Ranchi में Airtel के एमएससी से 12 कार्ड चोरी, सीसीटीवी में 3 तकनीशियों की गतिविधि संदिग्ध
तीन तकनीशियन के सामने आए नाम
एयरटेल के मोबाइल स्विचिंग सेंटर से 12 टेलीकॉम कार्डों के गायब होने से हड़कंप मच गया है. आंतरिक जांच में तीन तकनीशियनों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई हैं, जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. इसी के साथ, धुर्वा में एक दुकान में भी चोरी की घटना सामने आई है.
Ranchi Crime: हिंदपीढ़ी थाना इलाके स्थित एयरटेल के मोबाइल स्विचिंग सेंटर (एमएससी) से एक साथ 12 टेलीकॉम कार्ड के गायब होने से कंपनी में हड़कंप मच गया है. आंतरिक जांच में कार्ड नहीं मिले, तो सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों की गतिविधियों की जांच की गई. इसमें तीन तकनीशियनों की गतिविधियां संदिग्ध बताई गई हैं. इसके बाद इस संबंध में एयरटेल झारखंड के नोडल अधिकारी दुर्गेश नंदन सिंह ने हिंदपीढ़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
जांच में तीन तकनीशियनों के नाम आए सामने
एयरटेल का मोबाइल स्विचिंग सेंटर पीपी कंपाउंड, सुजाता चौक के पास स्थित है. शिकायत के अनुसार, सात मई 2026 को हुई आंतरिक जांच में सेंटर से 12 उपयोग योग्य टेलीकॉम कार्ड गायब मिले. हालांकि, ये कार्ड कब और किस समय चोरी हुए, इसका जांच के दौरान भी पता नहीं चल पाया है. इसके बाद परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई. जिसमें इलेक्ट्रॉनिक तकनीशियन रोहित तिवारी, आकाश नारायण और धर्मेंद्र की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई. शिकायत में यह भी कहा गया है कि फुटेज में परिसर से सामान बाहर ले जाने की गतिविधि भी सामने आई है.
ये भी पढ़ें- नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 20 साल की सजा, 50 हजार रुपए का जुर्माना
2 तकनीशियनों ने मानी सामान गायब होने की बात
शिकायत के अनुसार, आंतरिक जांच के दौरान तीनों में से दो तकनीशियनों ने एयरटेल एमएससी परिसर से अन्य सामान गायब होने की बात स्वीकार की है. तीनों तकनीशियन वर्टिव एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी हैं और एयरटेल एमएससी, रांची में काम करते थे. कंपनी ने आशंका जताई है कि टेलीकॉम कार्ड चोरी की घटना में इन तीनों के अलावा कुछ और लोग भी शामिल हो सकते हैं. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
धुर्वा में दुकान का ताला तोड़कर चोरी
इधर, चोरों ने रात के अंधेरे में दुकान का ताला तोड़ा और अंदर घुसकर पहले कैमरा खराब किया. इसके बाद कैमरे की हार्ड डिस्क भी निकाल ली. चोर दुकान में रखे 5 हजार रुपए नकद और करीब 20 से 25 हजार रुपए का सामान लेकर फरार हो गए. घटना धुर्वा थाना क्षेत्र के सेक्टर-3 में डीएवी स्कूल के पीछे पांच सितंबर की रात हुई.
ताला तोड़कर दुकान में घुसे चोर
घटना को लेकर दुकान संचालक नागेंद्र कुमार ने धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. प्राथमिकी के अनुसार, चोरों ने दुकान के दरवाजे का ताला तोड़ दिया. अंदर घुसने के बाद दुकान में लगे कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया और उसकी हार्ड डिस्क निकाल ली. इसके बाद वे काउंटर में रखे करीब पांच हजार रुपए नकद के अलावा दुकान से करीब 20 से 25 हजार रुपए का सामान भी अपने साथ ले भागे. दुकान सीडी-475, सेक्टर-3, डीएवी स्कूल के पीछे स्थित है. अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.
ये भी पढ़ें- JSSC CGL Exam Scam : होटल में रटवाए गए थे JSSC CGL के सवाल-जवाब, CID ने पटना से एक और आरोपी को किया गिरफ्तार
घर में चोरी के आरोप में पकड़ी गई महिला पुलिस के हवाले
वहीं, घर बंद कर एक रिश्तेदार के बच्चे को उसके घर पहुंचाने गई महिला बुधन देवी जब वापस लौटी, तो घर में चोरी का मामला सामने आया. घटना के बाद चोरी के आरोप में एक महिला को बड़गाईं से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. आरोपी महिला की पहचान पूजा देवी के रूप में हुई है. वह रामगढ़ जिले के रजरप्पा की रहने वाली है.
घर बंद कर गई थी बुधन देवी
मामले में बुधन देवी ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. जिसमें उसने बताया है कि वह छह सितंबर को अपना घर बंद कर भतीजे के बेटे को उसके घर पहुंचाने गई थी. इसी दौरान घर में चोरी होने की बात सामने आयी. फिलहाल पुलिस मामले में जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए