Jharkhand Breaking News LIVE: लातेहार के चंदवा में हाथियों का उत्पात, फसलों को रौंदा, किसान परेशान

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

विज्ञापन

लातेहार के चंदवा में हाथियों का उत्पात, फसलों को रौंदा, किसान परेशान

चंदवा: लातेहार के चंदवा प्रखंड की चकला पंचायत अंतर्गत पड़वा हरैया गांव में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है. पिछले दो वर्षों से भी अधिक समय से हाथियों का झुंड प्रखंड के कई गांवों में तबाही मचा रहा है. रविवार की देर रात फिर से जंगली हाथी पड़वाप हरैया गांव पहुंचे गये. यहां ग्रामीण महेश मुंडा, अजय मुंडा, अनुज मुंडा, लालमुनी देवी, शोभा देवी, मोनिका देवी, फुलमनी देवी, पांडेय पाहन व अन्य किसानों के फसलों को खाकर व रौंदकर नष्ट कर दिया. ग्रामीणों ने बताया कि जंगली हाथी लगातार परेशान कर रहे हैं. रात भर जागकर गुजारना पड़ रहा है. आलम यह है कि जंगली हाथी के डर से जान-माल की रक्षा को लेकर गांव-घर छोड़कर भागने की स्थिति बन गयी है. वन विभाग के अधिकारी व कर्मी भी हाथियों को क्षेत्र से भगाने में असफल साबित हो रहे हैं. विभाग द्वारा दिये गये सभी सुझाव व उपकरण बेकार साबित हो रहे हैं. रक्षा का प्रयास करने पर जंगली हाथी और उग्र होकर जान लेने पर उतारू हो रहे हैं. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जंगली हाथी को क्षेत्र से दूर भगाते हुए जानमाल की रक्षा की गुहार लगाई है.

लोहरदगा से अवैध हथियार के साथ अपराधी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

लोहरदगा, गोपी कुंवर: लोहरदगा पुलिस ने सेरंगदाग थाना क्षेत्र में अवैध हथियार लेकर घूम रहे एक अपराधी मो साहेब भट्ट को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. एसपी हरीश बिन जमां ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सेरेंगदाग थाना क्षेत्र के बिडनी में एक अज्ञात व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है जो आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है. गुप्त सूचना के आधार पर एसपी हरीश बिन जमां ने सेरंगदाग थाना प्रभारी एवं सैट 76 सशस्त्र बल का एक विशेष टीम गठित कर अज्ञात व्यक्ति की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया. गठित टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमला जिला के गौसनगर, थाना खड़ियापाड़ा निवासी 26 वर्षीय मो साहेब भट्ट पिता नूर मोहम्मद को बिडनी से एक देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया. एसपी ने बताया कि मो साहेब आपराधिक प्रवृत्ति का है. इसके ऊपर गुमला जिला में आठ मामले दर्ज हैं. गिरफ्तार युवक के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्तौल बरामद किया है. छापामारी दल में सेरेंगदाग थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार सहित सैट 76 के सशस्त्र बल मौजूद थे.

पानी में ऑक्सीजन की कमी से गेतलसूद डैम में मछलियों की हुई मौत, जांच रिपोर्ट सौंपी

रांची के गेतलसूद डैम (अनगड़ा) में मछलियों की मौत के बाद विभागीय मंत्री बादल पत्रलेख के निर्देश के बाद आज सोमवार को जिला मत्स्य पदाधिकारी ने विभाग को रिपोर्ट सौंप दी है. जिला मत्स्य पदाधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि चार केज में करीब 6-7 हजार मछलियों की मौत हुई थी. मछलियों की मौत पानी में ऑक्सीजन की कमी वजह से हुई है, जबकि पानी में पीएच मान, नाइट्रेट और अन्य अवयव उचित मात्रा में पाए गए हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि बारिश के मौसम में बदली छाए रहने की वजह से पानी में ऑक्सीजन कम हो जाता है. इसी वजह से यह घटना हुई है. रिपोर्ट में बताया गया है कि समिति के सदस्यों को बीज और फीड उपलब्ध करा दिया जायेगा. इसके साथ ही ऐसी स्थिति में नियमाकुल ध्यान देने की बात कही गई है.

संयुक्त राष्ट्र संघ के खाद्य और कृषि संगठन के सम्मेलन में भाग लेने डीएसपीएमयू के छात्र सुशांत भगत जाएंगे इटली

रांची: संयुक्त राष्ट्र संघ के खाद्य और कृषि संगठन, रोम (इटली) के सम्मेलन में सुशांत भगत भाग लेंगे. डीएसपीएमयू के मानवशास्त्र विभाग के छात्र सुशांत भगत का चयन संयुक्त राष्ट्र संघ के खाद्य और कृषि संगठन के रोम में होने वाले सम्मेलन के लिए किया गया है. सुशांत रोम में आदिवासी समुदाय के पारंपरिक ज्ञान के साथ पारंपरिक खेती के विषय में बात रखेंगे. संयुक्त राष्ट्र वैश्विक स्वदेशी युवा मंच ने 400 से भी अधिक आवेदनों में से सुशांत को व्यक्तिगत रूप से भाग लेने के लिए चयन किया है. 16-20 अक्टूबर तक रोम, इटली में संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (FAO) में सम्मेलन होगा. सुशांत अपने शिक्षक डॉ अभय सागर मिंज़ के साथ जनजातीय देशज ज्ञान एवं संस्कृति पर अध्ययन कर रहे हैं. डीएसपीएमयूके कुलपति प्रो तपन कु मार शांडिल्य एवं कुलसचिव डॉ नमिता सिंह ने सुशांत को बधाई दी.

Jharkhand Breaking News LIVE: लातेहार के चंदवा में हाथियों का उत्पात, फसलों को रौंदा, किसान परेशान

टिनप्लेट कंपनी के कर्मियों को मिलेगा 20 प्रतिशत बोनस, समझौते पर हुआ हस्ताक्षर

जमशेदपुर, अशोक झा: टिनप्लेट कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड (टीसीपीएल) के कर्मचारियों को इस साल भी 20 प्रतिशत बोनस मिलेगा. सोमवार की शाम कंपनी प्रबंधन और यूनियन के बीच बोनस समझौते पर हस्ताक्षर हुआ. टाटा स्टील की तरह टिनप्लेट में बोनस का फॉर्मूला बना हुआ है. पिछले साल पुराने ग्रेड के कर्मचारियों को अधिकतम 81,616 रुपये व न्यूनतम 33,743 रुपये, जबकि एनएस ग्रेड के कर्मचारियों को अधिकतम 60,843 रुपये और न्यूनतम 18,459 रुपये मिला था.

साहिबगंज में गुमानी नदी में नहाने के दौरान डूबने से तीन चचेरी बहनों की मौत, पसरा मातम

बरहेट (साहिबगंज), विकास: साहिबगंज जिला अंतर्गत बरहेट थाना क्षेत्र अंतर्गत गुमानी नदी के खैरवा घाट पर नहाने के दौरान तीन बच्चियों की डूबकर मौत हो गयी है. मिली जानकारी के अनुसार रांगा थाना क्षेत्र के मोदीकोला निवासी मनताशा परवीन (10 वर्ष), तालझारी थाना क्षेत्र के तालझारी निवासी सीमा खातून (11 वर्ष), बरहेट थाना क्षेत्र के खैरवा निवासी समीरन खातून (12 वर्ष) अपने परिजनों के साथ शुक्रवार को खैरवा गांव नीचे टोला निवासी रेहान अंसारी के शादी समारोह में आयी हुई थी. सोमवार को जब बहूभोज कार्यक्रम चल रहा था, इसी दौरान दोपहर करीब 12 बजे वे तीनों अपने परिजनों को बिना बताये गुमानी नदी में नहाने चली गयीं. इस दौरान गहरे पानी में चले जाने से एक-दूसरे को बचाने के क्रम में तीनों की मौत हो गयी.

विज्ञापन
विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola