Jharkhand Breaking News: पतरातू में अमन साहू के गुर्गे के साथ मुठभेड़ में एटीएस डीएसपी और दारोगा घायल
झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
पतरातू में अमन साहू के गुर्गे के साथ मुठभेड़ में एटीएस डीएसपी और दारोगा घायल
रामगढ़ : अमन साहू गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करने गई एटीएस की टीम के साथ पतरातू इलाके में मुठभेड़ हुई. इस मुठभेड़ में एटीएस के डीएसपी नीरज कुमार और दारोगा सोनू साव गोली लगने से घायल हो गये. बताया गया कि डीएसपी के पेट में गोली लगी है, वहीं दारोगा के पैर में गोली लगी है. दोनों को रांची के मेडिका में भर्ती कराया गया है. दोनों घायलों का हाल जानने कई सीनियर अधिकारी मेडिका पहुंचे हैं.
8 सूत्री मांग को लेकर रांची नगर आयुक्त से मिले निगम कर्मी के प्रतिनिधिमंडल
रांची : रांची नगर निगम के कर्मचारियों के 8 सूत्री मांगों को लेकर एक प्रतिनिधि मंडल रांची नगर आयुक्त से मिलकर उन्हें ज्ञापन सौंपा. इस दौरान अपनी जायज मांगों को जल्द से जल्द लागू करने का आग्रह किया. इस पर नगर आयुक्त ने आश्वासन देते हुए कहा कि आपलोगों की सभी मांगें न्यायसंगत है. इसे सख्ती से लागू करने का निर्देश जारी किया है. कहा कि सभी कर्मियों को बैंकों के माध्यम से वेतन भुगतान, बसों में भाड़ा चार्ट, महिला बस में महिला कंडक्टर एवं कोई भी नोडल एजेंसी टेंडर लेगी, वो सभी पुराने कर्मचारियों की सेवा जारी रखेगी. प्रतिनिधिमंडल में सीपीआई के अजय सिंह, झामुमो के महानगर के पूर्व प्रवक्ता जीत गुप्ता, यूनियन के नेता इम्तियाज अहमद खान, नीरज सिंह, सिमरन मिंज शामिल थी.
गुमला में भारतीय पुरातत्व विभाग के सहायक के साथ मारपीट, केस दर्ज
सिसई (गुमला) : भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के संरक्षक सहायक सिमर कुमार ने नगर गांव निवासी दामोदर सिंह सहित दो-तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ जान से मारने का प्रयास, बंधक बनाने, फिरौती मांगने, गोली मारने की धमकी देने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया. बताया गया कि सिमर कुमार भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग, रांची मंडल के संरक्षक सहायक के पद पर कार्यरत वर्तमान में नगर स्थित नवरत्नगढ़ में विभाग के आदेश पर कार्यरत हैं. 15 जुलाई की शाम करीब साढ़े चार बजे नवरत्नगढ़ में काम कर रहे मजदूरों से बात कर रहा था. इसी दौरान दामोदर सिंह अपने दो-तीन सहयोगियों के साथ नवरत्नगढ़ परिसर आया और उसके साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट किया. अपने सहयोगियों से मिलकर मेरा मोबाइल छीन कर तोड़ दिया. इस दौरान दामोदर व उनके सहयोगियों द्वारा मुझे दो घंटे तक बंधक बना कर रखा गया. उसे जाति सूचक गाली भी दिया गया. वहीं, लेवी देने की शर्त पर उसे छोड़ा गया. सिमर कुमार ने आवेदन में दामोदर और उसके सहयोगियों से अपने जान का खतरा की आशंका जाहिर किया है.
सिमडेगा के जलडेगा में दो सगे भाईयों की हत्या, जांच में जुटी पुलिस
सिमडेगा, रविकांत साहू : सिमडेगा जिला अंतर्गत जलडेगा थाना इलाके के मुंडुटोली गांव में सोमवार को एक व्यक्ति ने दो सगे भाइयों की हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार, गांव के दो सगे भाई 45 वर्षीय पीटर जोजो और 47 वर्षीय आशीफ जोजो पिता सबन जोजो को नवीन भेंगरा पिता कल्याण भेंगरा ने जलावन की लकड़ी से मारकर मौत के घाट उतार दिया. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दिनों पीटर जोजो एवं आशीफ जोजो की मां को नवीन भेंगरा ने मार कर घायल कर दिया था. उसके बाद उसे सदर अस्पताल में उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स भेज दिया गया था. जो अभी इलाजरत है. इसी बात से गुस्साए आशीफ और पीटर दोनों भाई नवीन भेंगरा के घर सोमवार को गए थे. घर के अंदर दोनों पक्ष के बीच कहासुनी हुई. इसी क्रम में जलावन की लकड़ी से घर के अंदर ही दोनों भाईयों को मारकर मौत के घाट उतार दिया. इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, पंचायत की मुखिया घटनास्थल पर पहुंचे. दोनों शवों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया. वहीं, हत्या के आरोपी नवीन भेंगरा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
गुमला के घाघरा में तेज रफ्तार बाइक ने बच्चे को रौंदा, हुई मौत
गुमला : घाघरा थाना के गम्हरिया गांव के समीप सोमवार की शाम को तेज रफ्तार बाइक सवार ने हापामुनी निवासी योगेंद्र उरांव के छह वर्षीय पुत्र प्रिंस उरांव को धक्का मारते हुए घटनास्थल से फरार हो गया. परिजनों ने गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया. जहां जांच के उपरांत डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी देते हुए मृतक के पिता जोगेंद्र उरांव ने बताया कि घर से कुछ दूरी पर बच्चा कुछ सामान खरीदने गया था. तेज रफ्तार बाइक सवार ने धक्का मार दिया.
पलामू के साहित्य समाज चौक के पास जुआ खेलते नाबालिग पकड़ाया
पलामू, सैकत चटर्जी : पलामू के प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर के साहित्य समाज चौक से पुलिस लाइन जाने वाली रोड में निगम द्वारा निर्मित बड़ा नाली के पास पिछले एक माह से कुछ नाबालिग मनचले शाम को जुआ खेलते हुए पाए जाते थे. सोमवार की शाम स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस ने टीओपी-एक के प्रभारी रेवा शंकर राणा के नेतृत्व में जुआ खेल रहे नाबालिग को पकड़ा. बाद में उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया. टीओपी प्रभारी ने बताया कि यह इनकी पहली गलती थी और उम्र भी कम होने के कारण चेतावनी देकर छोड़ गया है. पुलिस के इस करवाई से स्थानीय लोगों में खुशी है. मालूम हो कि इन दिनों शहर के सदर अस्पताल के एएनएम हॉस्टल के पीछे, बड़ा तालाब पार्क, आयुक्त कार्यालय, नवाटोली तालाब आदि जगह में भी शाम को मनचले इकट्ठा होकर शराब पीने और जुआ खेलने का काम करते हैं. लोगों का कहना है कि इन स्थानों पर भी पुलिस को छापामारी करना चाहिए.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए