रांची में भाजपा नेता ने अपने दोस्त के बेटे के बर्थडे पार्टी में जमकर किया डांस और फायरिंग, वीडियो वायरल
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 26 Oct 2021 1:06 PM
रांची में एक जमीन कारोबारी के बेटे के बर्थडे पार्टी में तमंचे पर डिस्को का वीडियो वायरल हो रहा है. जिसमें एक भाजपा नेता का फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल हो रहा है, मामला 17 अक्तूबर का बताया जा रहा है, हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आयी है और इसकी तलाशी शुरू कर दी गयी है.
रांची : सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी रोड नंबर एक में एक जमीन कारोबारी के बेटे के बर्थडे पार्टी में तमंचे पर डिस्को का वीडियो वायरल हो रहा है. इतना ही नहीं, फायरिंग की भी बात सामने आ रही है. मामला 17 अक्तूबर का है. बर्थडे पार्टी में खुद जमीन कारोबारी, भाजपा नेता और उनके सहयोगी मौजूद रहे.
स्टेज पर बार बाला डांस कर रही थी. नेता और उनके अंगरक्षक व सहयोगी लगातार फायरिंग कर रहे थे. हालांकि, मामले की जानकारी पुलिस को नहीं मिली. सोमवार को बर्थडे पार्टी में फायरिंग का वीडियो वायरल हाेने के बाद पुलिस हरकत में आयी.
जांच में इस बात की पुष्टि हुई कि इंद्रपुरी के रोड नंबर एक में जमीन कारोबारी विकास कुमार के घर पर उनके बेटे की बर्थडे पार्टी थी. उसमें स्टेज पर बार बाला डांस कर रही थी. इस दौरान भाजपा नेता प्रभाकर चौबे उर्फ मिंटू चौबे के अंगरक्षक और आशुतोष वर्मा उर्फ सोनू वर्मा नामक शख्स लगातार फायरिंग कर रहे थे. सुखदेवनगर थाना प्रभारी ममता कुमारी ने इस बात की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि मामले में तीनों की तलाश की जा रही है. पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
सूत्रों के अनुसार, जांच के बाद ही सही तथ्य सामने आयेगा कि हथियार लाइसेंसी था या नहीं. कहा जा रहा है कि जब फायरिंग हुई, तब मौके पर दर्जनों लोग मौजूद थे. पुलिस वैसे लोगों से भी मामले में पूछताछ कर साक्ष्य एकत्र कर सकती है. कानून के जानकार बताते हैं कि लाइसेंसी आर्म्स से भी हर्ष फायरिंग करना गलत है. ऐसे मामले में दोष साबित होने पर संबंधित लोगों के हथियार के हथियार का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है. उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है. बता दें कि पलामू में एक शादी के दौरान हरमू निवासी एक व्यक्ति की मौत हर्ष फायरिंग में ही हो गयी थी.
Posted By : Sameer Oraon
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










