यूनिवर्सिटी के बाहर चतरा विधायक के बेटे को थार से खींचकर पीटा, स्कॉर्पियो में उठा ले गए युवक; पुलिस देख अरगोड़ा चौक पर छोड़ा

Updated:
विज्ञापन

चतरा विधायक के बेटे को पीटते हुए तस्वीर : प्रभात खबर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

रांची में चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ को युवकों ने थार से खींचकर पीटा और फिर स्कॉर्पियो में जबरन अपहरण कर लिया. पुलिस के सक्रिय होने पर उसे अरगोड़ा चौक के पास छोड़ दिया गया.

विज्ञापन

रांची: नयासराय स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी के बाहर चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ को कुछ युवकों ने फिल्मी अंदाज में थार से खींचकर बाहर निकाला और मारपीट करने के बाद ब्लैक स्कॉर्पियो में जबरन उठा ले गये. रास्ते में भी उसके साथ मारपीट की गयी. घटना सोमवार शाम 4:45 बजे की बतायी जा रही है.

विज्ञापन

सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और शहर में नाकेबंदी कर सौरभ की तलाश शुरू कर दी गयी. इसी दौरान आरोपी युवक पुलिस की गाड़ी को देखकर सौरभ को अरगोड़ा चौक के पास छोड़कर फरार हो गये.

सिटी एसपी ने बताया आपसी विवाद का मामला

सिटी एसपी ने इसे किसी पेशेवर गिरोह द्वारा किया गया अपहरण नहीं, बल्कि युवकों के बीच आपसी विवाद का मामला बताया है. सौरभ के अनुसार, आरोपियों में एक युवक किसी पुलिस पदाधिकारी का बेटा है.

विधायक ने कहा- बेटे की हालत गंभीर

घटना के बाद पहुंचे विधायक ने बताया कि उनके बेटे की हालत गंभीर है. सौरभ से मारपीट में आयुष, राजा, प्रीतम सिंह और शौर्य का नाम सामने आ रहा है. इनमें से दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. मामले में देर रात तक प्राथमिकी दर्ज नहीं करायी गयी थी.

ये भी पढ़ें: सारण-सीवान में आज कैसा रहेगा मौसम, बारिश होगी या बढ़ेगी गर्मी, अगले 2 दिन का IMD अपडेट जानिए

अपहरण की खबर से पुलिस प्रशासन में मचा हड़कंप

इससे पहले विधायक के परिजनों को सौरभ के अचानक विधानसभा थाना क्षेत्र में निजी यूनिवर्सिटी के पास से अपहरण होने की जानकारी मिली. शुरुआती आशंकाओं और अफवाहों के कारण यह बात सामने आने लगी कि विधायक के बेटे का अपहरण कर लिया गया है. मामला हाइप्रोफाइल हो गया था. पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया.

एसएसपी ने विशेष पुलिस टीम को जांच में लगाया

एसएसपी राकेश रंजन ने तुरंत विशेष पुलिस टीम को विधायक पुत्र की बरामदगी में लगाया. तकनीकी टीम भी सक्रिय हो गयी. पुलिस पूरे शहर की नाकेबंदी कर जांच में जुट गयी. इस बीच सौरभ के अरगोड़ा चौक के पास होने की सूचना मिली.

यूनिवर्सिटी में विवाद के बाद धमकी देने का आरोप

बताया जा रहा है कि सौरभ निजी यूनिवर्सिटी से एलएलबी कर रहा है. सोमवार को कॉलेज कैंपस में खाने-पीने के दौरान उसका कॉलेज के ही दूसरे छात्रों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. इसके बाद सौरभ ने किसी युवक को फोन कर कुछ धमकी दी.

थार पर लाठी-डंडे से हमला, फिर सौरभ को खींचकर ले गये

शाम को काले रंग की स्कॉर्पियो से कुछ युवक यूनिवर्सिटी के बाहर पहुंचे. उस वक्त सौरभ अपनी थार में बैठा था. युवकों ने पहले थार पर लाठी-डंडे से वार किया. उसके बाद सौरभ को खींचकर बाहर निकाला और पिटाई करने के बाद जबरन उसे ब्लैक स्कॉर्पियो में बैठाकर अपने साथ ले गये.

स्कॉर्पियो में भी सौरभ की जमकर पिटाई

आरोपियों ने स्कॉर्पियो में भी सौरभ की जमकर पिटाई की. सौरभ के मेडिकल टेस्ट में शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट के निशान मिले हैं. उसके चेहरे सहित शरीर पर मुक्के, डंडे और बेल्ट से मारने के निशान हैं.

आंख, जबड़े और सिर में चोट के लक्षण

मेडिकल जांच में आंख के आसपास चोट, मल्टीपल इंज्यूरी, जबड़े और सिर में चोट के लक्षण पाये गये. डॉ. पंकज कुमार के साथ वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरके जायसवाल ने सौरभ की गहन जांच की.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola