रामगढ़ में अनोखा रक्षाबंधन, सफाईकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी और पत्रकार बने बहनों के ‘भाई’
फोटो फाइल 28आर-5- रक्षाबंधन पर सफाई कर्मी, स्वास्थ्य कर्मी और पत्रकारों को तिलक-आरती कर राखी बांधतीं दुर्गा वाहिनी की बहनें. | Prabhat Khabar Network
रक्षाबंधन पर दुर्गा वाहिनी रामगढ़ ने सफाईकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों और पत्रकारों को राखी बांधकर उनका सम्मान किया और उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
रामगढ़: विश्व हिंदू परिषद रामगढ़ दुर्गा वाहिनी की महिला शाखा ने रक्षाबंधन के अवसर पर समाज की सेवा में जुटे सफाईकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों और पत्रकारों को रक्षा सूत्र बांधकर सम्मानित किया. जिला संयोजिका अनामिका श्रीवास्तव के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में दुर्गा वाहिनी की बहनों ने सेवा योद्धाओं को तिलक लगाया, आरती उतारी और राखी बांधकर उनके सुख-समृद्धि एवं सुरक्षित जीवन की कामना की.
आपके शहर में
दुर्गा वाहिनी की बहनों ने कहा कि जब लोग त्योहार अपने परिवार के साथ मनाते हैं, उस समय सफाईकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी और पत्रकार अपने परिवार से दूर रहकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं. इसी भावना के साथ रक्षाबंधन के दिन उनकी कलाई सूनी न रहे, इसके लिए प्रत्येक वर्ष यह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है.
कार्यक्रम के दौरान गीता कुमारी, प्रियंका कुमारी, दिव्या वर्मा समेत अन्य बहनों ने सेवा क्षेत्र से जुड़े लोगों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके प्रति सम्मान एवं आभार प्रकट किया.
जिला संयोजिका अनामिका श्रीवास्तव ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं है, बल्कि सेवा और समर्पण करने वाले लोगों के प्रति सम्मान जताने का भी अवसर है. सफाईकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी और पत्रकार समाज के लिए लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं. उनकी कलाई पर राखी बांधना सम्मान और आभार का प्रतीक है.
उन्होंने कहा कि वर्षों पुरानी परंपराओं और संस्कारों को आनेवाली पीढ़ी तक मजबूती से पहुंचाना भी जरूरी है, ताकि नई पीढ़ी अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़ी रहे. संस्कार और सेवा भावना से ही समाज मजबूत होगा और देश के विकास की नींव और अधिक मजबूत होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए