Jharkhand Breaking News LIVE: विश्व हिंदू परिषद की खूंटी, चतरा, पलामू और दुमका से शुरू हुई शौर्य जागरण यात्रा
Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल की खूंटी, चतरा, पलामू और दुमका से शुरू हुई शौर्य जागरण यात्रा
रांची: विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल के द्वारा झारखंड प्रांत के चार क्षेत्रों से खूंटी में भगवान बिरसा मुंडा के जन्मस्थल उलीहातु से, चतरा में शहीद जयमंगल पाण्डे फांसी तालाब के निकट मैदान से, पलामू में बंशीधर नगर मंदिर से और दुमका मैदान से शौर्य जागरण यात्रा रथ का शुभारंभ किया गया और भगवान पुरुषोत्तम श्रीराम दरबार की पूजा-अर्चना व महाआरती की की गयी. चतरा में विहिप प्रांत मंत्री वीरेंद्र साहू ने बताया 29 सितंबर को प्रातः 7:30 बजे आरती के बाद है शौर्य जागरण यात्रा के रूप में रथ आगे बढ़ेगा. यात्रा के दौरान अनेकों स्थान पर छोटे-छोटे 156 सभाएं की जाएंगी, जिसमें संत, महंत, विहिप के पदाधिकारी का मार्गदर्शन के साथ-साथ महाआरती कार्यक्रम किया जाएगा. इस मौके पर विहिप प्रांत उपाध्यक्ष एवं रांची के धर्मसभा कार्यक्रम के संयोजक चंद्रकांत रायपत ने कहा कि यह देशव्यापी शौर्य जागरण यात्रा के तहत झारखंड में भी शौर्य जागरण यात्रा रथ निकाला जा रहा हैं, जो 8 अक्टूबर को रांची के श्री श्री जगन्नाथ मैदान धुर्वा में धर्मसभा के रूप में संपन्न होगी.
यात्रा के सहसंयोजक विहिप सामाजिक समरसता प्रांत प्रमुख मिथिलेश्वर मिश्र ने कहा कि झारखंड में भी शौर्य जागरण यात्रा में धार्मिक आस्था केंद्रों के साथ-साथ प्रांत के उन क्रांतिवीरों को भी स्मरण किया जाएगा, जिन्होंने अपने समाज, देश, धर्म, संस्कृति की रक्षा के लिए अपनी प्राणों की आहुति दे दी.
डॉ नंदिनी की कहानी ‘रेल यात्रा-एक यादगार सफर’ को रेल पत्रिका उन्मुक्ता में मिली जगह
बरसोल, गौरब पाल: बरसोल थाना अंतर्गत छोटा पारुलिया गांव के रहने वाली व चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय के रेलवे अस्पताल में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ नंदिनी सांड की लिखी कहानी रेल यात्रा-एक यादगार सफर को रेलवे की केंद्रीय महिला कल्याण संगठन द्वारा प्रकाशित राष्ट्रीय एकल पत्रिका उन्मुक्ता में जगह दी गयी है. परिजनों ने बताया पर्यावरण प्रेमी, मिलनसार और हंसमुख स्वभाव की डॉ नंदिनी अपनी बेहतरीन लेखनी और बेहतर चिकित्सा सेवा कार्यों से अपनी एक अलग ही स्थान बना चुकी हैं. बीते 12 साल से डॉक्टरी पेशे से जुड़ी हैं. कोरोना काल में सैकड़ों लोगों की डॉ नंदिनी ने मदद की. प्रकाशित कहानी में पौष महीने की ठंडी रात में प्रसव पीड़ा से ट्रेन में तड़प रही एक मां के प्रसव कराने और जच्चा-बच्चा को नया जीवन देने में डॉक्टर के कर्त्तव्य की कहानी है.

गुमला में चौथी कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म, प्राथमिकी दर्ज
गुमला: गुमला के एक गांव में 50 वर्षीय व्यक्ति द्वारा 12 वर्षीया छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़िता चौथी कक्षा की छात्रा है. गुरुवार को गुमला पुलिस ने प्राथमिक दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि बुधवार की देर शाम एक व्यक्ति छात्रा के घर में पहुंचा. उस वक्त छात्रा घर पर अकेली थी. परिजन जब घर पहुंचे तो अंदर से दरवाजा बंद था. परिजनों ने आवाज दी. तभी आरोपी दरवाजा खोलकर वहां से भाग निकला. रात होने के कारण परिजन थाना नहीं पहुंचे. गुरुवार की शाम को परिजन के साथ काफी संख्या में ग्रामीण थाना पहुंचे और थाना को लिखित आवेदन सौंपा है. जिसमें कहा गया है कि पीड़िता घर में अकेली थी. उसी समय 50 वर्षीय व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया है.
जमीन के बदले नौकरी को लेकर रैयतों का प्रदर्शन आश्वासन के बाद स्थगित
चरही (हज़ारीबाग ), आनंद सोरेन: हजारीबाग जिले के सीसीएल हज़ारीबाग़ कोयलांचल क्षेत्र के तापीन साउथ परियोजना अंतर्गत फुसरी के रैयतों को जमीन के बदले नौकरी देने की प्रक्रिया सीसीएल प्रबंधन द्वारा शुरू नहीं करने पर गुरुवार की शाम को रैयत विस्थापित मोर्चा फुसरी ईकाई के बैनर तले अनिश्चितकालीन तापीन साउथ खदान बंद करा दी गयी. इसमें सीसीएल का उत्पादन, ट्रांसपोर्टिंग सहित अन्य कार्य पूर्ण रूप से बाधित रहा. इससे सीसीएल को लाखों का नुकसान हुआ. लिखित आश्वासन के बाद आंदोलन स्थगित किया गया.
पूर्व मंत्री एनोस एक्का पर हमले का प्रयास, एसपी से की कार्रवाई की मांग
सिमडेगा, रविकांत साहू: झारखंड के पूर्व मंत्री एनोस एक्का पर पाकरटांड़ के कोबांग बेड़ाटोली में गाली-गलौज करते हुए हमला करने का प्रयास किया गया. एनोस एक्का ने एसपी को घटना की जानकारी देकर कार्रवाई की मांग की है. पाकरटांड़ थाना इलाके के कोबांग बेड़ा टोली में गुरुवार को हॉकी मैच का आयोजन किया गया था. मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के पूर्व मंत्री एनोस एक्का को आमंत्रित किया गया था.
चक्रधरपुर में तेज रफ्तार बाइक से गिरकर दो युवक घायल
चक्रधरपुर: चक्रधरपुर-खरसावां मुख्य मार्ग पुरनिया गांव के पास तेज रफ्तार बाइक से गिरकर दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना गुरुवार देर शाम सात की बताई जा रही है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती किया गया. जानकारी के मुताबिक कोमाय गांव निवासी दर्शन जोंकों व आकाश प्रधान बाइक में सवार होकर अपने दोस्तों के साथ सोनोरो गांव दोस्त के घर जा रहे थे. इस दौरान कुछ दोस्त बाइक में सवार होकर आगे निकल गए. दोस्तों का पीछा करने के क्रम में ये हादसा हुआ है.
लेखक के बारे में
By Nutan Kumari
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए