दुलमी में करम महोत्सव की धूम, ढोल-नगाड़ों पर झूमे लोग; जयराम महतो ने संस्कृति बचाने का दिया संदेश
लोगों को संबोधित करते जयराम महतो | Prabhat Khabar Network
दुलमी बाजारटांड़ में शुक्रवार को करम महोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें जेएलकेएम प्रमुख सह डुमरी विधायक जयराम महतो मुख्य अतिथि रहे. महोत्सव में ढोल-नगाड़ों के साथ झारखंडी गीत-नृत्य की प्रस्तुति हुई.
दुलमी. दुलमी बाजारटांड़ में शुक्रवार को करम महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेएलकेएम प्रमुख सह डुमरी विधायक जयराम महतो थे. दुलमी के कार्यकर्ताओं ने विधायक का फूल-माला व पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया. महोत्सव में दुलमी प्रखंड क्षेत्र के आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष शामिल हुए. कलाकारों ने ढोल-नगाड़े के साथ झारखंडी गीत व नृत्य की प्रस्तुति दी.
मौके पर विधायक जयराम महतो ने कहा कि करम महोत्सव प्रकृति और झारखंडी संस्कृति का प्रतीक है. करम पूजा में बहनें अपने भाई, पति और बच्चों की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं. उन्होंने कहा कि करम पूजा में जावा का भी विशेष महत्व है. उन्होंने लोगों से झारखंड के पर्व-त्योहारों और परंपराओं को आगे बढ़ाने की अपील की. कहा कि जहां भी रहें, अपनी संस्कृति और रीति-रिवाजों को नहीं भूलें.
विधायक ने युवाओं से नशे से दूर रहकर पढ़ाई-लिखाई पर ध्यान देने की अपील की. उन्होंने कहा कि आज के युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे हैं, जिससे उन्हें बचाना जरूरी है. उन्होंने कार्यकर्ताओं व लोगों को करम पूजा की बधाई दी. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष संजय महतो ने की. संचालन केंद्रीय उपाध्यक्ष संतोष टिडुआर ने किया. कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया. मौके पर पनेश्वर महतो, दीपक महतो, केदार चौधरी, बाल मुकुंद महतो, मुरारी प्रसाद, राहुल महतो, राम प्रसाद महतो, हरिनाथ महतो, एजाज अंसारी, लबेंद्र चौधरी, नीतीश कुमार व संतोष चौधरी सहित कई लोग मौजूद थे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए