Jharkhand Breaking News: बड़ा रेल हादसा टला, दुर्घटनाग्रस्त होने से बची अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस
Jharkhand Breaking News: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
रघुवर दास ने बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से दिया इस्तीफा
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से नई दिल्ली में मुलाकात कर उन्होंने अपना त्यागपत्र सौंपा. रघुवर दास 31 अक्टूबर को ओडिशा के राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे. आज उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से भी शिष्टाचार मुलाकात की. इससे पहले दिन में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से शिष्टाचार मुलाकात की थी.
सिंदरी में सीमेंट लोड मालगाड़ी की दो बोगी बेपटरी
हर्ल खाद कारखाना साइडिंग के पास गुरुवार को अदाणी एसीसी सीमेंट लोड मालगाड़ी की दो बोगी बेपटरी हो गयी. मालगाड़ी के बेपटरी होने की सूचना से एसीसी अधिकारियों में हड़कंप मच गया. इसकी सूचना तत्काल रेलवे अधिकारियों को दी गयी. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल सिंदरी स्टेशन मास्टर राजकुमार सिंह ने मालगाड़ी को पटरी पर लाया और गंतव्य के लिए रवाना किया. उन्होंने बताया कि घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ है.
उग्रवादी हिंसा में मारे गये लोगों के दो आश्रितों को नौकरी
पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में गुरुवार को अनुकंपा समिति की बैठक हुई. बैठक में अनुकंपा समिति द्वारा सर्वसम्मति से गृह विभाग के दिशा-निर्देश के आलोक में दो प्रस्ताव को स्वीकृत करते हुए उग्रवादी हिंसा में मृत दो लोगों के आश्रितों, जिनमें एक चाकुलिया तथा दूसरा गुड़ाबांदा प्रखंड को चतुर्थ वर्ग के पद पर नियुक्त करने का निर्णय लिया गया.
बड़ा रेल हादसा टला, दुर्घटनाग्रस्त होने से बची अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस
चक्रधरपुर रेल मंडल के टुनिया रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक मेंटेनर की सूझबूझ से एक बड़ा रेल हादसा टल गया. टुनिया रेलवे स्टेशन के पास रेल पटरी टूटी मिली. बताया जा रहा है कि ट्रैक मेंटेनर्स पैट्रोलिंग कर रहे थे. इसी दौरान टीम ने टुनिया स्टेशन के पास रेल पटरी में दरार देखी. सामने जाकर देखा तो पटरी अलग हो चुकी थी. इसी दौरान उसी पटरी पर अहमदाबाद-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन आ रही थी. ट्रैक मेंटेनर्स ने बिना देरी किये अहमदाबाद-हावड़ा ट्रेन को लाल झंडी दिखाकर रोक दिया. इसकी वजह से बड़ा हादसा टल गया. अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस टुनिया स्टेशन पर छह मिनट तक रुकी रही. इसके बाद ट्रैक मेंटनेर्स ने टूटी पटरी को क्लैंप लगाकर दुरुस्त किया. इसके बाद अहमदाबाद-हावड़ा एक्सप्रेस को 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पार कराया गया.
हटिया-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस ट्रेन कल देर से जाएगी
15027 हटिया-गोरखपुर मौर्य एक्सप्रेस ट्रेन कल (27 अक्टूबर 2023) को अपने निर्धारित समय से एक घंटे देर से हटिया से प्रस्थान करेगी. दक्षिण पूर्व रेलवे रांची मंडल की ओर से यह जानकारी दी गई है. इसमें बताया गया है कि उत्तर पूर्व रेलवे के भटनी स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य की वजह से इस ट्रेन के प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया है.
नामकुम में देशी कट्टा और 10 गोली के साथ चार हिरासत में
रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एएसपी मुख्यालय प्रथम मुमल राजपुरोहित के नेतृत्व में नामकुम पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के सदाबहार चौक स्थित हिंद मोटर्स गैरेज से देशी कट्टा एवं 10 गोली के साथ चार लोगों को हिरासत में लिया है. जिन लोगों को पुलिस ने पकड़ा है, उनमें गैरेज संचालक मोहम्मद इब्राहीम, इब्राहीम का बेटा शहबाज अंसारी (दोनों ग्वाला टोली डोरंडा निवासी), अमरकांत घोष उर्फ मोना घोष (लाल साहेब कंपाउंड) एवं दिलीप रजक (चाय बगान) शामिल हैं. एसएसपी को सूचना मिली थी कि गैरेज में हथियार के साथ असामाजिक तत्व बैठे हैं. उनके निर्देश पर गठित टीम जैसे ही गैरेज पहुंची, सभी भागने लगे. पुलिस ने खदेड़कर चारों को पकड़ लिया एवं उनकी निशानदेही पर गैरेज की आलमीरा में एक हैंडबैग में छुपाकर रखा आठ राउंड का देशी कट्टा, 3.15 बोर की चार एवं 7.65 बोर के 6 जिंदा कारतूस बरामद किए गए. पुलिस को गैरेज में दो कट्टे रखे होने की सूचना मिली थी, लेकिन एक ही कट्टा मिला है. गोलियां अलग-अलग साईज एवं पिस्टल की हैं. पुलिस चारों से पूछताछ कर रही है.
नामकुम से राजेश वर्मा की रिपोर्ट

लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए