Jharkhand Breaking News LIVE: सड़क निर्माण कंपनी की लापरवाही, पलामू में गड्ढे में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

विज्ञापन

सड़क निर्माण कंपनी की लापरवाही, पलामू में गड्ढे में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत

मेदिनीनगर: पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र के दीनादाग पंचायत भवन के समीप पानी से भरे गड्ढे में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार दीनादाग गांव के बजराही टोला के लालदेव यादव के नौ वर्षीय पुत्री किरण व सात वर्षीय पुत्र नीतिश कुमार उत्क्रमित मध्य विद्यालय दीनादाग पढ़ते थे. स्कूल से छुट्टी होने के बाद दोनों भाई बहन घर लौट रहे थे. इसी दौरान देवगन पंचायत भवन के समीप पानी भरे गड्ढे में फिसलकर दोनों गिर गये. गड्ढा में काफी पानी होने के कारण दोनों बच्चों की डूबने से मौत हो गयी. परिजनों ने बताया कि स्कूल से छुट्टी होने के बाद दोनों बच्चे घर आ रहे थे. इसी क्रम में पंचायत भवन के पास बने गड्ढे में दोनों बच्चे गिर गये.स्कूल साथ गये बच्चे गांव में पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी. गांव के लोग घटनास्थल पहुंचे, तब तक दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी.मृतक के पिता लादेव यादव ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए शिवालया कंपनी के द्वारा मिट्टी का कटाव किया गया है. इस कारण पंचायत भवन के पास गड्ढा हो गया था. बारिश में गड्ढा में पानी भर गया था. जिसके कारण घटना घटी है. उन्होंने बताया कि सीढ़ी लगाकर गड्ढा से दोनों बच्चों के शव को निकाला गया.घर से घटनास्थल की दूरी करीब 300 फीट है. पंचायत के मुखिया सविता देवी व उनके पति श्रवण राम ने कहा कि शिवाल्या कंस्ट्रक्शन के लापरवाही के कारण दोनों बच्चों की मौत हुई है. मुखिया ने मृतक बच्चों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है. साथ ही गड्ढों को तार से घेराव कराने की बात कही है ताकि घटना की पुनरावृति न हो सके. परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है.

खूंटी से सड़क हादसा, दो की मौत, एक बच्चा घायल

खूंटी, चंदन: खूंटी-तोरपा रोड में जापुद सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गयी, वहीं एक बच्चा घायल हो गया. मृतकों में हुटार निवासी संजय सोय( 50 वर्ष) और जमुवादाग निवासी राहुल लोहरा (13 वर्ष) शामिल हैं. वहीं घायलों में सात वर्षीय राहुल लोहरा शामिल है. जानकारी के अनुसार कुल नौ लोग अलग-अलग तीन बाइक पर सवार होकर जितिया में मेहमानी के लिए जम्हार समुंदर गांव गये थे. सोमवार की शाम सभी वापस लौट रहे थे. संजय, राहुल और रोहित तीनों एक बाइक में सवार थे. वापसी के क्रम में जापुद के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से टक्कर हो गयी. इसमें संजय और राहुल की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं रोहित घायल हो गया. उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां से रिम्स रेफर कर दिया गया. मृतक राहुल और घायल रोहित दोनों भाई हैं.

गुरुनानक देव जी का ज्योति ज्योत पर्व 11 अक्टूबर को

रांची: श्री गुरुनानक देव का ज्योति ज्योत पर्व गुरुद्वारा श्रीगुरुसिंह सभा, मेन रोड के तत्वावधान में बुधवार को मनाया जायेगा. इस समय दिन के 11:30 से 2:30 बजे तक निर्धारित है. इसकी समाप्ति के बाद गुरु का लंगर अटूट बटेगा. गुरुद्वारा साहिब के महासचिव सरदार गगनदीप सिंह सेठी ने बताया कि रागी जत्था भाई अनंतवीर सिंह यूएसए वाले भी आ रहे हैं. वहीं गुरुनानक देव जी के प्रकाश पर्व को लेकर 15 अक्टूबर को गुरुद्वारा साहिब मेन रोड में आम सभा होगी.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की दरगाह पर चादरपोशी की

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उर्स मुबारक के अवसर पर राजधानी रांची के डोरंडा स्थित हजरत कुतुबुद्दीन रिसालदार बाबा की दरगाह पर अकीदत के साथ चादरपोशी कर राज्य के सर्वांगीण विकास, सलामती, सुख -समृद्धि और अमन-चैन की दुआ मांगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि रिसालदार बाबा की दरगाह सामाजिक सद्भाव और सौहार्द की प्रतीक है. यह शांति, एकता, भाईचारा और प्रेम का पैगाम देती है. यह दरगाह वर्षों से हर धर्म और समुदाय के आस्था एवं श्रद्धा का केंद्र बनी हुई है. इससे पूर्व दरगाह कमेटी की ओर से मुख्यमंत्री का परंपरानुसार स्वागत किया गया.

कोडरमा में फाइनेंस कंपनी का अधिकारी बन करते थे ठगी, नौ साइबर ठग गिरफ्तार

कोडरमा बाजार : पुलिस ने साइबर ठगी के मामले का उद्भेदन करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. आरोपियों को पुलिस ने तिलैया थाना क्षेत्र के गांधी स्कूल रोड के अलग-अलग जगह से पकड़ा है. गिरफ्तार सभी अपराधी पश्चिम बंगाल और बिहार राज्य के अलग-अलग जगहों के हैं और ये फाइनेंस कंपनी का अधिकारी बनकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करते थे.

लातेहार के बालूमाथ से अपहृत नाबालिग का अपहरण के 54 घंटे बाद भी सुराग नहीं

बालूमाथ : प्रखड मुख्यालय स्थित पुराने कस्तूरबा विद्यालय के समीप से शनिवार को एक नाबालिग लड़की के अपहरण के 54 घंटे बाद भी पुलिस को उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है. लड़की के परिजन किसी अनहोनी को लेकर सशंकित हैं. सोमवार को परिजनों ने घूम-घूम कर बालूमाथ बाजार बंद कराया. सभी समुदाय के लोगों ने प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजारटांड़ में बैठक की. इसमे उपस्थित लोगों ने अपने-अपने विचार रखे. इसके बाद बालूमाथ थाना पहुंचकर लड़की के सकुशल बरामदगी के लिए बालूमाथ पुलिस प्रशासन से अपील की. बालूमाथ प्रभारी एसडीपीओ सह एसआईटी प्रभारी दिलु लोहरा ने बताया कि लड़की की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस अलग-अलग टीम बनाकर छापामारी अभियान चला रही है. जल्द ही उसकी बरामदगी हो जाएगी. पुलिस अब तक कई युवकों को हिरासत में लेकर लड़की की सकुशल बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Jaya Bharti

लेखक के बारे में

By Jaya Bharti

This is Jaya Bharti, with more than two years of experience in journalistic field. Currently working as a content writer for Prabhat Khabar Digital in Ranchi but belongs to Dhanbad. She has basic knowledge of video editing and thumbnail designing. She also does voice over and anchoring. In short Jaya can do work as a multimedia producer.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola