विधायक पुत्र को उठाने और मारपीट की घटना पर आदित्य साहू ने सरकार को घेरा
रांची में चतरा विधायक के बेटे के अपहरण और मारपीट की घटना पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
रांची : राजधानी रांची स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट से चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे को जबरन उठाने और मारपीट किये जाने की घटना को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि यह घटना झारखंड की ध्वस्त हो चुकी कानून-व्यवस्था का सीधा प्रमाण है.
श्री साहू ने कहा कि जब राजधानी रांची में एक विधायक के पुत्र को सरेआम उठाकर मारपीट की जा सकती है, तो सुदूरवर्ती इलाकों में आम जनता की सुरक्षा का क्या हाल होगा, इसका सहज अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने बताया कि विधायक जनार्दन पासवान ने फोन पर उन्हें घटना की जानकारी दी थी. इसके बाद उन्होंने रांची एसएसपी को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. इसे उन्होंने बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया.
धुर्वा से युवक की बरामदगी पर उठाये सवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह तो शुक्र है कि युवक की धुर्वा से बरामदगी हो गयी. अगर कोई अनहोनी हो जाती, तो इसका जिम्मेदार कौन होता? उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में जेएमएम-कांग्रेस की सरकार बनने के बाद अपराधियों का दुस्साहस चरम पर है.
उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की. साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य की बिगड़ती विधि-व्यवस्था में तत्काल सुधार के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए