रांची में 108 एंबुलेंस कर्मचारियों का चरणबद्ध आंदोलन, 25 सितंबर को राज्यव्यापी हड़ताल
प्रतीकात्मक फोटो
झारखंड में 108 एंबुलेंस कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है. 28 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है.
रांची. 108 एंबुलेंस सेवा के जिला स्तर पर संचालन, वेतन भुगतान और कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर झारखंड प्रदेश एंबुलेंस कर्मचारी संघ ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है. बुधवार को भारतीय मजदूर संघ कार्यालय, धुर्वा में प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आंदोलन की रणनीति तय की गयी.
कई जिलों में अब तक शुरू नहीं हुई सेवा
संघ के अनुसार, एमडी, एनएचएम कार्यालय से सिविल सर्जनों को जिला स्तर पर 108 एंबुलेंस संचालन और वेतन भुगतान का निर्देश दिये जाने के बावजूद कई जिलों में सेवा शुरू नहीं हुई है. भारतीय मजदूर संघ के रांची जिला मंत्री सुबोध कुमार यादव ने कहा कि सरकार को आपातकालीन सेवा बाधित होने की स्थिति बनने से पहले कर्मचारियों की मांगों का समाधान करना चाहिए.
टेंडर रद्द करने समेत इन मांगों पर जोर
संघ ने मौजूदा टेंडर प्रक्रिया रद्द करने, जिला स्तर पर सेवा संचालन, हटाये गये कर्मचारियों की बहाली और श्रमिक अधिकार देने की मांग की है.
14 सितंबर से शुरू होगा आंदोलन
चरणबद्ध आंदोलन के दौरान 14 से 19 सितंबर तक कर्मचारी काला बिल्ला लगायेंगे. 19 सितंबर को कैंडल मार्च, 23 सितंबर को धरना और 25 सितंबर को राज्यव्यापी हड़ताल होगी. मांगें नहीं मानी गयीं तो 28 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गयी है.
बैठक में ये लोग रहे मौजूद
बैठक में संघ के प्रभारी रामाशंकर प्रसाद, मुकेश कुमार, अजय कुमार दांगी, रविकांत देव, निशा प्रभा सहित बड़ी संख्या में एंबुलेंस कर्मी और पूर्व कर्मचारी मौजूद रहे.
ये भी पढ़ें: रांची में बिना सूचना इंटरनेट सेवा काटने पर HC नाराज, अधिकारियों को लगाई फटकार
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए