Ramgarh से यूके के लिए रवाना हुई लगभग दो टन आम की खेप, किसानों को मिला अंतरराष्ट्रीय बाजार
आम लदे वाहन को रवाना करते डीसी ऋतुराज
Ramgarh: रामगढ़ के आम उत्पादकों के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है. यहां से करीब दो टन आम की खेप यूके निर्यात की गई है, जिससे किसानों को वैश्विक बाजार में अपनी उपज बेचने का अवसर मिला है और उनकी आय बढ़ने की उम्मीद है. पूरी रिपोर्ट नीचे पढ़ें…
रामगढ़ से भागीरथ महतो की रिपोर्ट
Ramgarh: जिला प्रशासन के प्रयासों से रामगढ़ के किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है. गुरुवार को उपायुक्त ऋतुराज ने समाहरणालय परिसर से लगभग दो टन आम की खेप को हरी झंडी दिखाकर यूनाइटेड किंगडम (यूके) के लिए रवाना किया. रवाना की गई आम की खेप जिले के पतरातू, दुलमी व मांडू प्रखंड के किसानों द्वारा उत्पादित की गई है. खेप को पहले कोलकाता भेजा जाएगा, जहां गुणवत्ता परीक्षण, प्रसंस्करण एवं निर्यात से जुड़ी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी. इसके बाद आम को यूके के बाजारों में भेजा जाएगा.
किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में अहम पहल
इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने तथा उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि जिले के किसानों द्वारा उत्पादित आम का अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचना किसानों की मेहनत का सम्मान है और रामगढ़ की कृषि क्षमता एवं गुणवत्ता का परिचायक भी है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिले के अन्य कृषि एवं बागवानी उत्पादों को भी वैश्विक बाजारों से जोड़ने के प्रयास किए जाएंगे.
गुणवत्तापूर्ण उत्पादन से मिली पहचान
उपायुक्त ने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीकों, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन, ग्रेडिंग, पैकेजिंग व विपणन सुविधाओं से किसानों को जोड़ने के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं. रामगढ़ के उत्पाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी. इस अवसर पर किसानों ने जिला प्रशासन के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग को पूरा करने का संकल्प लिया.
मौके पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रवींद्र कुमार गुप्ता, परियोजना पदाधिकारी अनुज राणा, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी मनरेगा विजय कुमार, कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी, जिला प्रशासन के पदाधिकारी तथा किसान प्रतिनिधि उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें…
प्रशासन के आदेश को ठेंगा, भारी वाहनों की आवाजाही से पतरातू में रोज लग रहा जाम
गुमला-सिमडेगा सीमा पर भीषण सड़क हादसा, तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए