Heat Wave Alert: झारखंड में होली से पहले हीट वेव का येलो अलर्ट, कोल्हान, पलामू और गढ़वा के लिए चेतावनी
bihar weather
Heat Wave Alert: झारखंड में आज से मौसम का मिजाज बदलेगा. गुरुवार से कोल्हान समेत पलामू और गढ़वा में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है.
Heat Wave Alert: रांची-झारखंड के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट आया है. पश्चिम क्षेत्र से आ रही गर्म हवा से मध्य मार्च में ही झारखंड में हीट वेव (लू) चलने की चेतावनी दी गयी है. इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है. आज कोल्हान के इलाके में अधिकतम तापमान में बेतहाशा वृद्धि होगी और हीट वेव (लू) चलने की आशंका है, जबकि 15 और 16 मार्च को कोल्हान के साथ-साथ पलामू और गढ़वा सहित निकटवर्ती इलाके में लू चल सकती है. यहां का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
गर्मी से बचने के लिए एडवाइजरी जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ अभिषेक आनंद के अनुसार झारखंड के सभी जिलों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी. मौसम विभाग ने कोल्हान सहित पलामू और गढ़वा आदि इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही लोगों के गर्मी से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की है. लोगों को दिन के 12 से तीन बजे तक धूप में बाहर जाने से बचने के लिए कहा गया है. लोगों को शरीर में पानी की कमी नहीं होने देने, धूप से बचने, बहुत जरूरी हो, तो छाता लेकर चलने, सूती कपड़े पहनने, शराब, कॉफी कर्बोनेटेड शीतल पेय पीने से बचने, उच्च प्रोटीनवाले भोजन करने से बचने, किसानों को खेतों में सभी उपाय कर जाने, फसलों में नियमित सिंचाई करने, पशुओं को भी धूप से बचाने की सलाह दी गयी है.
पलामू में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री रहा
12 मार्च को झारखंड में सबसे अधिक तापमान पलामू में रिकॉर्ड किया गया. यहां का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा. जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक रहा व पिछले 24 घंटे में 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज की गयी. इस बीच राज्य के सभी जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया है. जबकि बुधवार को सबसे कम तापमान 14.1 डिग्री सेल्सियस लोहरदगा का रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार होली के दिन धूप की तपिश से जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
रांची में इस वर्ष अब तक का सबसे अधिक तापमान
राजधानी रांची में इस वर्ष का सबसे अधिक तापमान मार्च मध्य में पहुंच गया है. बुधवार को रांची का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस रहा. जो सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस तथा पिछले 24 घंटे में 2.3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. इससे पूर्व इस वर्ष अब तक सबसे अधिक तापमान एक मार्च को 33.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था. जिसे बुधवार को पार कर गया. रांची में 16 व 17 को मौसम में बदलाव संभव है. हवा के साथ वज्रपात की संभावना है.
शहरवार अधिकतम तापमान
(डिग्री सेल्सियस में)
रांची–34.1
जमशेदपुर–38.6
मेदिनीनगर–39.2
बोकारो–38.1
चतरा–35.2
देवघर–36.7
गुमला–36.4
खूंटी–35.7
गढ़वा–38.0
लोहरदगा–35.0
जामताड़ा–36.4
15 मार्च 2017 को रांची का पारा 43.2 डिग्री तक पहुंचा था
मौसम विभाग के आंकड़ों पर गौर करें, तो वर्ष 2017 में 15 मार्च को रांची का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि 2012 में 26 मार्च को 42 डिग्री, 2013 में 10 मार्च को 41.5 डिग्री, 2014 में 23 मार्च को 39.9 डिग्री, 2015 में 25 मार्च को 41.5 डिग्री, 2016 में 23 मार्च को 41.6 डिग्री, 2017 में 15 मार्च को 43.2 डिग्री, 2018 में सात व आठ मार्च को 40.5 डिग्री, 2019 में नौ मार्च को 41.8 डिग्री, 2020 में 24 मार्च को 40.8 डिग्री, 2021 में एक मार्च को 37.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है.
पढ़ें प्रभात खबर की प्रीमियम स्टोरी:पाकिस्तान में ट्रेन हाईजैक करने वाली बलूच लिबरेशन आर्मी की मांग क्या है, वे क्यों 1948 से ही कर रहे विद्रोह?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Guru Swarup Mishra
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










