Jharkhand Breaking News LIVE: गुमला के मजदूर की अंडमान निकोबार में मौत, शव लाने की गुहार

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

विज्ञापन

गुमला के मजदूर की अंडमान निकोबार में मौत, शव लाने की गुहार

गुमला जिले के मजदूर की अंडमान निकोबार में मौत हो गयी है. परिवार के लोग गरीब हैं. शव लाने में असमर्थ हैं. परिवार के सदस्यों ने सरकार व प्रशासन से मजदूर के शव को गुमला लाने की गुहार लगायी है. बताया जा रहा है कि बसिया प्रखंड अंतर्गत गुड़ाम दांचुटोली के मजदूर कृष्णा साहू (उम्र 23 साल) की मौत अंडमान निकोबार द्वीप समूह के पहाड़ गांव में हो गयी है. उसका शव संदिग्ध अवस्था में अमरुद पेड़ पर लटका हुआ मिला है. मृतक की बहन प्रीति देवी ने अपने भाई के शव को अपने घर मंगवाने की मांग की है. मृतक कृष्णा पिछले तीन वर्षों से अंडमान निकोबार में था. इधर, तीन दिनों से वह कंपनी में काम करने नहीं गया था. वह एमके कंपनी में काम करता था. बताया जा रहा है कि तीन दिनों से वह काम पर भी नहीं गया था. बहन ने कृष्णा की मौत की जांच की मांग की है.

रांची के श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर के त्यागी बाबा की दो टूक, न्यास बोर्ड की नई मंदिर कमेटी से सहमत नहीं

रांची: श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में श्री श्री 1008 श्री महामण्डलेश्वर सूर्य नारायण दास त्यागी बाबा द्वारा शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया. इसमें उन्होंने स्पष्ट किया कि रांची के मेन रोड स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर का संचालन निर्मोही अखाड़े के निर्देश और परंपरा के अनुसार होता है. झारखंड राज्य हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड द्वारा स्वघोषित कमेटी का वे समर्थन नहीं करते हैं. यह आश्रम प्रारंभ से ही साधु-महात्माओं के द्वारा संचालित होता आ रहा है. साधु समाज के बीच झारखंड प्रदेश में निर्मोही अखाड़ा का यह मंदिर अपना अलग महत्व रखता है. प्रारंभ से ही अभ्यागत साधुओं का आगमन होता रहता है, जिनकी सेवा हमारा कर्तव्य है और उद्देश्य भी. न्यास बोर्ड के इस निर्णय से मैं सहमत नहीं हूं और इस विषय में बोर्ड के अध्यक्ष को भी फ़ोन के माध्यम से अवगत करा चुका हूं. इधर, मंदिर प्रांगण में श्री कृष्ण जन्मोत्सव के छठी का भव्य आयोजन भक्तों से सहयोग से साधु शाही परंपरा के अनुसार महाआरती के साथ किया गया. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.

सांसद संजय सेठ की पहल पर चांडिल स्टेशन पर भी रुकेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, अधिसूचना जारी

चांडिल, हिमांशु गोप: 24 सितंबर रविवार से रांची से हावड़ा के लिए शुरू होने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव चांडिल रेलवे स्टेशन पर भी सुनिश्चित हो गया है. इसकी अधिसूचना दक्षिण पूर्व रेलवे के द्वारा जारी कर दी गई है. मालूम हो कि वंदे भारत एक्सप्रेस का रांची से हावड़ा के लिए परिचालन रविवार 24 सितंबर से सुनिश्चित किया गया था. सांसद संजय सेठ के आग्रह पर यह परिचालन शुरू हुआ है. सांसद ने अपने प्रस्ताव में रेल मंत्रालय को बताया था कि चांडिल में भी इस ट्रेन का ठहराव दिया जाए क्योंकि चांडिल बड़ा औद्योगिक क्षेत्र है और झारखंड और पश्चिम बंगाल की सीमा पर स्थित है. रविवार से आरंभ होने वाले इस वंदे भारत एक्सप्रेस की सूची में चांडिल स्टेशन का नाम शामिल नहीं था. गुरुवार को सांसद संजय सेठ ने दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और चांडिल में इसका ठहराव देने का आग्रह किया. श्री सेठ के आग्रह के आलोक में रेल मंत्री ने संबंधित रेल अधिकारियों को इस पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया. इस निर्देश के आलोक में चांडिल स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित कर लिया गया. सांसद श्री सेठ ने इस कार्य के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताया है.

56वें वार्षिकोत्सव पर रांची के श्री श्याम मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा

रांची: श्री श्याम मण्डल, रांची के 56वें वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मन्दिर से श्री श्याम प्रभु की भव्य शोभायात्रा प्रारम्भ हुई. शोभा यात्रा में आगे आगे विभिन्न देवताओं के जयकारे के बैनर लेकर भक्तगण चल रहे थे. पारंपरिक वाद्ययंत्रों एवं बैंड बाजे के धुन से माौहल भक्तिमय था. साथ ही श्री कृष्ण लीला पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र थीं. 23 सितम्बर को रात्रि 9 बजे मण्डल के संरक्षक द्वारा गणेश पूजन-अष्ठ प्रहर की ज्योत प्रज्वलित, मुख्य अतिथि पूर्व सांसद महेश पोद्दार द्वारा 56 वां प्रेम पुष्प का विमोचन, मुंबई से पधारे प्रसिद भजन गायक साकेत बैरोलिया, श्याम मण्डल गुमला – मनोज सैन द्वारा भजनों की अमृत वर्षा होगी.

गुमला के सिसई में सड़क हादसा, पति-पत्नी की मौत, पुत्र घायल

गुमला के सिसई प्रखंड में सड़क हादसे में शुक्रवार को दंपती की मौत हो गयी, वहीं बेटा जयश्री उरांव (20 वर्ष) घायल हो गया. मृतकों में लकेया गांव निवासी नंदराम उरांव (50 वर्ष) व मुन्नी देवी (45 वर्ष) शामिल हैं. घायल जयश्री उरांव का इलाज सिसई के एक निजी अस्पताल में चल रहा है. डॉक्टर ने उसे खतरे से बाहर बताया है.

करमा पूजा का अवकाश 25 सितंबर को, अधिसूचना जारी

रांची: करमा पूजा का अवकाश अब 25 सितंबर को होगा. इसकी अधिसूचना जारी कर दी गयी है. पहले 10 सितंबर को करमा पूजा की छुट्टी घोषित की गयी थी.

Jharkhand Breaking News LIVE: गुमला के मजदूर की अंडमान निकोबार में मौत, शव लाने की गुहार
विज्ञापन
विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola