Jharkhand Breaking News LIVE: शौर्य जागरण रथयात्रा एवं रांची में धर्मसभा की तैयारी को लेकर हुई बैठक
Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
शौर्य जागरण रथ यात्रा एवं धर्मसभा की तैयारी को लेकर बैठक
रांची: विश्व हिंदू परिषद् की युवा इकाई बजरंग दल की शौर्य जागरण रथयात्रा एवं 8 अक्टूबर को होने वाली धर्मसभा की तैयारी को लेकर नीलाद्री भवन जगन्नाथपुर, धुर्वा में बैठक की गई. इस बैठक की अध्यक्षता चंद्रकांत रायपत ने की. बैठक में प्रांत मंत्री डॉ बिरेंद्र साहू ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कहा 29 सितंबर से झारखंड प्रांत के चार स्थान क्रमशः खूंटी पलामू छात्र एवं दुमका चल रही शौर्य जागरण यात्रा रथ सफलता पूर्वक चल रहा है और हर जगह में उनका स्वागत भव्य रूप में किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि रांची में 8 अक्टूबर को होने वाली धर्म सभा के हम सभी स्वागतकर्ता होंगे. प्रांत से आए सभी राम भक्तों का हम स्वागत करेंगे. उन्होंने कहा कि धर्म सभा में अनेक संतों एवं अधिकारियों का मार्गदर्शन मिलेगा. आगामी श्री राम जन्मभूमि के भव्य मंदिर में विराजमान होने वाले राम लल्ला के संदर्भ में शंखनाद होगी.
बड़कागांव में प्रभा एनर्जी के साइट ऑफिस में सुरक्षाकर्मियों ने की तालाबंदी
बड़कागांव: बड़कागांव प्रखंड के कोयलंग में ओएनजीसी के अधीनस्थ कंपनी प्रभा एनर्जी मिथेन गैस कंपनी में सुरक्षाकर्मियों ने तालाबंदी की. ज्ञात हो कि प्रखंड के विभिन्न गांवों में इनके द्वारा मिथेन गैस निकालने का कार्य किया जा रहा है. बड़कागांव प्रखंड में ओएनजीसी के 6 पुराने साइट हैं, जिसमें चंदौल गांव में 3 साइट, तलश्वार गांव में एक साइट, कोयलंग गांव में एक साइट ऑफिस है और डोकाटांड़ गांव में एक साइट है. 16 दिसंबर 2016 को प्रत्येक साइट की देखरेख के लिए 4-4 रैयतों को गार्ड के रूप में नियुक्त किया गया था. पिछले 7 वर्षों से कुल 24 रैयत कांट्रेक्टर के माध्यम से गार्ड के रूप में अपनी सेवा ओएनजीसी के 6 साइटों में दे रहे हैं. 1 अक्टूबर को होमगार्ड के जवानों को कोयलंग साइट कार्यालय लाया गया है.होमगार्ड के जवानों को देख कर पूर्व से सुरक्षा का कार्य कर रहे गार्ड आक्रोशित हो गए. और कार्यालय के गेट पर ताला लगा कर विरोध करने लगे. सुरक्षा अधिकारी फैजल सिद्दीकी ने सुरक्षा कर्मियों को आश्वासन देते हुए 10 अक्टूबर को बैठक का समय लिया है. सुरक्षा अधिकारी के आश्वासन के बाद ताला खोल दिया गया.
2.35 किलो अफीम के साथ युवक गिरफ्तार, लातेहार से पहुंचाने आया था नामकुम
नामकुम(रांची), राजेश वर्मा: गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2.35 किलोग्राम अफीम के साथ शिवराज कुमार उर्फ शिवम कुमार (पिता संतोष प्रसाद, हेरहंज लातेहार) निवासी को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 2.35 किलोग्राम अफीम, एक टीवीएस बाइक (जेएच03एएच 2291), एक मोबाइल, 1200 रुपए नकद, एक चेन, दो ब्रासलेट एवं एक कड़ा जब्त किया है. जानकारी के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली सूचना के आधार पर ग्रामीण एसपी एवं एएसपी मुख्यालय प्रथम के निर्देश पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने रामपुर रिंगरोड में विनायका वेयर हाउस के समीप युवक को पकड़ा. युवक लातेहार से रामपुर में किसी दूसरे तस्कर को अफीम पहुंचाने आया था. टीम में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी, पुअनि रवि केशरी, सुनील मंडल, सअनि राजेश राय एवं सशस्त्र बल शामिल थे.
पितरों को पिंडदान करने बिहार के गया गयी बोकारो की महिला की मौत, पति लापता
फुसरो नगर: बोकारो जिले के चंद्रपुरा प्रखंड के अलारगो गांव स्थित सिमराकुल्ही टोला निवासी लखन महतो की पत्नी सबिया देवी (52 वर्ष) की मौत रविवार को बिहार के गया में हो गयी, वहीं उसका पति लखन महतो लापता बताया जा रहा है. दोनों ही पति-पत्नी 30 सितंबर को अपने पितरों के मोक्ष को लेकर पिंडदान करने गया गए हुए थे. इनके साथ गांव के कई और लोग भी गया गए हुए हैं.
गिरिडीह के राजगढ़िया मंदिर में 20 लाख की सोने की मूर्ति व कैश की चोरी
गिरिडीह, मृणाल: नगर थाना इलाके के बड़ा चौक स्थित राजगढ़िया मंदिर में चोरी हुई है. चोरों ने दिनदहाड़े घटना को अंजाम दिया है. करीब 20 लाख की सोने की मूर्ति व नकद की चोरी हुई है. जांच में पुलिस जुट गयी है.
बंदगांव में भारी बारिश से घर ध्वस्त, परिवार हुआ बेघर
बंदगांव, पश्चिमी सिंहभूम: कराईकला पंचायत के डूबसूरी गांव में भारी बारिश के कारण डूबसूरी गांव निवासी पप्पू मुखी का घर गिर गया. इससे पूरा परिवार सड़क पर आ गया है. पप्पू मुखी ने जानकारी देते हुए कहा कि मेरा एक ही घर था, जो कि भारी बारिश से ध्वस्त हो गया है. अब अपने परिवार के साथ रहने में काफी कठिनाई होगी. सरकार तत्काल मुझे एक आवास उपलब्ध कराए. घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया गीता बानरा, भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष बाबूराम बानरा, भाजपा युवा प्रखंड अध्यक्ष बिट्टू मिश्रा ,बीरू त्रिपाठी, झामुमो नेता अरुण चटर्जी, सुभाष कालिंदी उसके घर पहुंचे एवं पीड़ित परिवार को सांत्वना दिया. इस मौके पर पूर्व मुखिया राजेंद्र मेलगांडी ,रामराय सामड एवं पीड़ित परिवार उपस्थित थे.
लेखक के बारे में
By Jaya Bharti
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए