Live Updates

Jharkhand Breaking News: सिमडेगा के चेंगजोर गांव में हाथी की चपेट में आने से रेंजर घायल

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…

विज्ञापन

सिमडेगा के चेंगजोर गांव में हाथी की चपेट में आने से रेंजर घायल

सिमडेगा : केरसई प्रखंड के चेंगजोर गांव में रेंजर नथुनी सिंह और वनकर्मी गांव वालों को मशाल जलाकर हाथी भगाने की जानकारी दे रहे थे. इसी क्रम में चर्च के सामने ही अचानक तीन हाथी आ धमका. जंगली हाथियों के आते ही अफरा-तफरी मच गयी. ग्रामीण भाग गए. रेंजर गाड़ी में बैठ गये. इसी बीच रेंजर नथुनी सिंह हाथी से बचने के लिए गाड़ी से उतरकर एक छोटे से कच्चे घर में छुप गये. इसी दौरान उसी घर को जंगली हाथी नष्ट करने लगे. खपड़ा आदि मलबा रेंजर के शरीर पर गिरता रहा, लेकिन रेंजर चुपचाप बैठे रहे. इसी क्रम में दूसरी दिशा में स्थित एक अन्य हाथी की नजर रेंजर पर पड़ गयी. इसी बीच जंगली हाथी ने रेंजर को अपनी सूड़ में लेकर हवा में उछाल दिया. इसी दौरान उनके साथ गये वनकर्मी व कुछ ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए मशाल आदि के सहारे हाथी की चुंगल से रेंजर को बचाने में सफल हो गये. घायल रेंजर को सदर अस्पताल इलाज के लिए भर्ती कराया गया.

चाकुलिया में छात्र के ऊपर बिजली के खंभे गिरने से हुई मौत

चाकुलिया : पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत चाकुलिया के केएनजे हाई स्कूल में पढ़ने वाले आठवीं कक्षा के छात्र सूरज महतो (14 वर्ष) के ऊपर बिजली का खंभा गिरने से मौत हो गई. सूरज महतो चाकुलिया प्रखंड अंतर्गत लोधाशोली पंचायत स्थित राजबांध का रहने वाला था. वह अपने पिता रोहिणी महतो का इकलौता पुत्र था. पुराना बिजली का खंभा सूरज के ऊपर गिरने से उसके सिर पर गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. मुआवजा की मांग को लेकर झामुमो एवं भाजपा नेताओं के साथ काफी संख्या में लोग अस्पताल में डटे रहे. दो घंटे तक बिजली विभाग के पदाधिकारियों के अस्पताल नहीं पहुंचने से नाराज प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय के नेतृत्व में झामुमो नेता अस्पताल के मुख्य दरवाजे के समीप सड़क जाम कर बैठ गए. इसी बीच बिजली विभाग के सहायक अभियंता शिवनंदन महतो मौके पर पहुंचे. जिसके बाद जाम हटा. वहीं, मृतक के परिजनों को पांच लाख का मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया. वहीं, बिजली विभाग द्वारा श्राद्ध कर्म के लिए तत्काल 25,000 रुपये दी गयी.

चतरा में घरेलू विवाद में पत्नी ने पति को जिंदा जलाया, हजारीबाग रेफर

चतरा : सदर थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में पत्नी ने घरेलू विवाद और प्रताड़ना से तंग आकर गुरुवार की रात पति विनोद भुइयां पर केरोसिन तेल उड़ेलकर आग लगा दी. घटना के बाद विनोद की स्थिति गंभीर बनी हुई है. तत्काल सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. वहीं, सदर थाना पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में परिजनों ने बताया कि विनोद भारती आये दिन नशे में धुत होकर घर में पत्नी के साथ मारपीट और गाली-गलौज किया करता था. इससे तंग आकर पत्नी ने रात को घर के कमरे में पति के पैर-हाथ बांधकर कपड़े से ढक कर केरोसिन तेल उड़ेलकर आग लगा दी. चिल्लाने के बाद परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला. उसके बाद उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गये.

गुमला के बसिया में 2 युवकों की मौत, ग्रामीणों ने एंबुलेंस में की तोड़फोड़

गुमला : बसिया थाना स्थित कलिगा गांव की मुख्य सड़क पर डुमरटोली निवासी शेख दिलशाद उर्फ जेरकू (25 वर्ष) और किंदिरकेला गांव के अफसर खान (25 वर्ष) का शव मिला है. शव मिलने के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे. कलिगा के समीप राउरकेला-रांची मार्ग जाम कर दी. इस दौरान सड़क से पार कर रही एंबुलेंस में तोड़फोड़ किया. शव उठाने के लिए पुलिस गयी थी, लेकिन ग्रामीणों ने शव उठाने नहीं दिया. प्रशासन के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया. यहां तक कि मीडियाकर्मियों को भी फोटो खींचने और वीडियो बनाने पर रोक लगा दिया. सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि दोनों युवक की सड़क हादसे से मौत नहीं हुई है, बल्कि बीच सड़क पर दोनों की हत्या की गयी है. ग्रामीणों के अनुसार, दोनों युवकों की किसी तेज धारदार हथियार से हत्या की गयी. वहीं, बाइक की टंकी को भी छेद कर दिया गया है.

हॉकी वर्ल्ड कप ट्रॉफी पहुंचा रांची, कल जमशेदपुर शहर में घुमाया जायेगा

रांची : मेंस हॉकी वर्ल्ड कप झारखंड की राजधानी रांची पहुंच गया है. शाम 6:30 बजे असम से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचा. इसे कल यानी 10 दिसंबर को जमशेदपुर शहर में घुमाया जायेगा. वहीं, 11 दिसंबर को रांची शहर में इस ट्रॉफी को घुमाया जाएगा. इस बार ओड़िशा में मेंस हॉकी वर्ल्ड कप का आयोजन किया जा रहा है. इसके पहले कप को देश भर में घुमाया जा रहा है.

सिमडेगा के गंझूटोली में हाथियों के झुंड ने एक युवक को पटक कर मार डाला

सिमडेगा : कुरडेग थाना क्षेत्र की हेठमा पंचायत के सागजोर गंझुटोली में हाथियों के झुंड ने एक युवक को कुचल कर मार डाला. साथ ही खलिहान में रखे धान को खा गये. जानकारी के मुताबिक, गंझूटोली निवासी 25 वर्षीय कमल प्रधान अपने खलिहान की रखवाली के लिए खलिहान में ही सोया था. इस क्रम में 15-20 की संख्या में हाथी वहां पहुंचे और धान को खाने लगे. हाथी खलिहान के चारों ओर फैले हुए थे. इसी बीच कमल प्रधान को भी चपेट में ले लिया. चारों ओर से हाथियों से घिरे होने के कारण कमल प्रधान भाग नहीं सका और हाथियों ने उसे पटक-पटककर मार डाला. ग्रामीणों ने सुबह में प्रशासन को जानकारी दी. सूचना पर थाना प्रभारी मुन्ना रामानी, प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्ञानमणि एक्का, अंचल अधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की और रेंजर नथुनी सिंह घटनास्थल पर पहुंचे. इस दौरान रेंजर द्वारा तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि परिवार वालों को दी गयी. वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola