झारखंड: सीएम चंपाई सोरेन बोले, नियुक्ति प्रक्रिया में लाएं तेजी, सरकारी स्कूलों में जनजातीय भाषाओं की जल्द शुरू करें पढ़ाई

Published by : Guru Swarup Mishra Updated At : 11 Jun 2024 9:55 PM

विज्ञापन

बैठक में उपस्थित सीएम चंपाई सोरेन समेत अन्य

झारखंड के सीएम चंपाई सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि झारखंड में नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाएं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी दी जा सके. उन्होंने सरकारी स्कूलों में जनजातीय भाषाओं की पढ़ाई जल्द शुरू करने को कहा.

विज्ञापन

रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने मंगलवार को विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं, नीतियों और कार्यक्रमों की उच्च स्तरीय समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जेपीएससी व जेएसएससी की नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाएं, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को नौकरी दी जा सके. झारखंड के सभी सरकारी स्कूलों में जनजातीय भाषाओं की पढ़ाई जल्द शुरू करें. इसके लिए जनजातीय भाषाओं के विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति शीघ्र करें. योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने को कहा ताकि समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को भी योजनाओं का लाभ मिल सके.

समय पर योजनाएं पूरी हों
मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने अधिकारियों से कहा कि विकास की गति तेज करने में आपका अहम रोल है. ऐसे में सभी विभाग इस बात का विशेष ख्याल रखें कि योजनाएं तय समय सीमा में पूरी हों. सीएम ने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्तियों तक सरकार की योजनाओं को पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.

सीएम चंपाई सोरेन ने की विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग
1- जाति प्रमाण पत्र
2- जेपीएससी और जेएसएससी द्वारा आयोजित की जानेवाली प्रतियोगिता परीक्षाएं
सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. ऐसे में जेपीएससी और जेएसएससी विभिन्न पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करे. जाति प्रमाण पत्र जारी करने में जो भी विसंगतियां हैं, उसे दूर करें. उसे सरल बनाएं. आवेदकों को समय पर जाति प्रमाण पत्र देना सुनिश्चित करें. जाति प्रमाण पत्र से जुड़े आवेदन लंबित नहीं रहे.

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग
सीएम चंपाई सोरेन ने अफसरों से कहा कि झारखंड के सभी सरकारी स्कूलों में जनजातीय भाषा की पढ़ाई शीघ्र शुरू करें. स्थानीय जनजातीय भाषाओं को प्राथमिकता देते हुए स्कूलों में अध्यनरत विद्यार्थियों को जनजातीय भाषा की शिक्षा उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें. जनजातीय भाषा संताली, हो, कुड़ुख, खड़िया, मुंडारी सहित सभी जनजातीय भाषाओं के विशेषज्ञ शिक्षकों की नियुक्ति जल्द करें.

ग्रामीण विकास विभाग
1-बिरसा हरित ग्राम योजना
2-वीर शहीद पोटो हो योजना
3-बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना
4-प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण
5-जेएसएलपीएस से जुड़ी सखी मंडलों की महिलाओं का योजनाओं में इन्वॉल्वमेंट
सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत पौधे लगाने के साथ उसके रख-रखाव एवं संरक्षण की पूरी व्यवस्था करें. बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना के तहत इस वर्ष नवंबर के पहले तक एक लाख कूपों का निर्माण पूर्ण करें. प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत अपूर्ण और लंबित आवासों का निर्माण कर जल्द से जल्द पूरा करें. जेएसएलपीएस से जुड़ी सखी मंडलों और उससे संबंधित महिलाओं को मोबिलाइजेशन कर विभिन्न योजनाओं में इंवॉल्व करें.

पंचायती राज विभाग
1-15वें वित्त आयोग से मिली राशि का इस्तेमाल
2- पंचायत सचिवालय
सीएम चंपाई सोरेन ने कहा कि राज्य के सभी पंचायत सचिवालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएं. बिजली, इंटरनेट, सोलर पैनल, कम्प्यूटर सेट एवं प्रज्ञा केंद्र स्थापित हो यह सुनिश्चित करें. राज्य की सभी पंचायतों में अपना पंचायत भवन होना चाहिए. सभी पंचायत सचिवालयों तक पहुंच पथ हो यह भी सुनिश्चित करें. सभी पंचायत सचिवालय पूर्णतः क्रियाशील हो, यह सुनिश्चित करें. पंचायत सचिवालय में कार्यरत कर्मी बायोमैट्रिक अटेंडेंस बनाए, यह लागू करें. 15वें वित्त आयोग की राशि का व्यय शत प्रतिशत हो, इस निमित्त 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत सभी योजनाओं का संचालन ससमय पूरा करें. 15वें वित्त आयोग के तहत होने वाले कार्यों में तेजी लाएं.

इस मौके पर ये थे मौजूद
इस उच्च स्तरीय बैठक में मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री रामेश्वर उरांव, मंत्री बादल पत्रलेख, मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री दीपक बिरुवा, मुख्य सचिव एल खियांग्ते, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव सह विकास आयुक्त अविनाश कुमार, संबंधित विभागों के अपर मुख्य सचिव व सभी जिलों के उपायुक्त समेत वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे.

Also Read: Jharkhand News: माफियाओं के खिलाफ करें कड़ी कार्रवाई, अवैध माइनिंग पर लगाएं रोक, सीएम चंपाई सोरेन ने अफसरों को दिए निर्देश

विज्ञापन
Guru Swarup Mishra

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola