Jharkhand Breaking News : हजारीबाग के पूर्व जिप अध्यक्ष ब्रजकिशोर जायसवाल की तबीयत बिगड़ी, रांची ले जाया गया
झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले.
हजारीबाग के पूर्व जिप अध्यक्ष ब्रजकिशोर जायसवाल की तबीयत बिगड़ी, रांची ले जाया गया
हजारीबाग के पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष और हजारीबाग विधायक के पिता ब्रजकिशोर जायसवाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई. घर पर शुरुआती इलाज के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए राजधानी रांची ले जाया गया है. एम्बुलेंस में खुद विधायक मनीष जायसवाल अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रांची गए हैं. हर दिन की तरह गुरुवार की शाम तक ब्रजकिशोर जायसवाल सक्रिय थे. हालांकि, दो-तीन दिन से वे बेहद सुस्त हो गए थे. गुरुवार की शाम को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई.
नशीले पदार्थ बेचने वाले आधा दर्जन लोगों को रांची पुलिस ने पकड़ा
राजधानी रांची में सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के विधा नगर पुल के पास से आधा दर्जन नशे के सौदागरों को पुलिस ने पकड़ा है. इन सभी से पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि रांची के एसएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ कुछ लोग गांजा, ब्राउन शुगर समेत अन्य नशीले पदार्थ बेच रहे हैं. एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली डीएसपी ने सुखदेव नगर और कोतवाली थाना प्रभारी के साथ मिलकर नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े आधा दर्जन लोगों को हिरासत में ले लिया. इनके पास से गांजा और ब्राउन शुगर समेत कई नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं.
झारखंड चैंबर की फिल्म-कला-संस्कृति उप समिति की बैठक
झारखंड चैंबर की फिल्म-कला-संस्कृति उप समिति की एक बैठक गुरुवार को चैंबर भवन में हुई. जनवरी में बॉलीवुड के सुप्रसिद्ध गायक कुमार सानू के रांची आगमन के दौरान उन्हें उप समिति के द्वारा सम्मानित करने की योजना पर बैठक में गहन चर्चा हुई. तय हुआ कि उप समिति इसकी जरूरी तैयारी करेगी. बैठक में उप समिति के चेयरमैन आनंद जालान, बॉलीवुड एक्टर देवेश खान, गायक कुमार गहलोत, सदस्य किशन अग्रवाल, बुलंत बख्तर, सोमनाथ चक्रवर्ती व अन्य उपस्थित थे. प्रवक्ता विकास विजयवर्गीय ने यह जानकारी दी.

मछली मारने के दौरान डैम में डुबे व्यक्ति का शव बरामद
सिमडेगा, रविकांत साहू : मछली मारने गए पाकरटांड़ थाना क्षेत्र के कोबांग खरवाटोली निवासी पिता-पुत्र डूब गए थे. बाद में पुत्र का शव बरामद हुआ. पिता का कुछ पता नहीं चल सका था. गुरुवार को पिता का भी शव बरामद कर लिया गया. जानकारी के अनुसार, मंगलवार को कोबांग खरवाटोली निवासी अमित बरला (45) अपने 4 साल के बेटे असियन बरला को लेकर नाव से मछली मारने के लिए कोबांग डैम गया था. मछली मारने के दौरान किसी कारणवश लकड़ी की नाव डूब गई. असियन की डूबने से मौत हो गई. उसका शव भी बरामद कर लिया गया. नाव के साथ डूबे अमित बरला का कुछ पता नहीं चल सका था. गुरुवार को पुलिस ने अमित बरला का शव भी बरामद कर लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया.
रांची के गोंदलीपोखर में कंक्रीट वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
अनगड़ा, जितेंद्र कुमार : रांची- पुरुलिया मार्ग पर गोंदलीपोखर चौक पर गुरुवार की शाम ट्रक की चपेट में आने से सिरका नयाटोली निवासी नारायण महतो (40) की मौत हो गई. बताया गया कि नारायण महतो अपने भाई मंगल महतो के साथ बाईक पर सवार होकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान गोंदलीपोखर चौक के समीप एक साईकिल सवार असंतुलित होकर बाईक से टकरा गया, जिससे बाईक पर सवार नारायण महतो बीच सड़क पर गिर गये. पीछे से आ रहे एक ट्रक (जेएच 01 एफबी 9370) ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद ट्रक के चालक व खलासी ट्रक छोड़कर वहां से भाग निकले. बीच सड़क पर ट्रक के खड़ा होने व शव के पड़ा होने के कारण वहां स्वतः जाम लग गया. इस बीच, सिरका के ग्रामीण वहां पहुंचे और मुआवजे की मांग शुरू कर दी. ग्रामीणों ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण का काम जारी है. इसकी वजह से यहां बराबर सड़क दुर्घटना हो रही है. घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, सिरका के मुखिया रौशन मुंडा सहित अन्य घटनास्थल पर पहुंचे हैं. ग्रामीणों व प्रशासन के बीच वार्ता चल रही है.
खरसावां में तीन तीरंदाजों को मिले इंडियन राउंड के धनुष
खरसावां के दामादिरी आर्चरी मैदान में जिले के तीन तीरंदाजों को इंडियन राउंड का धनुष उपलब्ध कराया गया. भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने तीरंदाज अनुष्का हेम्ब्रम, सुमन गोप व राहुल तियु को इंडियन राउंड का धनुष दिया.
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए