Jharkhand Breaking News: नक्सली संगठन JJMP का हार्डकोर नक्सली लवकुश बिहार से गिरफ्तार
Jharkhand Breaking News Updates: भारत का 28वां राज्य है झारखंड. इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
नक्सली संगठन JJMP का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार
पलामू (नौशाद) : हुसैनाबाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नक्सली संगठन JJMP का सक्रिय सदस्य लवकुश पासवान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस संबंध में हुसैनाबाद SDPO पूज्य प्रकाश ने बताया कि एसपी चंदन कुमार सिन्हा को जानकारी मिली थी कि नक्सली संगठन जेजेएमपी का हार्डकोर सदस्य लवकुश पासवान बिहार के टंडवा थाना क्षेत्र के आस-पास देखा गया है. सूचना मिलते ही SDPO के नेतृत्व में एक टीम गठित कर टंडवा थाना क्षेत्र भेजा. यहां टंडवा थाना की पुलिस और SSB की संयुक्त टीम ने छापेमारी अभियान चलाया. इस दौरान सूचना मिली कि लवकुश पासवान टंडवा थाना क्षेत्र के पांडु गांव में है. सूचना मिलते ही पुलिस दल उक्त स्थान पर पहुंचकर उसे घर से दबोचा. गिरफ्तार नक्सली लवकुश पासवान छतरपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया गांव का रहने वाला है. उसके खिलाफ हुसैनाबाद थाना में कई मामले दर्ज हैं.
सोमवार को निजी और सरकारी स्कूल रहेंगे बंद
रांची : झारखंड के निजी और सरकारी स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे. अग्निपथ योजना का छात्रों के विरोध को देखते हुए सुरक्ष की दृष्टि से निजी और सरकारी स्कूलों को बंद करने का अादेश दिया गया है. स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता सचिव राजेश शर्मा ने बताया कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए एहतियातन स्कूलों को बंद किया गया है. रविवार होने की वजह से नोटिफिकेशन नहीं निकाला गया है, लेकिन मीडिया के मार्फत जानकारी दी गई है. वहीं, उन्होंने बताया कि जैक की ओर से ली जाने वाली 9वीं और 11वीं की परीक्षा को भी स्थगित किया गया है. अब यह परीक्षाएं जो सोमवार को होने वाली थी, उसकी तारीखों की घोषणा जैक बाद में करेगा.
लोहरदगा के बरवा टोली गांव में वज्रपात से एक बच्ची की मौत
लोहरदगा (गोपी कृष्ण कुंवर) : किस्को प्रखंड की हिसरी पंचायत अंतर्गत बरवा टोली गांव में रविवार की दोपहर हुई वज्रपात की चपेट में आने से एक बच्ची की मौत हो गई. इसकी पहचान बरवा टोली निवासी नारायण सिंह के 12 वर्षीय पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोपहर में बच्ची के माता-पिता खेत में बिचड़ा डालने गए थे और बाद में बच्ची अपने छोटे भाई प्रिंस के साथ साइकिल पर जा रही थी. इसी दौरान घर से करीब 500 मीटर दूरी में वज्रपात की चपेट में आ गई, जिससे बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई सुरक्षित है. मामले की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं, गांव में मातम पसर गया है.
गिरिडीह के पास यात्रियों से भरी बस पलटी, दर्जनों यात्री घायल
गिरिडीह (मृणाल सिन्हा) : पचंबा थाना इलाके के राजपुर के पास यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित पलटी खा गयी. इस घटना में दो दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रुप से घायल हो गए है. सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया है जहां गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए धनबाद और रांची रेफर किया जा रहा है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया. बताया गया कि सतगावां के बसोडीह से गिरिडीह आ रही विभा बस अनियंत्रित होकर पलट गयी.
मांडर की जनता से मांगा समर्थन
रांची : मांडर विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी देवकुमार धान के पक्ष में चुनावी सभा करने आये AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने झारखंड सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना मांगा. वहीं, रांची हिंसा मामले पर भी दोनों के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली. उन्होंने क्षेत्र की जनता से प्रत्याशी देवकुमार धान के पक्ष में वोट करने की अपील की.
ओवैसी ने झारखंड सरकार और भाजपा पर साधा निशाना
रांची : मांडर विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी देवकुमार धान के पक्ष में चुनावी सभा करने पहुंचे AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने क्षेत्र की जनता से देवकुमार धान के पक्ष में वोट करने की अपील की. बारिश के बावजूद लोगों के सभा में उपस्थित रहने पर उन्होंने शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि आप जानते हैं कि झारखंड में क्या हुआ. उन्होंने झारखंड सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए