झारखंड में बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत, कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
झारखंड मौसम सांकेतिक तस्वीर (AI Image)
झारखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है. जहां वज्रपात से अब तक 6 लोगों की जान जा चुकी है. वहीं, मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है.
Jharkhand Weather Update: झारखंड में वज्रपात का कहर जारी है. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. रविवार को रामगढ़ के चार लोगों सहित छह लोगों की वज्रपात से मौत हो गयी. इसमें गिरिडीह के बिरनी प्रखंड में एक बच्ची दीपिका की भी वज्रपात से मौत हो गयी. पतरातू में विभिन्न जगहों पर वज्रपात से तीन महिलाओं की मौत हो गयी. पतरातू प्रखंड के सांकुल गांव में खेत में काम करने के दौरान वज्रपात होने से रेखा देवी (48) और उनकी पुत्री रोशनी कुमारी (22) वज्रपात की चपेट में आ गयीं. चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. लाताड़ पंचायत के पलानी गांव में खेत में काम कर रही सुलेखा देवी उर्फ सुशांति (30) की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गयी. इधर, विष्णुगढ़ में एक बच्ची की वज्रपात से मौत हो गयी. रामगढ़ की दोहाकात पंचायत के पारलोलो टोला निवासी प्रमिला देवी (32) की मौत वज्रपात से हो गयी.
पांच दिनों तक सक्रिय रहेगा मॉनसून
राज्य में अगले पांच दिनों तक मॉनसून के सक्रिय रहने के आसार हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग के रांची मौसम केंद्र ने रविवार को जारी पूर्वानुमान में राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए अलग-अलग दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. चार से छह अगस्त के बीच राज्य के अलग-अलग जिलों में 65 से 115 मिमी तक वर्षा हो सकती है. इसके साथ ही कई स्थानों पर मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है. अगले 24 घंटेमें अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.
छह को राजधानी में हो सकती है भारी बारिश
पांच अगस्त को भारी बारिश का क्षेत्र उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी झारखंड में पहुंच सकता है. छह अगस्त को फिर से उत्तर-पश्चिमी और मध्य झारखंड में भारी बारिश का दौर लौटने के संकेत हैं. इस दिन पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़, रांची, लोहरदगा, गुमला और खूंटी जिले में येलो वाच पर रखा गया है.
इसे भी पढ़ें: मौसम : 7 अगस्त तक इन राज्यों में होगी भारी बारिश, बिहार-झारखंड में भी अलर्ट
इसे भी पढ़ें: झारखंड में रांची समेत कई जिलों में कल हो सकती है बारिश
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए