राहुल गांधी पर FIR से भड़की कांग्रेस, रांची में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन; फूंका पुतला

Updated:
विज्ञापन

पुतला जलाते कांग्रेस के कार्यकर्ता : प्रभात खबर

राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी पर कांग्रेस आक्रामक हो गई है. रांची में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और पुतला फूंका. उन्होंने कहा कि यह FIR भाजपा की राजनीतिक बौखलाहट है.

विज्ञापन

रांची : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज प्राथमिकी को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरे और प्रदर्शन किया. अलबर्ट एक्का चौक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला फूंका.

आपके शहर में

विज्ञापन

भाजपा पर राजनीतिक बौखलाहट का लगाया आरोप

प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआइआर भाजपा की राजनीतिक बौखलाहट का परिणाम है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े, वंचित और आम जनता के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं. इसी कारण भाजपा सरकार उन्हें निशाना बना रही है.

बोले- राहुल अकेले नहीं, जनता उनके साथ

उन्होंने कहा कि भाजपा यह भ्रम न पाले कि एफआइआर और सरकारी दबाव के जरिए राहुल गांधी की आवाज को दबा देगी. राहुल गांधी अकेले नहीं हैं. उनके साथ देश के किसान, युवा, छात्र, आम जनता और करोड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता खड़े हैं. उन्होंने कहा कि अगर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा सामाजिक सौहार्द और संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ कोई कृत्य किया गया है, तो उनके खिलाफ भी तत्काल प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए. देश में कानून का राज है, भाजपा का राज नहीं है.

राहुल को निशाना बनाना जनता की आवाज पर हमला : राजेश कच्छप

कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि राहुल गांधी को निशाना बनाना दरअसल देश की जनता की आवाज को निशाना बनाना है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ जितने मुकदमे दर्ज होंगे, जनता के बीच भाजपा सरकार के खिलाफ उतने ही सवाल खड़े होंगे.

विपक्ष की आवाज से डर गयी भाजपा सरकार : डॉ सिरिवेला

सह-प्रभारी डॉ सिरिवेला प्रसाद ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज से डर गयी है. जब जनता के सवालों का जवाब देने में सरकार विफल होती है, तब जांच एजेंसियों, पुलिस और मुकदमों का सहारा लेकर विपक्ष को डराने का प्रयास किया जाता है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी डरने और झुकने वाली नहीं है.

संविधान और लोकतंत्र से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : इरफान अंसारी

मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि आज का प्रदर्शन स्पष्ट संदेश है कि संविधान और लोकतंत्र से खिलवाड़ कांग्रेस किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी. राहुल गांधी सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे हैं और झारखंड कांग्रेस उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है.

ये भी पढ़ें: अफीम तस्करी में तीन दोषियों को 15-15 साल की सजा, ओरमांझी टोल प्लाजा पर पकड़ी गयी थी 3.19 किलो खेप

लोकतंत्र पर हमला जारी रहा तो संघर्ष भी जारी रहेगा : सुखदेव भगत

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि यह आंदोलन यहीं समाप्त नहीं होगा. जब तक लोकतंत्र और संविधान पर हमला जारी रहेगा, कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति देश के मुद्दों पर जवाब देने की नहीं, बल्कि सवाल पूछने वालों को डराने की राजनीति बन गयी है.

कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन में विधायक डॉ रामेश्वर उरांव, पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस नेता बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, राजेश गुप्ता छोटू, रवींद्र सिंह, राकेश सिन्हा, सुरेंद्र सिंह, सूर्यकांत शुक्ला, आलोक दुबे, विनय सिन्हा दीपू, सोनाल शांति, राजन वर्मा, उज्ज्वल तिवारी, सुनील सिंह, राजेंद्र दास, सोमनाथ मुंडा और विजय शंकर नायक सहित कई नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए.

ये भी पढ़ें: वन विभाग ने सालभर पहले दी थी कटाई की अनुमति, प्रक्रिया में अटके पेड़; रांची-मुरी रोड पर मौत को दे रहे दावत

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola