Jharkhand Breaking News LIVE: गुमला की शंख नदी में बहे अभिनय का शव हीरादह से पांच दिन बाद मिला

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

विज्ञापन

गुमला की शंख नदी में बहे अभिनय का शव हीरादह से पांच दिन बाद मिला

गुमला के चैनपुर प्रखंड मुख्यालय के प्रेमनगर निवासी जगेश्वर रौतिया के नौ वर्षीय पुत्र अभिनय रौतिया का शव पांच दिनों के बाद शंख नदी की तेज धारा में बहते हुए मिला. अभिनय पांच दिन पहले अपने सहपाठियों के साथ शंख नदी में नहाने गया था. नहाने के दौरान पानी के तेज बहाव में बह गया था. एनडीआरएफ की टीम व ग्रामीण लगातार नदी में अभिनय की तलाश कर रहे थे, परंतु उसका पता नहीं चल रहा था. चैनपुर शंख नदी से शव बहते हुए रायडीह प्रखंड की हीरादह शंख नदी के समीप आकर पत्थर में फंस गया था. करीब 40 किमी तक शव बहते हुए हीरादह पहुंचा.

पलामू: नौडीहा बाजार के मायापुर तालाब में डूबने से दो सगी बहने की मौत

मेदिनीनगर, चंद्रशेखर सिंह: पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के मायापुर गांव के दो सगी बहनों के तालाब में डूबने से मौत हो गयी. घटना शाम पांच बतायी जा रही है. सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर जाहिरडीह गांव में बैठक

बंदगांव,अनिल तिवारी: पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव प्रखंड मुख्यालय से 60 किलोमीटर दूर भालूपानी पंचायत के जाहिरडीह गांव में मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों की बैठक गांव के कानू सोय की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में ग्रामीणों ने डॉ विजय सिंह गागराई को जानकारी दी कि ज़ाहिरडीह नदी में पुल नहीं बनने से 15 गांव बिरबांकी, कोचांग, सिंगजुड़ी, साके, भलियाडीह, साली, तुसुनगा, तारोबारा, लादुराडीह, गीतिउली ,उलीबेड़ा ,उदय नारायणपुर ,नवादा दुरदुरदा, पराया एवं जाहिरडिह के लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. वर्षा के मौसम में नदी में काफी बाढ़ आ जाती है. जिससे 15 गांव के लोग को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है.

बड़कागांव में बारिश के पानी में डूबने से फसलों का नुकसान

बड़कागांव, संजय सागर : बड़कागांव प्रखंड में लगातार 24 घंटे से बारिश होने के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त रहा. मजदूर वर्ग अपने बच्चों के पेट की आग बुझाने के लिए मजदूरी करने नहीं जा पाए. किसान दो दिनों से खेत-खलिहान नहीं जा पाए. बाजारों में खरीद-बिक्री प्रभावित रही. किसान बढ़न,राणा मुरली महतो, लखन महतो ने बताया कि लाखों रुपए की फसल पानी में डूब गयी. फसल पानी में डूब जाने के कारण अधिकांश सब्जियां सड़ गल कर क्षति हो सकती हैं. जिससे किसानों को पूंजी तक भी निकलना मुश्किल हो जाएगा. फसलों में मुख्य रूप से भिंडी, मिर्ची ,टमाटर, कद्दू झिंगी परोल, कोहड़ा, पोया, पालक , साग, धनिया, का नुकसान हो सकता है. धान की फसलों के लिए यह बारिश लाभदायक है. बारिश होने के कारण प्रखंड के अधिकांश घरों में पानी घुस गया है. कई ऐसे घर हैं जिसके चारों ओर पानी ही पानी है. इस कारण लोगों को अपने घर से निकलना मुश्किल हो रहा है. बड़का गांव के राजू खंडेलवाल, तरीवा रीवा नदी के किनारे महेंद्र सोनी, बड़कागांव मुख्य चौक में प्रमोद खानी दुकान, गुड्डू शाह, इसके अलावे रामसागर बाधार क्षेत्र के गांव के अधिकांश घर में पानी घुस गया. दैनिक बाजार, बसरिया मोहल्ला रोड रेंज ऑफिस से लेकर मुस्लिम मोहल्ला रोड में बीच सड़क पर पानी बह रहा है.

गुमला में नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोपी गिरफ्तार

गुमला थाना क्षेत्र की एक नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म मामले के आरोपी कलिंद्र उरांव को गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया गया. एसडीपीओ मनीष चंद्र लाल ने बताया कि 28 सितंबर को पीड़िता की मां ने अपनी नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करने की लिखित शिकायत की थी. उन्होंने कहा था कि दुष्कर्मी द्वारा उसकी नाबालिग बेटी को घर में अकेला पाकर दु‍ष्कर्म किया था. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की थी. गुप्त सूचना पर शनिवार को उसके घर से गिरफ्तार कर रविवार को जेल भेज दिया गया. छापेमारी में थानेदार विनोद कुमार, एसआइ सुदामा राम, एसआइ खुशबू वर्मा सहित पुलिस जवान शामिल थे.

गुमला में बोलेरो व हाइवा में भिड़ंत, चालक की मौत, चार घायल

गुमला शहर से सटे लोहरदगा रोड स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज चंडाली के समीप रविवार की अहले सुबह करीब 5.30 में बोलेरो व हाइवा के बीच जोरदार सीधी भिड़ंत हो गयी. जिसमें बोलेरो मालिक सह चालक सरांगो नवाटोली घाघरा निवासी सुनील कुमार मिंज (35) की घटनास्थल पर मौत हो गयी. बोलेरो में सवार उसकी पत्नी रीना देवी (30), बेटी सुस्मिता मिंज (15), भतीजी शिवानी कुमारी (15) व दोस्त जितेंद्र यादव (38) घायल हो गए. पुलिस को सूचना मिलने पर घटनास्थल पहुंचकर बोलेरो को सबल से उसका गेट तोड़कर सभी घायल व मृतक को बाहर निकालकर सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने सुनील कुमार मिंज को मृत घोषित कर दिया. बाकी घायलों का प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया.

विज्ञापन
विज्ञापन
Nutan Kumari

लेखक के बारे में

By Nutan Kumari

Digital and Broadcast Journalist. Having more than 4 years of experience in the field of media industry. Specialist in Hindi Content Writing & Editing.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola