Jharkhand Breaking News: एटीएस और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार
झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
एटीएस और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार

रांची : एटीएस और रांची पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में रोहित मुंडा उर्फ बीड़ी, अभिषेक मल्लिक और शुभम विश्वकर्मा मुख्य है.
सऊदी अरब में पड़ा है चतरा के एक व्यक्ति का शव, परिजन वतन वापसी की लगा रहे गुहार

चतरा : गिद्धौर प्रखंड की मंझगांवा पंचायत के घटेरी गांव के मो एहसान (58 वर्ष) का निधन 10 दिन पूर्व सऊदी अरब में काम करने के दौरान हो गया. उसके शव को वतन वापसी के लिए परिजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर विदेश मंत्री एस जयशंकर, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन व दोनों देश के एम्बेसी से मदद की गुहार लगायी हैं. एहसान सऊदी अरब के जद्दा में वाहन चलाने का काम करता था. 15 जुलाई को अचानक उसकी तबियत खराब हो गयी. कुछ साथियों ने उसे हॉस्पिटल ले जा रहे थे. इस दौरान उसकी मौत हो गयी. हॉस्पिटल में चिकित्सको ने हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही. दस दिन बाद भी उनका शव गांव नहीं पहुंचने से परिजन काफी परेशान हैं. पत्नी अजमेरी खातुन व परिजनो का रो-रोकर बुरा हाल है. उनके पत्नी के अलावा तीन पुत्र व चार पुत्री है.
रांची के गुड़ीडीह जंगल के पास रेलवे ट्रैक से महिला का शव बरामद
अनगड़ा : रांची जिला अंतर्गत अनगड़ा थाना की पुलिस ने सोमवार की शाम में गुड़ीडीह जंगल के पास रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया है. मृतक की उम्र 35 साल के करीब आंकी जा रही है. चेहरा पूरी तरह से कुचला गया है. संभावना है कि उक्त महिला की मौत ट्रेन से गिरकर हुई हो. मृतका ने पीला साड़ी, लाल ब्लाउज, पीला पेटीकोट पहन रखा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है.
पुरुलिया से रांची आये युवक की पंडरा में हत्या, खरसीदाग ओपी क्षेत्र में मिला शव

नामकुम (रांची), राजेश वर्मा : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से रांची मोबाइल खरीदने आये युवक का शव खरसीदाग ओपी पुलिस ने मगुबांध से गद्दे में लिपटा पाया. मृतक की पहचान रांची के चडरी निवासी अश्वनी कुमार मिर्धा (23 वर्ष)पिता राजदीप मिर्धा के रूप में हुई. मृतक के नाक से खून बह रहा था. पंडरा ओपी क्षेत्र के मेजर कोठी में युवक की हत्या कर गद्दे में लटपेट कर स्कोर्पियो से मगुबांध में फेंका गया है. वरीय अधिकारियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर स्कोर्पियो को जब्त कर चालक निखिल शर्मा को हिरासत में लेकर पंडरा ले गयी मामले में मृतक के परिजनों के बयान पर पंडरा ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं, दो अन्य युवक उदय मुंडा एवं अभिषेक फरार है. परिजनों के अनुसार, रिम्स में काम करने के दौरान दो माह पहले अश्वनी ने बंगाली युवती से प्रेम विवाह किया था. इसके बाद दोनों पुरुलिया में रहने लगे थे. शनिवार को अश्वनी मोबाइल खरीदने की बात कहकर ट्रेन से रांची आया था, लेकिन घर नहीं पहुंचा. सोमवार की सुबह शव मिलने की सूचना मिली. उन्होंने उदय मुंडा, अभिषेक एवं निखिल पर हत्या का आरोप लगाया है. वहीं, हिरासत में लिए गए सुखदेवनगर थाना क्षेत्र निवासी निखिल के अनुसार उदय ने बीमार होने की बात करते हुए शव गाड़ी में रखा. उसके साथ एक ओर युवक भी गाड़ी में सवार हुआ. उसे जब शव होने की जानकारी मिली, तो उसने विरोध किया ,तो उदय ने जंगल में शव फेंक दिया था. निखिल के अनुसार ,उसने ही वरीय पुलिस अधीक्षक को घटना की सारी जानकारी दी. कहा कि अगर वह आरोपी होता तो खुद क्यूं बताता. पुलिस के अनुसार छानबीन जारी है. जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा. जानकारी मिलने पर लालखटंगा के पूर्व मुखिया रितेश उरांव भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि अगर चालक ने नहीं बताया होता, तो जानकारी नहीं मिलती. शव को गद्दा एवं चद्दर में पार्सल की तरह लपेटे हुए था.
सिमडेगा में हत्या के दोषी को आजीवन कारावास की सजा
सिमडेगा, मो इलियास : सिमडेगा के प्रधान जिला जज राज कमल मिश्र की अदालत ने हत्या के एक आरोपी को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई तथा 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया. जुर्माने की राशि अदा नहीं करने की स्थिति में छह माह की अतिरिक्त सजा काटनी होगी. बताया गया कि 16 अगस्त, 2018 को मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी मुकेश कुजूर अपने घर में था. इसी क्रम में गांव के ही संजय कुजूर वहां पहुंचा. दोनों के बीच जमीन विवाद को लेकर कहा सुनी हुई. आवेश में आकर संजय कुजूर ने टांगी से मार कर मुकेश कुजू्र को गंभीर रूप से घायल कर दिया. परिजनों द्वारा इलाज के लिए उसे राउरकेला ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी. इस मामले में अदालत ने सुनवाई करते हुए आठ गवाहों के बयान एवं दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद दोषी करार देते हुए उक्त सजा सुनाई. इस मामले में अभियोजन पक्ष से प्रभारी लोक अभियोजक अमित कुमार श्रीवास्तव ने दलीलें पेश की.
साहिबगंज में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोपी हेडमास्टर सस्पेंड
साहिबगंज : नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोपी उच्च विद्यालय, पंचकटिया के प्रधानाध्यापक मो शमशाद अली को विभाग ने निलंबित कर दिया है. वहीं, उनके स्थान पर शिक्षक अमित कुमार प्रमाणिक को विद्यालय का प्रधानाध्यापक का प्रभार सौंपा गया है. बता दें कि शनिवार को अपने ही विद्यालय की नाबालिग छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने आरोपी प्रधानाध्यापक की जमकर धुनाई कर दी थी. मामले को लेकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी ट्विटर पर ट्वीट किया था. इसके बाद जिला प्रशासन भी काफी हरकत में आ गया था. डीसी रामनिवास यादव ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी तत्काल रिपोर्ट डीईओ से देने को कहा था. पीड़ित छात्रा के पिता के बयान पर पॉक्सो एक्ट के तहत बरहेट थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर आरोपी प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर लिया गया था. वहीं, पुलिस अधीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा ने भी मामले में सख्त कार्रवाई करने की बात कही थी. चर्चा है कि तीन माह पूर्व में भी इसी तरह की घटना हुई थी, लेकिन मामला रफा-दफा हो गया था. इधर, ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी प्रधानाध्यापक का मोबाइल जब्त करने से ऐसे कई और खुल सकते हैं.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए