Jharkhand Breaking News LIVE: चतरा में देसी पिस्टल के साथ 20 सूत्री उपाध्यक्ष समेत तीन अरेस्ट
Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
चतरा में एंटी क्राइम चेकिंग, देसी पिस्टल व गोली के साथ 20 सूत्री उपाध्यक्ष समेत तीन गिरफ्तार
चतरा, तसलीम: सदर पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान चतरा-डोभी मुख्य मार्ग स्थित भुईयांडीह के पास से एक देसी पिस्टल व अन्य हथियार के साथ कुंदा प्रखंड 20 सूत्री उपाध्यक्ष सहित तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों में कुंदा थाना क्षेत्र के बोधाडीह गांव निवासी 20 सूत्री उपाध्यक्ष कमलेश कुमार यादव (पिता विरेंद्र यादव) के अलावा उसी गांव के छोटू यादव (पिता नारायण यादव) व राजेंद्र यादव (पिता चरकु यादव) शामिल हैं. अपराधियों के पास से एक देसी पिस्टल मैगजीन सहित, दो जिंदा गोली, एक बोलेरो वाहन (जेएच 01 सीयू 7947) व तीन मोबाइल जब्त किया गया. यह जानकारी एसडीपीओ अविनाश कुमार ने सदर थाना परिसर में प्रेस कांफ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर दुर्गा पूजा को लेकर भुईयांडीह के पास एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी क्रम में उन्हें ये सफलता मिली.
हजारीबाग बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बने राजकुमार राजू
हजारीबाग: हजारीबाग बार एसोसिएशन का अध्यक्ष अधिवक्ता राजकुमार राजू बने. उन्हें 387 मत मिले हैं. अधिवक्ता जवाहर को 374 मत और भैया संजय कुमार को 64 मत मिले. अधिवक्ता राजकुमार राजू दूसरी बार बार एसोसिएशन के अध्यक्ष बने हैं. वर्तमान में झारखंड बार काउंसिल के सदस्य भी हैं. हजारीबाग बार भवन में अन्य पदाधिकारियों के मतों की गिनती जारी है.
सीएम हेमंत सोरेन ने बांधगाड़ी दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडाल का किया अनावरण
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शारदीय नवरात्र की षष्ठी के अवसर पर बांधगाड़ी दुर्गा पूजा समिति के पूजा पंडाल का अनावरण किया. मां दुर्गा के दरबार में शीश नवाकर उन्होंने झारखंड की उन्नति, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की.
झारखंड प्रशासनिक सेवा के 18 अफसरों की सेवा पंचायती राज विभाग को
रांची: झारखंड प्रशासनिक सेवा के 18 अफसरों की सेवा पंचायती राज विभाग को सौंपी गयी है. जिला पंचायती राज पदाधिकारी के पद पर पदस्थापना को लेकर इनकी सेवा पंचायती राज विभाग को सौंपी गयी है.
चक्रधरपुर में कार ने चार राहगीरों को रौंदा, दो की हालत नाजुक
चक्रधरपुर: रांची-चाईबासा मुख्य मार्ग पर चक्रधरपुर शहर के शहीद भगत सिंह चौक पर तेज रफ्तार कार ने राह चलते चार लोगों को रौंद दिया. इसके बाद कार चालक फरार हो गया. शीतला मंदिर निवासी प्रमोद कुमार, शांति नगर निवासी हार्दिक कुमार, चांदमारी निवासी सिराज खान, पुरानी रांची रोड निवासी चंचल कुमार समेत कई लोग भगत सिंह चौक पर आवाजाही कर रहे थे. तभी अचानक रांची की ओर से तेज रफ्तार कार चाईबासा की ओर जा रही थी. भगत सिंह चौक पर कार ने चारों को रौंद दिया. इसमें दो की हालत गंभीर है.
चुटिया के श्री राम मंदिर में दुर्गा वाहिनी मातृ शक्ति ने किया गया शस्त्र पूजन, निकली शोभायात्रा
रांची: श्रीराम मंदिर चुटिया में विश्व हिंदू परिषद की महिला इकाई दुर्गा वाहिनी मातृ शक्ति दीदी के द्वारा शस्त्र पूजन व शोभायात्रा निकाली गयी. इस मौके पर रांची महानगर की पूर्व महापौर आशा लकड़ा को कैलाश केशरी ने शस्त्र देकर समानित किया. आशा लकड़ा ने बताया कि आज की महिला को शस्त्र की जरूरत है. इस मौके पर मातृ शक्ति प्रांत प्रमुख दीपा रानी कुंज, विहिप महानगर अध्यक्ष कैलाश केसरी, प्रांत प्रचार प्रसार सह प्रमुख प्रकाश रंजन, दुर्गा वाहिनी महानगर सहप्रमुख समृद्धि कुमारी, बबिता हिन्दू, इंद्राणी रॉय,उषा देवी, ममता, सुरूति देवी, रेनू सिंह, ललिता ओझा, रेखा महतो, रेखा केशरी, बबिता वर्मा, ममता देवी, मीना देवी, पूजा सिंह, सीता देवी, कुन्ती देवी, चम्पा देवी, पुष्पा देवी एवं अन्य लोग मौजूद थे.
लेखक के बारे में
By Jaya Bharti
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए