JPSC FRO फर्जीवाड़ा: स्ट्रांग रूम में सेंध लगा OMR शीट भरी, मुख्य परीक्षा की कॉपी घर में लिखी और AI से ढूंढे जवाब
प्रतीकात्मक तस्वीर : OMR शीट पर जवाब अंकित करता परीक्षार्थी. | AI
जेपीएससी परीक्षा में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. स्ट्रांग रूम से कॉपी निकालकर AI की मदद से जवाब लिखे गए. जानें कैसे हुआ खुलासा.
रांची. जेपीएससी से ली गयी फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर भर्ती परीक्षा कराने वाली एजेंसी ने आयोग के स्ट्रांग रूम में सेंधमारी कर उत्तरपुस्तिकाएं निकालीं और जवाब लिखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक का इस्तेमाल किया. यह राज परीक्षा संचालन करने वाली कंपनी टीडीपीएल के कर्मियों तथा जेपीएससी में सफल रहे रक्षक सिंह के मोबाइल की फॉरेंसिक जांच और अन्य तथ्यों से सामने आया है. टीडीपीएल के ठिकानों पर जब सीआईडी का छापा पड़ा, तो रक्षक सिंह का मोबाइल फोन हाथ लगा.
फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी में जब उस फोन को चालू किया गया, तो उसमें दर्ज रिकॉर्ड से पूरे सिंडिकेट का कच्चा-चिट्ठा बाहर आ गया. सर्वर से मेल खाते वे 31 उत्तर, दफ्तर में शीट भरने का वह गुप्त वीडियो, स्ट्रांग रूम में सेंधमारी के फुटेज और कॉल डिटेल्स में सामने आए तीन अन्य सफल अभ्यर्थियों के साथ लगातार हो रही बातचीत ने पूरी कहानी बयां कर दी.
प्रारंभिक परीक्षा के दिन रक्षक सिंह इम्तेहान हॉल में बैठा. उसे पहले ही समझा दिया गया था कि सिर्फ उन्हीं सवालों पर निशान लगाने हैं, जिनके जवाब उसे आते हों. बाकी ओएमआर शीट को बिल्कुल कोरा छोड़ देना है. रक्षक ने ठीक वैसा ही किया. उसने सिर्फ 31 सवालों के जवाब पर निशान लगाए. इम्तेहान खत्म हुआ और उसने अपनी ओएमआर की कार्बन कॉपी रामबीर सिंह के हवाले कर दी. इसके बाद टीडीपीएल के बंद दफ्तर में मेज पर कोरी ओएमआर शीट बिछाई गई. प्रदीप सिंह और उसके दो साथी बैठकर बाकी के गोले रंगने लगे. रक्षक सिंह एक कोने में खड़ा होकर अपने ही मोबाइल कैमरे से इस पूरे फर्जीवाड़े का वीडियो बना रहा था. शायद उसे अंदाजा था कि जिस दलदल में वह कदम रख रहा था, वहां किसी दिन खुद की हिफाजत के लिए यह वीडियो उसकी ढाल बनेगा. पीटी का नतीजा आया और रक्षक सिंह पास हो गया.
मेंस (मुख्य परीक्षा) की बारी आयी, तो फर्जीवाड़े ने टेक्नोलॉजी और दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं. जिस स्ट्रांग रूम की पहरेदारी पर सरकार लाखों रुपये खर्च करती है, रक्षक सिंह और उसके आकाओं के लिए उसकी कोई बिसात नहीं थी. स्ट्रांग रूम के ताले खोले गए और परीक्षा सामग्री बाहर निकाल ली गयी. इस मंजर को भी रक्षक सिंह ने मोबाइल के कैमरे में कैद किया. इसके बाद सत्यपाल सिंह ने रक्षक सिंह के नाम और बारकोड लगी मुख्य परीक्षा की कोरी उत्तर पुस्तिका सीधे उसके घर पहुंचा दी. घर पर रक्षक सिंह ने एआई टूल से सवालों के जवाब निकालकर उन्हें उत्तरपुस्तिका में भरा. काम पूरा हुआ और उत्तर पुस्तिका को वापस स्ट्रांग रूम में जमा करा दिया गया.
रिमांड में दो सफल अभ्यर्थियों ने उगले राज
झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा (जेएसएससी सीजीएल) 2023 में हुई धांधली और कथित पेपर लीक मामले में सीआइडी की जांच अब निर्णायक मोड़ पर है. जांच एजेंसी ने मामले में पूर्व में गिरफ्तार दो सफल अभ्यर्थियों को दो दिनों की रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की. आरोपियों में धनबाद के नवाडीह स्थित सनशाइन अपार्टमेंट निवासी दीपक कुमार और राजगंज थाना क्षेत्र के रोआम धड़किड़ो निवासी विजय कुमार तिवारी शामिल हैं.
सीआइडी ने दोनों से परीक्षा में सेटिंग करानेवाले सिंडिकेट के नेटवर्क, एजेंटों को दी गयी घूस की रकम और गिरोह के संपर्कों को लेकर लंबी पूछताछ की. इसके बाद दोनों को वापस न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. जांच में सामने आया है कि अभ्यर्थियों ने दलालों और बिचौलियों को मोटी रकम देकर लीक प्रश्नपत्र हासिल किये थे और जवाब रटकर परीक्षा में सफलता पायी थी.
आरोपी लालू के घर से मिली दूसरे अभ्यर्थी की ओएमआर शीट की कॉपी
एक अन्य सफल अभ्यर्थी लालू यादव के मामले में भी गड़बड़ी के साक्ष्य मिले हैं. उसके घर हुई छापेमारी में दूसरे अभ्यर्थी की ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी मिली. आठ लाख रुपये के चेक मिले. लालू के यूपीआई से करीब डेढ़ लाख रुपये का ट्रांसफर टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी के खाते में किया गया था. इसके भी सबूत मिले हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए