ePaper

नशे में नौ लोगों को रौंद दिया, दो की मौत कार चला रहे युवक को खड़े-खड़े जमानत

Updated at : 02 Jan 2020 2:34 AM (IST)
विज्ञापन
नशे में नौ लोगों को रौंद दिया, दो की मौत कार चला रहे युवक को खड़े-खड़े जमानत

रांची : नये साल के जश्न में डूबी राजधानी में 31 दिसंबर की रात को दर्दनाक हादसा हुआ. दोस्तों के साथ मस्ती करने निकले युवक जतिन बेदी ने चुटिया थाना क्षेत्र के पटेल चौक के पास रात 2:00 बजे अपनी इको स्पोर्ट्स कार से नौ लोगों को रौंद दिया. घटना में कैटरिंग के काम से […]

विज्ञापन

रांची : नये साल के जश्न में डूबी राजधानी में 31 दिसंबर की रात को दर्दनाक हादसा हुआ. दोस्तों के साथ मस्ती करने निकले युवक जतिन बेदी ने चुटिया थाना क्षेत्र के पटेल चौक के पास रात 2:00 बजे अपनी इको स्पोर्ट्स कार से नौ लोगों को रौंद दिया. घटना में कैटरिंग के काम से जुड़े दो युवकों की मौत हो गयी है.जबकि, सात लोग घायल हो गये. घायलों को इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. ये सभी लोग काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे. पुलिस ने घटना के बाद दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर चालक युवक जतिन को गिरफ्तार कर लिया.

जतिन सुखदेवनगर थाना क्षेत्र का निवासी है. पुलिस ने मामले में सागर करमाली की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया. लेकिन उससे पहले उसके नशे में होने की जांच नहीं करायी और न ही वाहन के ब्रेक पेल होने की जांच करायी गयी. पुलिस की इस लापरवाही से आरोपी युवक को खड़े-खड़े जमानत मिल गयी.
क्या है मामला
मृतक अजय भोक्ता के भाई विजय भोक्ता ने बताया कि सभी लोग फिरायालाल बैंक्वेट हॉल से कैटरिंग का काम कर चुटिया कमरू टोली स्थित घर लौट रहे थे. जैसे ही सभी लोग पटेल चौक से थोड़ा आगे बढ़े, विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार कार ने सभी को धक्का मार दिया.
इसके पहले कार चालक ने स्कूटी खड़ी कर चाय पी रहे दो युवकों और बाइक सवार एक युवक को धक्का मारा था. घटना में बाइक और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गयी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया. घटना के बाद कार चालक तेज रफ्तार में भागने लगा.
लेकिन उसकी कार स्टेशन रोड में अचानक बंद हो गयी. इसी बीच घटना से आक्रोशित लोग पीछा करते हुए कार के पास पहुंचे. कार में सवार दो लोग वहां से भाग निकले. आक्रोशित लोगों ने पहले कार चालक के साथ मारपीट की. इसके बाद कार में तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर आग लगाने का प्रयास किया. पीड़ित पक्ष का कहना था कि कार चालक नशे में था.
आक्रोशित लोगों ने छात्र को पीटा, कार जलाने का प्रयास किया, आरोपी को पुलिस के सुपुर्द किया
पुलिस ने मेडिकल कराया, पर नशे की जांच नहीं करायी
किसी भी हादसे के बाद पुलिस सबसे पहले चालक के नशे में होने की जांच कराती है. लेकिन इस केस में कार चलानेवाले युवक जतिन बेदी के नशे में होने की जांच ही नहीं करायी गयी. हालांकि, कोर्ट में पेशी से पहले रांची सदर अस्पताल में उसके स्वास्थ्य की जांच जरूर करायी.
मामले में चुटिया थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने कहा कि जिस समय कार चलाने वाले को पकड़ा गया वह नशे में नहीं लगा, इसलिए उसकी जांच नहीं करायी. जबकि उसकी कार में जो दो लोग बैठे थे, उनके नशे में होने की बात सामने आयी है. पीड़ित पक्ष का आरोप था कि कार चालक भी नशे में था.
भागने के क्रम में चालक ने घायलों को कुछ दूर घसीटा
कार चला रहा जतिन घायलों को घसीटते हुए कुछ दूर तक ले गया था. इको स्पोर्टस कार (जेएच-01-सीवी 2919) जसपाल बेदी के नाम पर निबंधित है. इधर, आरोपी युवक ने बताया कि वह 60-70 की स्पीड में कार चला रहा था. उसने ब्रेक लगाया, पर नहीं लगा, इस वजह से धक्का लग गया.
घायलों को रिम्स भेजा गया : पुलिस ने घायल सात लोगों को गुुरुनानक अस्पताल भेजा. फिर उन्हें रिम्स भेजा. इनमें दो की मौत हो गयी. दो-तीन घायल कहां गये, इसकी जानकारी पुलिस को भी नहीं है.
पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
आमतौर पर एक्सीडेंट के केस में जमानतीय धारा लगती है. लेकिन नशे में वाहन चलाने की मनाही है. ऐसे में सवाल उठता है कि कहीं चालक को लाभ तो नहीं पहुंचाया गया. यह जांच का विषय है. वाहन का ब्रेक फेल था कि नहीं, इसकी जांच भी नहीं हुई. सिटी एसपी सौरभ ने कहा कि वाहन की जांच के लिए एमवीअाइ को लिखा जायेगा. इस संबंध में जतिन व उसके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की गयी, लेकिन संपर्क नहीं हो सका.
कौन है जतिन
आरोपी युवक जतिन बेंगलुरु के एलायंस यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा है. उसने गुरुनानक और डीएवी श्यामली से पढ़ाई की है. इसके दादा भगवान सिंह बेदी की रांची के अपर बाजार के कुंजलाल स्ट्रीट बाइलेन में एसके गारमेंट्स नामक कपड़े की थोक दुकान है. जतिन के पिता का नाम अमरजीत बेदी है.
ये हुए घायल
1. सोनू करमाली, निवासी गोला
2. रोशन कुमार महतो, निवासी गोला
3. सुमित करमाली, निवासी गोला
4. दिलीप करमाली, निवासी गोला
5. मनीष करमाली, निवासी चुटूपालू
6. प्रदीप करमाली, निवासी चुटूपालू
7. एक अन्य
इनकी हुई मौत
अजय भोक्ता निवासी: लाधो परोली गांव, सिकिदिरी
बादल करमाली, निवासी : दोहाकातू, चुटूपालू
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola