ePaper

CoronaVirus Outbreak : CM हेमंत ने कहा- लॉकडाउन को मजाक न समझें, तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

Updated at : 23 Mar 2020 8:57 PM (IST)
विज्ञापन
CoronaVirus Outbreak : CM हेमंत ने कहा- लॉकडाउन को मजाक न समझें, तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पूरे झारखंड में लॉकडाउन है. ऐसे में पहले दिन आम लोगों ने इसकी गंभीरता को नहीं समझी और सड़कों पर भीड़ के रूप में नजर आये. इसे देखते हुए मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी जिलों के उपायुक्‍त के साथ वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के माध्‍यम से बात की और कहा कि लॉकडाउन को पूरी सतह सफल बनाने में आपका योगदान अहम है.

विज्ञापन

रांची : कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पूरे झारखंड में लॉकडाउन है. ऐसे में पहले दिन आम लोगों ने इसकी गंभीरता को नहीं समझी और सड़कों पर भीड़ के रूप में नजर आये. इसे देखते हुए मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी जिलों के उपायुक्‍त के साथ वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के माध्‍यम से बात की और कहा कि लॉकडाउन को पूरी सतह सफल बनाने में आपका योगदान अहम है. उन्‍होंने आम लोगों से अपील की कि लॉकडाउन को मजाक में न लें, इसके नियमों का उल्‍लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई होगी.

मुख्‍यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कोरोना से निपटने के लिए हमें मिलकर अहम भूमिका निभानी है. सभी अपने स्तर से अपना सर्वश्रेष्ठ दें. मामला गंभीर है, इसे गंभीरता से लें. हर दिन एक नयी चुनौती के लिए तैयार रहें. आप सभी इस लड़ाई के योद्धा हैं, आनेवाला तीन-चार सप्ताह महत्वपूर्ण है. किसी तरह की लापरवाही न हो. यह हम मिलकर सुनिश्चित करें. हम चीजों को अनदेखा करेंगे तो मामला बिगड़ सकता है. इसलिए पूरी सावधानी, गंभीरता, संकल्प और जिम्मेदारी से कार्य करते हुए कोरोना से निपटना है.

लॉक डाउन की प्रासंगिकता स्पष्ट करें, होम डिलीवरी को सशक्त करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में लॉकडाउन घोषित हो चुका है. लॉक डाउन के पहले दिन बाजार व दुकानें तो बंद हैं. लेकिन लोगों की गतिविधियां नहीं रुकी. सभी जिला के उपायुक्त लोगों को बताएं कि यह छुट्टी नहीं. लोगों को संक्रमण से बचाना है. लोग सड़कों में बेवजह न घूमें. जरूरी सेवा से जुड़े लोगों की पहचान कर कार्य करें. राशन, दवा, दूध समेत अन्य दैनिक उपयोग की चीज लोगों को उनके घर पर उपलब्ध हो, इसके लिए होम डिलीवरी एवं राशन दुकानों पर सुरक्षा के पुख्ता व्यवस्था करें.

गरीबों, दिहाड़ी मजदूरों के लिए खाद्यान्न की व्यवस्था हो

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों, दिहाड़ी मजदूरों व जरूरतमंदों को चिन्हित कर उनके घर में खाने की व्यवस्था करें. मनरेगा के तहत कार्य उपलब्ध कराएं, इसमें यह सुनिश्चित करें कि मजदूरों का एक जगह जुटान न हो. सभी पंचायत में सरकार की व्यवस्था में काम करने वालों के सहयोग से बाहर से आनेवाले लोगों की सूची तैयार करें. ताकि विपरीत परिस्थितियों से निपटा जा सके. लोगों को डराना नहीं है, बल्कि जागरूक करना है. राज्य की सीमा में फंसे लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था करें.

सदर अस्पताल में 200 बेड तैयार करें

मुख्यमंत्री ने सभी जिला के उपायुक्तों को आइसोलेशन सेंटर पूरी तरह क्रियाशील करने का निदेश दिया. रांची स्थित सदर अस्पताल में 200 बेड का आइसोलेशन वार्ड जरूरी उपकरणों से तैयार करने का निदेश दिया. चिकित्सक, नर्स व चिकित्सा से जुड़े अन्य लोगों को मुस्तैदी से तैयार रखें. क्‍वारेंटाईन सेंटर में समुचित व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें. मास्क, सैनिटाइजर की आवश्यकता को पूरा करने के लिए स्‍वयं सहायता समूह व अन्य की मदद लें.

धार्मिक स्थल पर भीड़ न हो, सोशल मीडिया पर रखें नजर

मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ न हो, यह सुनिश्चित होना चाहिए. रामनवमी जुलूस, चैती दुर्गा पूजा में आयोजित होने वाले मेले का आयोजन न हो यह जन सहयोग से सुनिश्चित करें. ताकि संक्रमण न फैले. सोशल मीडिया पर गलत सूचना देने वालों पर तत्काल कानूनी कार्रवाई करें.

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान मुख्य सचिव डॉ डीके तिवारी, अपर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, प्रधान सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी, पुलिस महानिदेशक एमवी राव, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपालजी तिवारी उपस्थित थे.

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola