दुर्गापूजा में रांची की सफाई व्यवस्था होगी 24 घंटे अलर्ट, तीन पालियों में सफाई और रात में अतिरिक्त टीम

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

दुर्गा पूजा में रांची को स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की तैयारी। नगर निगम की 24 घंटे सक्रिय रहने वाली सफाई व्यवस्था और कनेक्ट सेंटर की जानकारी पाएं।

विज्ञापन

रांची. दुर्गापूजा को लेकर नगर निगम सभागार में नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की. इसमें नवरात्र से लेकर विजयादशमी और प्रतिमा विसर्जन तक श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा हुई.

विज्ञापन

नगर आयुक्त ने कहा कि पूजा के दौरान शहर की स्वच्छता नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. सफाई व्यवस्था तीन पालियों में संचालित की जायेगी और रात की पाली में अतिरिक्त सफाई दल तैनात रहेंगे. पूजा पंडालों और संपर्क मार्गों पर नियमित सफाई के साथ पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखने का निर्देश दिया गया है.

पूजा स्थलों और ब्लैक स्पॉट पर होगी पर्याप्त रोशनी

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कराने का निर्देश दिया. प्रमुख पूजा स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है. शहर के ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर वहां अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया.

उन्होंने कहा कि पूजा पंडालों और संपर्क मार्गों पर मौजूद गड्ढों की मरम्मत और समतलीकरण कराया जायेगा. हॉर्टिकल्चर शाखा को सात दिनों के भीतर जरूरत के अनुसार पेड़ों की डालियों की छंटाई पूरी करने का निर्देश दिया गया.

समितियों ने रखीं सुविधाओं से जुड़ी मांगें

पूजा समितियों ने पंडालों के आसपास नियमित सफाई, पेयजल टैंकर, चलंत शौचालय, पार्किंग, स्टोन डस्ट, खुले नालों पर स्लैब, फॉगिंग और डॉग कैचिंग अभियान चलाने की मांग रखी. विसर्जन स्थलों पर कुंड तैयार करने और बैरिकेडिंग की व्यवस्था कराने का आग्रह भी किया गया.

नगर आयुक्त ने समितियों को इन सुविधाओं की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया. पूजा के दौरान नि:शुल्क नगर बस सेवा, अस्थायी विश्राम गृह, पेयजल, चलंत शौचालय और क्विक रिस्पांस टीम भी उपलब्ध रहेगी.

24 घंटे सक्रिय रहेगा निगम का कनेक्ट सेंटर

नगर निगम का कनेक्ट सेंटर पूजा के दौरान 24 घंटे सक्रिय रहेगा. इसका नंबर 1800-570-1235 है. पूजा समितियां सफाई, जलजमाव, स्ट्रीट लाइट और अन्य समस्याओं की शिकायत यहां दर्ज करा सकेंगी. इसके लिए तैनात टीमों को शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.

नगर आयुक्त ने पूजा समितियों और शहरवासियों से कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने और रांची को स्वच्छ रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की.

बैठक में अपर नगर आयुक्त संजय कुमार समेत नगर निगम के अधिकारी-कर्मी और विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola