Jharkhand Breaking News: चक्रधरपुर के कोलचोकड़ा गांव में बिजल तार की चपेट में आने से महिला झुलसी, रेफर
झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
चक्रधरपुर के कोलचोकड़ा गांव में बिजल तार की चपेट में आने से महिला झुलसी, रेफर
बंदगांव : पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चक्रधरपुर प्रखंड के कोलचोकड़ा गांव में सोमवार को खेत में बैल चराने गई महिला बिजली तार के संपर्क में आने से बुरी तरह झुलस गई. तत्काल घायल महिला को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल लाया गया. प्राथमिक उपचार कर महिला को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. जानकारी के मुताबिक, चक्रधरपुर प्रखंड के कोलचोकड़ा गांव में सोमवार को खेतों में बैल चराने गई 40 वर्षीय महिला पालो गागराई बिजली तार के संपर्क में आने से बुरी तरह झुलस गई. इस दुर्घटना में महिला का गला पूरी तरह जल गई. घटना की जानकारी पीपुल्स वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव डॉ विजय सिंह गागराई को मिली. जिसके बाद डॉ विजय सिंह गागराई महिला के परिजनों से मिलकर इलाज के लिए महिला को चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल लाया. जहां पर महिला का प्राथमिक उपचार किया गया. अत्यधिक जल जाने के कारण महिला को बेहतर इलाज करने के लिए रेफर कर दिया गया.
पलामू एजेंसी का मैनेजर गायब, जांच में जुटी पुलिस
पलामू : मेदिनीनगर के पलामू एजेंसी के मैनेजर मंगल सिंह सोमवार के करीब ढाई बजे से गायब है. इस संबंध में मैनेजर मंगल सिंह के पिता अवतार सिंह ने शहर थाना में आवेदन दिया है. आवेदन के अनुसार, मंगल सिंह पलामू एजेंसी के ढाई लाख रुपए पैकेट में लेकर महिंद्रा मार्केट स्थित आईसीआईसीआई बैंक में जमा कराने जा रहा था. इसी क्रम में बीच रास्ते से वह गायब हो गया है. उसे खोजने का काफी प्रयास किया गया, पर कुछ पता नहीं चला. अवतार सिंह द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस संभावित जगहों पर छापामारी कर रही है. शहर थाना प्रभारी अभय कुमार सिन्हा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह अपहरण का मामला प्रतीत होता है, पर जब तक कोई ठोस प्रमाण नहीं मिले तबतक कुछ कहना मुमकिन नहीं है. मंगल सिंह मेदिनीनगर के बेलवातिका के रहने वाले हैं.
सिमडेगा में हत्या के दोषी को उम्रकैद की सजा, 15 हजार का जुर्माना भी लगा
सिमडेगा, मो इलियास : प्रधान जिला जज राजकमल मिश्रा की अदालत ने हत्या के एक दोषी को उम्रकैद की सजा सुनायी. साथ ही 15 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया. बताया गया कि 13 मार्च, 2022 को बानो निवासी कुलदीप सोरेंग ने किसी बात को लेकर अपने ही गांव के फूल सिंह की हत्या लाठी से पीटकर कर दी थी. इस मामले में मृतक के पुत्र नकुल सिंह की शिकायत पर बानो थाना में कांड संख्या 9/22 के तहत हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गयी थी. दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. इधर, मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने गवाहों के बयान एवं दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कुलदीप सोरेंग को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनायी. वहीं, जुर्माने की राशि अदा नहीं करने पर छह माह अतिरिक्त कारावास की सजा काटनी होगी. इस मामले में अभियोजन पक्ष से प्रभारी लोक अभियोजक अमित श्रीवास्तव ने दलीलें पेश की.
हजारीबाग के बरकट्ठा में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई, 3500 किलो जावा महुआ नष्ट
बरकट्ठा (हजारीबाग), रेयाज खान : हजारीबाग उत्पाद विभाग की टीम ने बरकट्ठा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवो में अवैध महुआ शराब कारोबार के खिलाफ छापामारी अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है. उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए अभियान का नेतृत्व इंस्पेक्टर प्रदीप करमाली ने किया. अधिकारियों ने प्रखंड क्षेत्र के ग्राम अलपिटो, सतघरवा, सिमराटांड, गयपहाड़ी और झींगींबराई में अवैध महुआ चुलाई शराब के खिलाफ छापामारी की. ग्राम अलपिटो में सुरेश प्रसाद, लीलू महतो, लोकन महतो, शंकर प्रसाद, लीलाधर प्रसाद द्वारा संचालित अवैध महुआ चुलाई शराब भट्टी, उपकरण, महुआ शराब को फुलाने में प्रयुक्त ड्रम में अवैध जावा महुआ को घटनास्थल पर नष्ट किया गया. इस दौरान करीब 115 लीटर अवैध शराब भी बरामद किया है.
राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के हाथों सम्मानित हुए छऊ गुरु तपन पटनायक

सरायकेला : रांची में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने सरायकेला के छऊ गुरु तपन कुमार पटनायक को मोमेंटो व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. बिरसा कृषि विश्वविद्यालय और झारखंड राज्य पत्रकार संघ के संयुक्त तत्वावधान में कृषि और संबद्ध क्षेत्रों के विशेष संदर्भ में भारत को गौरवान्वित करने में झारखंड की भूमिका विषय पर सेमिनार का भी आयोजन किया गया था. इस दौरान छऊ नृत्य कला के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिये छऊ गुरु तपन पटनायक को सम्मानित किया गया. राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने छऊ नृत्य कला के क्षेत्र में गुरु तपन पटनायक के योगदान की भी सराहना की. इस दौरान बिरसा कृषि विश्व विद्यालय के कुलपति समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे. मालूम हो कि राजकीय छऊ कला केंद्र, सरायकेला के सेवानिवृत्त निदेशक तपन पटनायक को पूर्व में संगीत नाटक अकादमी अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है. सरायकेला छऊ महोत्सव को राजकीय महोत्सव घोषित कराने में तपन पटनायक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. तपन पटनायक न केवल सरायकेला, बल्कि खरसावां और मानभूम शैली छाऊ नृत्य के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. महिलाओं को छऊ नृत्य में शामिल कराने में उनकी बड़ी भूमिका रही है. वह पिछले पांच दशक से छऊ नृत्य के प्रति समर्पित हो कर कार्य कर रहे है. गुरु तपन पटनायक देश-विदेश में छऊ नृत्य का प्रदर्शन कर चुके है. साथ ही दर्जनों युवा कलाकारों को छऊ नृत्य सिखा चुके है. कला के प्रति समर्पण और योगदान के कारण गुरु तपन पटनायक को इससे पूर्व कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है.
रक्षा बंधन को लेकर 31 अगस्त को सरकारी ऑफिस में रहेगी छुट्टी, अधिसूचना जारी
रांची : रक्षा बंधन को लेकर झारखंड के कार्यालय 30 की जगह अब 31 अगस्त को छुट्टी रहेगी. इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग की ओर से संशोधित अधिसूचना जारी की गयी है. बता दें कि पांच दिसंबर, 2022 को वर्ष 2023 में रक्षा बंधन के अवसर पर 30 अगस्त, 2023 को कार्यपालक आदेश के तहत अवकाश घोषित हुआ था. अधिसूचना के तहत बताया गया कि विभिन्न स्त्रोतों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस साल रक्षा बंधन 31 अगस्त को मनाया जा रहा है. इसी के मद्देनजर विभाग ने 30 अगस्त की जगह 31 अगस्त को कार्यपालक आदेश के तहत अवकाश घोषित किया.
लेखक के बारे में
By Jaya Bharti
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए