Jharkhand Breaking News Live: बुंडू के पंच परगना किसान कॉलेज में इंटर की पढ़ाई बंद होने के निर्णय का विरोध
Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
बुंडू के पंच परगना किसान कॉलेज में इंटर की पढ़ाई बंद होने के निर्णय का विरोध
बुंडू, रांची : पंच परगना किसान महाविद्यालय, बुंडू में इंटरमीडिएट के तीनों संकाय विज्ञान, कला तथा वाणिज्य की पढ़ाई बंद करने के निर्णय के विरोध में सैकड़ों छात्रों ने गुरुवार को कॉलेज में प्रदर्शन किया. छात्र नेता सुरेंद्र लोहरा ने कहा सरकार कि न्यू एजुकेशन पॉलिसी के माध्यम से इंटरमीडिएट की पढ़ाई को पंच परगना किसान महाविद्यालय, बुंडू से हटाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण बात है. इससे क्षेत्र के गरीब किसान और मजदूर परिवार के छात्र प्रभावित होंगे. कॉलेज में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं ने सरकार की नई शिक्षा नीति के विरुद्ध नारेबाजी की. इसके बाद छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल प्राचार्य डॉ अरुण कुमार से मिलकर एक ज्ञापन सौंपा. इस ज्ञापन में इंटरमीडिएट के तीनों संकाय पर नामांकन लेकर पढ़ाई जारी रखने की मांग की गयी.
दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब सीएम भगवंत मान पहुंचे रांची

रांची : आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत पार्टी के अन्य नेता गुरुवार की देर शाम रांची पहुंचे. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उनका जोरदार स्वागत किया है. दो जून को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सभी मुलाकात करेंगे.
रांची के नामकुम बाजार में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली
नामकुम (राजेश वर्मा), रांची : रांची के नामकुम थानांतगर्त नामकुम बाजार में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है. वसूली कर रहे कुछ युवक पार्किंग रसीद छपवाकर पैसे ले रहे हैं. वाहन चालकों की शिकायत पर पार्किंग करवा रहे युवकों से पूछताछ करने पर उन्होंने कहा कि नामकुम अंचलाधिकारी, नामकुम थाना एवं स्थानीय मुखिया की अनुमति से पार्किंग कराया जा रहा है जिसके लिए पैसे लिए पैसे लिए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार वर्तमान में जिस जमीन पर प्रत्येक गुरुवार एवं रविवार को सब्जी बाजार लगता है उस जमीन पर दावेदारी को लेकर मामला न्यायालय में लंबित है. मामला लंबित होने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा जेसीबी लगाकर ट्रेंच काट दिया गया है. नामकुम अंचलाधिकारी विनोद प्रजापति ने कहा बाजार में पार्किंग का पैसा लिया जा रहा है इसकी जानकारी नहीं. वहीं, थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी ने कहा कि पार्किंग एंव पैसा लेने के लिए पुलिस ने अनुमति नहीं दी है. पुलिस को इसका अधिकार नहीं है स्थानीय मुखिया अनिता तिर्की से पूछने पर उन्होंने बताया कि उन्हें पार्किंग वसूली की जानकारी नहीं है. अगर पैसा लेकर पार्किंग कराई जा रही है तो सरासर गलत है.
सिमडेगा में प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद नाबालिग की रुकी शादी
सिमडेगा, रविकांत साहू : सिमडेगा प्रशासन की सक्रियता से एक नाबालिग की शादी होने से बच गई. सदर प्रखंड के जोकबहार में 17 साल की एक नाबालिग की शादी गुमला जिले के पालकोट में तय हुई थी. गुरुवार को बारात आने वाली थी. सारी तैयारियां कर ली गई थी. इस बात की जानकारी गांव के लोगों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को दी. बीडीओ अरज कुमार दो दिन पूर्व वर और वधू दोनों पक्ष को बुलाकर समझा-बुझा कर शादी नहीं करने का आग्रह किया. दोनों पक्ष फिलहाल शादी नहीं करने की बात कही, लेकिन प्रशासन को जानकारी मिली कि लड़की के घर गुरुवार को बरात पहुंचने वाली है. इसकी जानकारी मिलते ही सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी और सदर महिला थाना के सब इंस्पेक्टर सहित पुलिस बल जोकबहार पहुंचे. गांव में लड़की के परिजन शादी कराने पर अड़े हुए थे. लेकिन, एक बार फिर समझाने और कानून का डर दिखने के बाद लड़की के पिता मान गये.
सीएम हेमंत सोरेन से सेल अध्यक्ष अमरेंदु प्रकाश ने की मुलाकात
रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुरुवार को झारखंड मंत्रालय में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के अध्यक्ष अमरेंदु प्रकाश ने मुलाकात की. मुख्यमंत्री से उनकी भेंट को शिष्टाचार बताया गया.
कोडरमा केमिकल फैक्ट्री में हादसा, 1 की मौत, 3 घायल
कोडरमा : झुमरीतिलैया थाना क्षेत्र के गझंडी रोड स्थित कोडरमा केमिकल फैक्ट्री में गुरुवार की शाम करीब पांच बजे हुए ब्लास्ट में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि तीन लोग घायल हो गये. मृतक की पहचान 32 वर्षीय नागेश्वर यादव निवासी पिपचो जयनगर कोडरमा के रूप में हुई. वहीं, घायलों में रोशन कुमार पिता परमेश्वर शर्मा ग्राम बेहराडीह, सरमाटांड जयनगर, सौरव नंदी पिता तिमिर रंजन नंदी पुरुलिया पश्चिम बंगाल, केदार विश्वकर्मा पिता लोकनाथ विश्वकर्मा गौशाला रोड झुमरी तिलैया के शामिल है. आनन-फानन में फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा घायलों को उपचार के लिए निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए