Jharkhand Breaking News Live: झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ का दीपावली मिलन, सम्मानित हुए प्रतिभावान छात्र
झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ….
झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ का दीपावली मिलन समारोह, सम्मानित किए गए प्रतिभावान छात्र
रांची: झारखंड थोक वस्त्र विक्रेता संघ का दीपावली मिलन समारोह कांके रोड स्थित बैंक्वेट हॉल में मनाया गया. मुख्य अतिथि के रूप में सांसद संजय सेठ, विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व उपमहापौर संजीव विजयवर्गीय, FJCCI के अध्यक्ष किशोर मंत्री उपस्थित हुए. संघ के पूर्व अध्यक्ष संतोष जैन, दाउ लाल मोहता, शिव भगवान अग्रवाल, प्रकाश चंद सेट्टी, अजय बथवाल, पंकज पोद्दार ,मनोज सिंघानिया ,प्रवीण लोहिया ,अनिल जलान, प्रकाश अरोड़ा को संघ की ओर से संजय सेठ को अंग वस्त्र और मोमेंटो देकर उनका अभिनंदन किया गया. संघ के पूर्व अध्यक्षों के हाथों से दीपावली लॉटरी का भी आयोजन संपन्न कराया गया. प्रथम पुरस्कार के रूप में 11 चांदी के सिक्के डी डी सेल्स को, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 7 चांदी के सिक्के जवालादत प्रहलाद राय एवं तृतीय पुरस्कार के रूप में चार चांदी के सिक्के वेरायटी फैब्रिक्स एवं 11 सदस्यों के बीच सांत्वना पुरस्कार के रूप में 11 चांदी के भी सिक्के का उपहार दिया गया. कृष्णा लखोटिया, यश बोहरा को 10वीं और 12वीं की परीक्षा में 98% प्राप्त करने पर प्रतिभा सम्मान पुरस्कार दिया गया. कार्यक्रम का संचालन सचिव प्रमोद सारस्वत ने किया.
खूंटी में अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों की मौत, जांच में जुटी पुलिस
खूंटी, चंदन: खूंटी जिले में गुरुवार को अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गयी. पहली घटना में खूंटी थाना क्षेत्र के सिलादोन में फांसी लगाकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली. मृतक की पहचान गांव के ही रमेश महतो (18 वर्ष) के रूप में की गयी है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है. खबर लिखे जाने तक उसके आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका था. इस मामले में पुलिस यूडी केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है. दूसरी घटना में मुरहू थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार के गिरने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान इंदीपीड़ी निवासी रंजीत हुन्नी पूर्ति (33 वर्ष) के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार वह अपनी बाइक पर सवार होकर गांव से हटिया जा रहा था. इसी क्रम में बंदगांव-मुरहू पथ में जाते के पास अनियंत्रित होकर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया. एक अन्य घटना में सायको थाना क्षेत्र के बलंगा गांव में एक कुंआ से एक शव बरामद किया गया है. मृतक की पहचान मनसा मुंडा नाग (59 वर्ष) के रूप में की गयी है. पुलिस उसकी मौत की छानबीन कर रही है. खूंटी के अनिगड़ा स्थित इंडियन ऑयल टर्मिनल के पास गुरुवार को एक अज्ञात तेल टैंकर ने एक व्यक्ति को टक्कर दिया. इससे उसकी मौत हो गयी. उसकी पहचान सोसोटोली निवासी बिरसा मुंडा (40 वर्ष) के रूप में की गयी है. जानकारी के अनुसार वह राजमिस्त्री का काम किया करता था. गुरुवार को वह अपनी साइकिल से खूंटी की ओर जा रहा था. इसी क्रम में इंडियन ऑयल टर्मिनल के पास पीछे से एक टैंकर ने उसे टक्कर मार दिया और फरार हो गया. टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपा जाएगा.
पलामू में कार हादसे में घायल व्यक्ति की मौत
मेदिनीनगर, सैकत: पलामू जिले के मेदिनीनगर में हुई एक कार दुर्घटना में रेहला थाना क्षेत्र के सुलम दाग निवासी हरिहर राम के पुत्र उपेंद्र चंद्रवंशी की मौत हो गई. मृतक उपेंद्र चंद्रवंशी अपने ससुर सीताराम राम को इलाज कराने मेदिनीनगर में डॉक्टर अरुण शुक्ला के हॉस्पिटल में आए थे. एक वैगन आर कार (जेएच 01वी एक्स 1772) ने उन्हें धक्का मार दिया. उन्हें एमएमसीएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
हजारीबाग के बरकट्ठा में ट्रक-टैंकर की भिड़ंत, दोनों ड्राइवरों की मौत
बरकट्ठा (हजारीबाग), रेयाज खान: हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड क्षेत्र के ग्राम गोरहर पुल के समीप जीटी रोड पर वाहनों की भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई. गुरुवार की रात बरही की ओर से आ रही टैंकर (एनएल 02 क्यू 9066) तथा बगोदर की ओर से आ रहे सीमेंट लदे ट्रक ( जेएच 05 डीके 8875) के बीच आमने-सामने से टक्कर हो गई. हादसें में दोनों वाहन के चालक की मौके पर ही मौत हो गई. मामले की सूचना मिलते ही गोरहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला. मृतक दोनों चालक की पहचान नहीं हो पाई है. दुर्घटना के बाद एनएच दो जाम हो गया.
पलामू में कजरी बस की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत, एक घायल
मेदिनीनगर, सैकत: पलामू जिले के छत्तरपुर के कॉलेज मोड़ के पास पेट्रोल पम्प के समीप कजरी नामक बस ने एक बाइक को तेज गति से टक्कर मार दी. इस दुर्घटना में बाइक सवार एक की मौत, एक गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना के अनुसार दुर्घटना में मृतक व्यक्ति मेदिनीनगर के रहने वाला था, जिसका नाम प्रशांत कुमार बताया जा रहा है. वह स्थानीय न्यूज चैनल का टेक्निकल स्टाफ था.
झारखंड कैबिनेट की बैठक 22 नवंबर को
रांची: मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग (समन्वय) द्वारा सूचित किया गया है कि मंत्रिपरिषद् (कैबिनेट) की बैठक 22 नवंबर को अपराह्न 4 बजे से प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी.
लेखक के बारे में
By समीर उरांव
इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए