रामगढ़ में खरीफ की रोपनी ने पकड़ी रफ्तार, 88.3% लक्ष्य पूरा; मक्का की बुआई 96% तक पहुंची
खेतों में धान की फसलें लगी हुईं : प्रभात खबर
रामगढ़ जिले में खरीफ फसलों की रोपनी ने ज़ोर पकड़ा है, कुल आच्छादन 88.3% तक पहुंच गया है. धान की रोपनी 88.3% और मक्का की बुआई 96% के लक्ष्य को पार कर गई है. जानिए अन्य फसलों का हाल.
रामगढ़ जिला से संजय शुक्ला की रिपोर्ट
आपके शहर में
रामगढ़ जिले में इस वर्ष खरीफ फसलों की रोपनी ने रफ्तार पकड़ ली है. कृषि विभाग के अनुसार जिले में धान समेत खरीफ फसलों का कुल आच्छादन 88.3 प्रतिशत तक पहुंच गया है. जिले में 50,920 हेक्टेयर भूमि पर खरीफ फसलों की रोपनी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके विरुद्ध अब तक 44,982 हेक्टेयर में फसलों की बुआई हो चुकी है। इसमें धान, मक्का, दलहन, तेलहन और मोटे अनाज शामिल हैं.
धान की रोपनी 88.3 प्रतिशत तक पहुंची
धान की रोपनी का लक्ष्य 35,000 हेक्टेयर निर्धारित है. इसके विरुद्ध अब तक 30,906 हेक्टेयर में रोपनी पूरी कर ली गयी है, जो लक्ष्य का 88.3 प्रतिशत है. इसमें हाइब्रिड धान का लक्ष्य 9,000 हेक्टेयर है, जिसके विरुद्ध 7,897 हेक्टेयर में रोपनी हुई है. यह 87.7 प्रतिशत है. उपजशील धान का लक्ष्य 17,000 हेक्टेयर के विरुद्ध 15,210 हेक्टेयर में रोपनी हुई है, जो 89.5 प्रतिशत है. वहीं उन्नत धान का लक्ष्य 9,000 हेक्टेयर के विरुद्ध 7,799 हेक्टेयर में रोपनी हुई है. इसका आच्छादन 86.7 प्रतिशत रहा.
मक्का की बुआई सबसे बेहतर
मक्का की रोपनी की स्थिति सबसे बेहतर है. जिले में 9,100 हेक्टेयर भूमि पर मक्का की रोपनी का लक्ष्य है. इसके विरुद्ध 8,736 हेक्टेयर में रोपनी हो चुकी है, जो 96 प्रतिशत है. हाइब्रिड मक्का का आच्छादन 96.2 प्रतिशत, उपजशील मक्का 96.4 प्रतिशत तथा उन्नत मक्का 95.2 प्रतिशत रहा.
दलहन की बुआई अभी पीछे
दलहन फसलों की स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है. 14,200 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 6,961 हेक्टेयर में ही रोपनी हुई है, जो 49 प्रतिशत है. इसमें अरहर का आच्छादन 60.7 प्रतिशत, उड़द 43.2 प्रतिशत और मूंग 46.8 प्रतिशत रहा. कुल्थी की बुआई शून्य रही, जबकि अन्य दलहन का आच्छादन 44.5 प्रतिशत दर्ज किया गया.
तेलहन में मूंगफली की बुआई 86.5 प्रतिशत
तेलहन फसलों में 1,550 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध 865 हेक्टेयर में बुआई हुई है, जो 55.8 प्रतिशत है. इसमें मूंगफली का आच्छादन 86.5 प्रतिशत रहा. वहीं तिल, सोयाबीन, सूर्यमुखी, सरगुजा और अंडी की बुआई शून्य दर्ज की गयी है.
मोटे अनाज का आच्छादन 38.8 प्रतिशत
मोटे अनाज में 1,070 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध 415 हेक्टेयर में आच्छादन हुआ है, जो 38.8 प्रतिशत है. इसमें मड़ुआ की बुआई 415 हेक्टेयर रही, जबकि ज्वार और बाजरा का आच्छादन शून्य रहा.
ये भी पढ़ें: मांडू के तीन स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति उपेक्षित, शिलापट्ट किनारे रखे जाने से परिजन नाराज
अगस्त की अच्छी बारिश से बढ़ी रोपनी की रफ्तार
अगस्त 2026 में जिले में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गयी है. रामगढ़ जिले में अगस्त माह में सामान्य वर्षा 320.2 मिलीमीटर के मुकाबले वास्तविक वर्षा 369.1 मिलीमीटर दर्ज की गयी. इस तरह जिले में सामान्य से 48.9 मिलीमीटर अधिक बारिश हुई. अच्छी बारिश का सीधा असर खरीफ फसलों की रोपनी पर पड़ा है. 31 अगस्त तक जिले में धान, मक्का, दलहन, तेलहन और मोटे अनाज का आच्छादन लक्ष्य के मुकाबले बेहतर स्थिति में पहुंचा है.
सामान्य से 48.9 मिमी अधिक बारिश से मिली गति : कृषि पदाधिकारी
जिला कृषि पदाधिकारी शुभांकर गुप्ता ने बताया कि अगस्त माह में सामान्य से अधिक बारिश होने के कारण खरीफ फसलों की बुआई को गति मिली है. अगस्त में सामान्य से 48.9 मिलीमीटर अधिक बारिश हुई है. इससे फसलों की रोपनी में काफी तेजी आयी है। जिले में खरीफ फसलों की लक्ष्य के विरुद्ध 88.3 प्रतिशत रोपनी हो चुकी है. उन्होंने बताया कि मूंगफली का आच्छादन 86.5 प्रतिशत है, जबकि मक्का के लिए निर्धारित 9,100 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध 96 प्रतिशत रोपनी पूरी हो चुकी है.
ये भी पढ़ें: रामगढ़ में औद्योगिक हादसों पर पूर्व विधायक शंकर चौधरी ने उठाये सवाल, जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए