अनोखा प्रेम: मुर्गी ने सेये मयूर के अंडे, अब कुजू के इस परिवार के हाथों से दाना चुगते हैं तीन मोर
मोर को हाथों से दाना चुगाती महिला| Prabhat Khabar Network
वीरू महतो के घर के आंगन में मयूरों का अनोखा बसेरा, परिवार के सदस्यों से घुल-मिल गए हैं. यह नज़ारा बना लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र.
कुजू से धनेश्वर प्रसाद और प्रदीप यादव की रिपोर्ट
कुजू (रामगढ़). छोटकी डूंडी गांव में वन समिति के अध्यक्ष वीरू महतो के घर का आंगन इन दिनों मयूरों की अठखेलियों से गुलजार है. घर के आंगन में मयूरों का बेझिझक घूमना और परिवार के सदस्यों के हाथों से दाना चुगना आसपास के लोगों के लिए कौतूहल और आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. वीरू महतो की बहुएं ललिता देवी, रीना कुमारी (पंसस) और रूपा कुमारी समेत परिवार के अन्य सदस्य इन मयूरों की देखभाल में विशेष रुचि लेते हैं.
मुर्गी ने सेये अंडे, तीन मयूर बड़े हुए
इस अनोखे रिश्ते की शुरुआत कुछ माह पूर्व हुई थी, जब वीरू महतो जंगल से मयूर के कुछ अंडे घर लेकर आए थे. घर में पल रही एक मुर्गी ने चार अंडों को सेया, जिनसे मयूर के बच्चे निकले. हालांकि इनमें से एक बच्चे की मौत हो गई, लेकिन तीन मयूर पूरी तरह सुरक्षित हैं और परिवार की देखरेख में अब काफी बड़े हो चुके हैं. मयूरों का परिवार के सदस्यों के साथ इतना सहज मेल-जोल हो गया है कि वे आंगन में पहुंचते ही उनके आसपास विचरण करने लगते हैं.
शाम को घर लौट आते हैं, नन्ही प्रिया से खास लगाव
दिनभर आंगन और आसपास विचरण करने के बाद शाम होते ही मयूर घर के भीतर अपने निर्धारित स्थान पर लौट आते हैं. परिवार के सदस्य इन्हें कीड़े-मकोड़ों के साथ करकरा आदि खाद्य सामग्री भी खाने को देते हैं. परिवार की नन्ही बच्ची प्रिया कुमारी का इनसे खास लगाव है; वह स्कूल से लौटने के बाद इनके साथ खेलती है और हाथों से खाना खिलाती है. मयूरों की अठखेलियां देखने गांव के लोग भी खिंचे चले आते हैं.
वन अधिकारियों ने की परिवार की तारीफ
कुछ माह पूर्व एक क्रिकेट टूर्नामेंट के समापन मैच में पहुंचे वन क्षेत्र पदाधिकारी बटेश्वर पासवान, वनरक्षी रोहित और नितेश मुंडा ने भी इन मयूरों को अपने हाथों पर बैठाकर देखा था. परिवार के सदस्यों द्वारा मयूरों के प्रति दिखाए गए इस अपनत्व और बेमिसाल देखभाल की वन अधिकारियों ने भी जमकर सराहना की थी.
ये भी पढ़ें: भुरकुंडा: नातिनी को अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर घर लौट रही थीं वृद्ध महिला, तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आने से मौत
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए