Jharkhand Breaking News LIVE: सिमडेगा की अदालत ने हत्या के दो दोषियों को सुनायी आजीवन कारावास की सजा

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

विज्ञापन

हत्या के दो दोषियों को आजीवन कारावास की सजा

सिमडेगा, इलियास: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राज कमल मिश्रा की अदालत ने हत्या के दो दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई तथा दस-दस हजार रुपये जुर्माना लगाया. बताया गया कि 17 नवंबर 2020 को हेठमा कुरडेग निवासी प्रमोद खलखो अपने पुत्र व चचेरे भाई संकित खलखो के साथ ढावराबेड़ा गांव जा रहा था. इसी क्रम में पतरस तिर्की के घर के पास गांव के ही आलोक तिर्की एवं किशोर तिर्की के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया. जिसके बाद आलोक व किशोर ने टांगी से व जलावन लकड़ी से मार कर प्रमोद तिर्की की हत्या कर दी. घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार जेल भेज दिया था. अभियोजन पक्ष से प्रभारी लोक अभियोजक अमित कुमार श्रीवास्तव ने दलील पेश की.

गुमला आईटीडीए से नौ करोड़ की निकासी, सात दोषियों को सात-सात साल की सजा

गुमला आइटीडीए से नौ करोड़ रुपये की निकासी मामले में सात दोषियों को सजा सुनायी गयी है. चार साल बाद इस मामले में फैसला हुआ है. गुमला के सीजेएम मनीष कुमार शर्मा की अदालत ने शनिवार को फर्जी चेक बना कर आईटीडीए के नौ करोड़ पांच लाख 16 हजार रुपये निकासी के मामले में सुनवाई की. जज ने क्लोन चेक बनाकर उसमें फर्जी हस्ताक्षर कर अवैध राशि निकासी करने के मामले में सजा सुनायी. दोषी मनीष जैन, राज कुमार तिवारी, मनीष कुमार पांडेय, पंकज तिग्गा, गणेश लोहरा, इकबाल व सज्जन राय उर्फ विवेक को धारा 467 के तहत सात-सात साल की सजा व 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है. जुर्माना की राशि नहीं देने पर छह माह साधारण कारावास की सजा भुगतनी पड़ सकती है. बताते चलें कि मामला 2019 का है.

रांची में श्री श्याम महोत्सव पर श्री श्याम प्रभु का विशेष श्रृंगार

रांची: श्री श्याम मण्डल, रांची के 56वें श्री श्याम महोत्सव के तीसरे दिन शनिवार को अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मन्दिर में महोत्सव का मुख्य समारोह रात 9 बजे से शुरू हुआ. इस अवसर पर पूरे मन्दिर परिसर को सजाया गया. रजत सिंहासन पर विराजमान श्री श्याम प्रभु का बेंगलुरू से मंगाए गए विभिन्न प्रकार के गुलाब के फूल, ऑर्किड, जिप्सी फूल, जरबेरा, किसानथिमाम, हेलकोनिया इत्यादि फूलों से दिव्य शीश का मनोहरी श्रृंगार किया गया. मन्दिर में विराजमान शिव परिवार एवं वीर बजरंगबली का इस अवसर पर विशेष श्रृंगार किया गया. मण्डल के संरक्षक सुरेश चन्द्र पोद्दार द्वारा सपत्नीक गणेश पूजन किया गया. मण्डल के अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश बागला ने आगंतुक भक्तों का स्वागत किया. इस अवसर पर मण्डल द्वारा प्रकाशित भजन पुस्तिका प्रेम पुष्प का विमोचन पूर्व सांसद एवं समाजसेवी महेश पोद्दार द्वारा किया गया.

रांची को हरा-भरा बनाएंगे पलामू के पर्यावरणविद कौशल किशोर जायसवाल

पलामू, सैकत चटर्जी: विश्वव्यापी पर्यावरण संरक्षण अभियान के केंद्रीय अध्यक्ष सह पर्यावरण धर्मगुरु व वन राखी मूवमेंट के प्रणेता पर्यावरणविद कौशल किशोर जायसवाल अब झारखंड की राजधानी रांची को हरा-भरा बनाने की मुहिम का हिस्सा बनेंगे. उन्होंने शुक्रवार को रांची के नगर निगम के प्रशासक अमीत कुमार से मुलाकात कर इस विषय पर विस्तार से चर्चा की. रांची को कैसे हरा भरा बनाया जाए, इसे लेकर कई बिंदुओं पर बातें हुईं. बेडरूम में रखने वाला सिंगापुर का मशहूर फिडल लिफ्ट पौधा देकर उन्होंने नगर निगम प्रशासक अमीत कुमार का स्वागत किया. चर्चा के दौरान निगम प्रशासक ने श्री कौशल को रांची में पर्यावरण संरक्षण को लेकर चल रहे अभियान की जानकारी देते हुए उसमें शामिल होकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया. श्री कौशल ने अपनी सहमति प्रदान करते हुए कहा कि यह मेरे लिए सौभाग्य की बात होगी कि मैं भी अपने राज्य के राजधानी को संवारने में शामिल हो सकूं.

गुमला में चाचा की हत्या के दोषी को 10 साल की सजा, 25 हजार जुर्माना

गुमला: एडीजे-वन दुर्गेश चंद्र अवस्थी की अदालत ने हत्या के एक मामले में सुनवाई की. केस के अभियुक्त मरदा टोंगरीटोली रायडीह निवासी प्रेम प्रकाश मिंज को अपने ही चाचा ओबेद मिंज की हत्या के मामले में धारा 304 के तहत 10 साल कठोर कारावास की सजा व 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया. जुर्माना की राशि नहीं देने पर एक साल की अतिरिक्त सजा भुगतनी पड़ सकती है. इस मामले में 10 गवाही करायी गयी थी. अपर लोक अभियोजक मोहम्मद जावेद हुसैन ने पैरवी की थी. घटना नौ अगस्त 2021 की है. घटना के दिन प्रेम प्रकाश मिंज के टमाटर के खेत में ओबेद मिंज का बैल चला गया था और उसकी टमाटर की फसल बर्बाद हो गयी थी. इसी को लेकर प्रेम व ओबेद के बीच बहस हुई. इतने में प्रेम ने जामुन की लकड़ी उठायी और ओबेद के चेहरे व सिर पर वार कर दिया. जिससे ओबेद मिंज गंभीर रूप से घायल हो गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी थी.

रांची के मैक्लुस्कीगंज में करम पूर्व संध्या महोत्सव सह सम्मान समारोह का आयोजन

मैक्लुस्कीगंज (रांची), रोहित: प्रकृति पर्व करम पूर्व संध्या धूमधाम से मनाया गया. केंद्रीय सरना समिति मैक्लुस्कीगंज द्वारा आयोजित करम पूर्व संध्या महोत्सव सह सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व शिक्षा मंत्री बंधु तिर्की, विशिष्ट अतिथि तमाड़ विधायक विकास सिंह मुंडा सहित श्रमिक नेता (इंटक के क्षेत्रीय सचिव)एनके एरिया अब्दुल्ला अंसारी, जिला परिषद सदस्य खलारी सरस्वती देवी, लपरा मुखिया पुतुल देवी, राय मुखिया शीला कुमारी, मध्य चुरी मुखिया सुनीता देवी, शिक्षाविद मुखदेव गोप, मुकेश यादव, केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष सह केआईएस के निदेशक कमल मुंडा सहित अन्य उपस्थित थे. समारोह की शुरुआत केंद्रीय सरना समिति मैक्लुस्कीगंज के अध्यक्ष कमल मुंडा, चैनवा पुजारी, किटू पहान के नेतृत्व में अतिथियों संग संयुक्त रूप से सरना स्थल पर पारंपरिक विधि से पूजन कर की.

विज्ञापन
विज्ञापन
Jaya Bharti

लेखक के बारे में

By Jaya Bharti

This is Jaya Bharti, with more than two years of experience in journalistic field. Currently working as a content writer for Prabhat Khabar Digital in Ranchi but belongs to Dhanbad. She has basic knowledge of video editing and thumbnail designing. She also does voice over and anchoring. In short Jaya can do work as a multimedia producer.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola