राशन का अनाज कौन उठा रहा था? जांच में खुलासा, 195 अपात्र कार्ड रद्द; 7 दिनों में 281 और होंगे निरस्त
PDS दुकान | प्रभात खबर
डाड़ी प्रखंड में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत प्रशासन ने अपात्र लाभुकों पर कार्रवाई तेज कर दी है. पात्रता की जांच के बाद 195 राशनकार्ड रद्द किए जा चुके हैं, जिनमें सरकारी नौकरीपेशा, आयकरदाता और वाहन मालिक शामिल हैं. अगले सात दिनों में 281 और कार्ड निरस्त होने की संभावना है.
गिद्दी. राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत अपात्र लाभुकों के खिलाफ डाड़ी प्रखंड प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. पात्रता की जांच और सत्यापन के बाद 195 राशनकार्ड रद्द किये जा चुके हैं. इनमें सरकारी नौकरी करने वालों से लेकर आयकरदाता, जीएसटी पंजीकृत व्यक्ति, चारपहिया वाहन रखने वाले और लंबे समय से राशन का उठाव नहीं करने वाले लाभुक शामिल है.
आपके शहर में
किस-किसके राशन कार्ड हुए रद्द?
प्रशासन की जांच में रद्द किये गये राशनकार्ड में दो सरकारी नौकरी करने वाले, 163 आयकरदाता, 14 जीएसटी पंजीकृत, चार चारपहिया वाहन रखने वाले, 11 लंबे समय से अनाज का उठाव नहीं करने वाले तथा एक डुप्लीकेट राशनकार्ड शामिल है. जांच में अपात्र पाये जाने के बाद इन कार्डों को रद्द किया गया है.
सात दिनों में 281 और कार्ड होंगे निरस्त
प्रखंड प्रशासन की ओर से राशनकार्डों की सत्यापन की प्रक्रिया लगातार जारी है. अधिकारियों के अनुसार अगले सात दिनों में 281 और अपात्र राशनकार्ड रद्द किये जायेंगे. मालूम हो कि एक-दो माह पहले 250 राशनकार्ड निरस्त किये गये हैं. इस लिहाज से अब तक 400 से अधिक राशनकार्ड रद्द किये जा चुके है.
पात्र लाभुकों तक पहुंचाना है योजना का लाभ
प्रशासन का कहना है कि राशनकार्ड की पात्रता का सत्यापन विभिन्न स्तरों पर उपलब्ध आंकड़ो व दस्तावेजों के आधार पर किया जा रहा है. इसका उद्देश्य योजना का लाभ वास्तविक और पात्र लाभुकों तक पहुंचाना तथा अपात्र लोगों के नाम पर सरकारी खाद्यान्न के उठाव पर रोक लगाना है.
लंबे समय से राशन नहीं उठाने वालों पर भी कार्रवाई
जांच के दौरान ऐसे राशन कार्डधारी को चिन्हित किया गया है, जो लंबे समय से सरकारी अनाज का उठाव नहीं कर रहे हैं, ऐसे कार्डों का सत्यापन कर पात्रता के अनुसार कार्रवाई की जा रही है.
57 डुप्लीकेट राशन कार्ड भी चिन्हित
वहीं डाड़ी प्रखंड में 57 डुप्लीकेट राशनकार्ड चिन्हित किये गये हैं. ये कार्डधारी दो जगहों पर अनाज का उठाव कर रहे हैं. इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है.
कार्रवाई से राशन कार्डधारियों में हड़कंप
प्रखंड प्रशासन की कार्रवाई के बाद राशन कार्डधारियों में हड़कंप है. प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि सत्यापन अभियान जारी है और जांच में अपात्र पाये जाने वाले अन्य राशनकार्ड भी निरस्त किये जायेंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए