर महतो ने बताया कि दुकान बंद कर शुक्रवार की रात घर चले गए थे. दुकान के बाहर फ्रंटेज में टेंट में उसके पिता लबुआ महतो व भांजा सामानों की सुरक्षा करने के लिए सोए हुये थे. सुबह में जब दुकान खोला गया तो पीछे की खिड़की टूटी थी और पैसे गायब थे. सूचना मिलने पर अनगड़ा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची व मामले की छानबीन कर रही है.
लेखक के बारे में
By मिथिलेश झा
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए